तू मेरा हीरो नंबर ज़ीरो
सपना कामयाबी का
सिद्धार्थ और बसंत जैसे ही प्रिंसिपल ऑफिस से जाने के लिए पीछे मुड़े तो उन्हें बाहर एक लड़की खड़ी दिखाई दी जो उन्हें ही देख रही है। शायद वो लड़की दरवाज़े पर काफी देर से खड़ी थी। उसने सिद्धार्थ की तरफ हैरानी के साथ देखा, मगर उसकी उन आंखों में सिद्धार्थ के लिए एक हमदर्दी भी है। सिद्धार्थ उस लड़की को जानता है। वह लड़की कोई और नहीं बल्कि आशी मेहता है। वह पहले एक दूसरी क्लास के मॉनिटर हुआ करती थी। वह दिखने में सुंदर, सबसे अच्छी तरह से बात करने वाली, पढ़ाई में अच्छी और बेहद समझदार है। उसकी खूबसूरती को देखकर तो सिद्धार्थ का बस चलता तो वो उसे मिस इंडिया का टाइटल दे देता। तभी बसंत सिद्धार्थ से बोले, “तू बाहर जा, मैं अभी आया।”
इतना सुनते ही सिद्धार्थ ने अपने प्रिंसिपल मिस्टर वर्मा की तरफ देखा और फिर अपना सिर झुकाए प्रिंसिपल ऑफिस से बाहर आ गया। वहीं आशी को सिद्धार्थ के लिए बेहद बुरा लग रहा है। वो सोच भी नहीं सकती कि इस वक्त सिद्धार्थ किस दौर से गुज़र रहा होगा। तभी आशी सिद्धार्थ को हेलो करते हुए कहती है, “सिड, तुम ठीक तो हो ना… मैं एक दिन स्कूल नहीं आई और तुमने ये सब कर दिया।…क्यों सिड, तुमने ऐसा क्यों किया…मैं तुम्हें बचपन से जानती हूं, तुम बहुत समझदार हो लेकिन मुझे पता नहीं क्यों तुम ध्यान नहीं लगाते…पर तुम परेशान मत हो, थोड़ी मेहनत करोगे तो मुझे लगता है कि तुम ये एक्ज़ाम पास कर लोगे। लेकिन इससे पहले तुम्हें बोर्ड एग्ज़ाम्स के बारे में भी कुछ न कुछ तो करना ही होगा। अगर तुम्हारे बोर्ड एक्ज़ाम में कम मार्क्स आए तो तुम्हें कोई कॉलेज अपने एंट्रेंस एग्ज़ाम में नहीं बैठने देगा।”
लेकिन ये सुनते ही सिद्धार्थ बस हां में अपना सिर हिला देता है। इस वक़्त वो ज़्यादा कुछ बोलने की हालत में नहीं है। तभी ऑफिस के अंदर से मिस्टर वर्मा के चिल्लाने की आवाज़ आती है, “निकल जाओ यहां से, मैं तुम्हारे उस नालायक बेटे को अपने स्कूल में वापिस नहीं लूंगा। मुझे अपने स्कूल का नाम नहीं खराब करना ऐसे स्टूडेंट्स को रखकर।”
बसंत अपनी गिड़गिड़ाती हुई आवाज़ में बोल रहा है, “ऐसा ना कीजिए सर”
“अब इस सबका कोई फायदा नहीं, निकलो यहां से अभी के अभी”
कुछ देर बाद तभी बसंत मिस्टर वर्मा के ऑफ़िस से बाहर निकले। उनके बाहर आते ही आशी और सिद्धार्थ ने देखा कि वो गमछे से अपने आँसू पोंछ रहे हैं। उन्हें देखते ही आशी ने तुरंत अपने हाथ जोड़कर कहा, “नमस्ते अंकल…”
आशी को वहाँ पर देखकर बसंत ने तुरंत अपने आँसू साफ़ किए और कहा, “नमस्ते बेटा! कैसी हो आप?”
“मैं ठीक हूं अंकल, लेकिन आप कैसे हैं? क्या कुछ बात हुई है?” आशी ने उनके चेहरे पर चिंता देखते हुए पूछा। “अरे कुछ नहीं बेटा। वो..” उन्होंने सिद्धार्थ की तरफ़ देखा और कहा, “इस लड़के ने मेरा जीना मुश्किल किया हुआ है। अब इसे तुम्हारे प्रिन्सिपल साहब ने निकाल दिया है और वो मेरी कोई भी बात सुनने को तैयार नहीं हैं।”
बसंत को इस तरह से देखकर आशी को बेहद बुरा लगा और उसने तुरंत कहा, “अंकल, आप कहें तो क्या मैं अपने पापा से बात करूँ?”
“नहीं नहीं बेटा। इस नालायक के लिए क्या परेशान होना। मैं देखता हूँ कुछ। कुछ ना कुछ तो करना ही पड़ेगा।” इसके बाद उन्होंने सिद्धार्थ की तरफ़ देखा और ग़ुस्से में कहा, “अब यहाँ खड़ा खड़ा मेरा मुँह क्या देख रहा है! चल यहाँ से!”
बसंत के इतना कहते ही सिद्धार्थ चुपचाप उनके पीछे पीछे वहां से चला गया। तभी उसने अचानक से रुककर देखा कि उसके पिता की आँखों में आँसू हैं। उसने तुरंत उनका हाथ पकड़ते हुए कहा, “पापा, मैं अब आपको और परेशान नहीं करूँगा। मैं आपका नाम रौशन करके ही दिखाऊँगा।”
ये सुनते ही बसंत ने देखा कि सिद्धार्थ की आँखों में सच्चाई है। उन्होंने प्यार से उसके सर पर हाथ रखा और सिद्धार्थ ने आगे कहा, “मैं अब कड़ी मेहनत करूँगा।”
*
कुछ देर बाद…
बसंत और सिद्धार्थ ज्योति विद्या पब्लिक स्कूल पहुँच गए। वैसे तो उन दोनों को ही पता था कि ज्योति विद्या पब्लिक स्कूल एक सरकारी स्कूल है मगर यहां की हालत सच में काफी खराब है। यहां दीवारों पर से पेंट उतरा हुआ है और क्लासरूम काफी गंदे हैं। यहां तक की बच्चों को देखने वाला भी कोई नहीं है। यहां से वहां लड़के हुड़दंग मचाते हुए घूम रहे हैं। लेकिन बसंत और सिद्धार्थ के पास और कोई रास्ता नहीं होता। उनके हाथ उनकी बेबसी और लाचारी से बंधे हुए हैं। बसंत प्रिंसिपल ऑफिस में अंदर गए और उन्होंने जाकर उस स्कूल के प्रिंसिपल वीरेन्द्र सिन्हा से कहा, "नमस्ते सर, मैं यहां अपने बेटे के एडमिशन के सिलसिले में आया हूं।"
वीरेंद्र ने आराम से उनके बेटे की फाइल्स उठाकर टेबल पर रखी और कहा, "मुझे माफ कर दीजिए। लेकिन अब मैं कुछ नहीं कर सकता। अब सेशन खत्म होने में सिर्फ 6 महीने बाकी हैं और अब कोई एडमिशन नहीं होगा।"
उनकी बात सुनकर बसंत ने चुपचाप अपनी जेब से एक नोटों की गड्डी निकाली और उनके टेबल पर रख दी। वीरेंद्र ने एक नज़र उन पैसों की तरफ देखा और कहा, "तो मतलब तुम मुझे रिश्वत देने की कोशिश कर रहे हो?"
"नहीं नहीं साहब! ये तो बस स्कूल के विकास के लिए है। बस मैं यही चाहता हूं कि मेरा बेटा और ये स्कूल एक साथ तरक्की करे।"
ये सुनते ही वीरेंद्र उन पैसों की गड्डी को उठाकर अच्छे से देखने लगे। वहीं बसंत के मन में यही डर है कि पता नहीं वो सिद्धार्थ के एडमिशन के लिए मानेंगे या नहीं। वीरेंद्र सिन्हा ने सिद्धार्थ के सारे रिकॉर्ड देखें और फिर कुछ सोचकर अचानक उन्होंने चुपचाप वो पैसों की गड्डी को दराज में रखते हुए कहा, "ठीक है, तुम्हारी नेकी की वजह से हम तुम्हारे बेटे को अपने स्कूल में एडमिशन दे रहे हैं। लेकिन तुम्हारा बेटा है कहां?"
वहीं प्रिसिपल ऑफिस के बाहर सिद्धार्थ सीढ़ियों पर बैठा स्कूल का माहौल देख रहा है। उस स्कूल की पीली दीवारें जिन पर से जगह जगह से पपड़ी गिर रही है, बच्चे इधर से उधर अपनी कॉलर चढ़ाए शोर मचाते घूम रहे हैं। कुछ टीचर जिनकी तोंद निकली हुई है वो भी अपनी ही बातों मस्त टहल रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे किसी को स्कूल के डिसिप्लिन से कोई फर्क नहीं पड़ता। उस माहौल के देखकर सिद्धार्थ को बस अपनी मजबूरी पर रोना आ रहा होता है।
*
कुछ देर बाद,
प्रिंसिपल वीरेन्द्र सिद्धार्थ को लेकर क्लासरूम की तरफ आते हैं। जब वह दोनों क्लास में पहुंचे तो वहां पर काफी हंगामा मचा होता है। आधे बच्चे अपनी पढ़ाई की किताबें पढ़ने की जगह कॉमिक बुक्स पढ़ रहे हैं और गेम खेल रहे हैं। तो बाकी के बच्चे आराम से डेस्क पर घोड़े बेचकर सो रहे हैं। सिर्फ इतना ही नहीं क्लास की आधी से ज़्यादा सीट खाली पड़ी हैं क्योंकि क्लास के काफी बच्चे स्कूल अटेंड करने आए ही नहीं हैं। इन सारी चीज़ों के बावजूद टीचर पर कोई असर नहीं पड़ रहा। वो तो बस उस ब्लैकबोर्ड पर चॉक से कुछ लिखने में लगे हुए हैं। ऐसा लग रहा है जैसे उनके लिए यह सब कुछ रोज़ाना की बात हो चुकी है। क्लास की ये हालत देखकर वीरेंद्र का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने सबको डाँटकर चुप कराते हुए कहा, "ए…सारे के सारे कीप ‘साइलेंस’। ये सब क्या हो रहा है? ये क्लास है या सब्ज़ी मंडी? चुपचाप से जाकर अपनी अपनी सीट पर बैठों, नहीं तो सबको क्लास से बाहर निकाल दूंगा!"
तभी पीछे के बेंचेस से एक आवाज़ आई, “ठीक है सर, बाहर कर दीजिए।”
ये सुनकर प्रिंसिपल वीरेन्द्र बोले, “ज़्यादा होशियारी नहीं। जहां तुम अभी हो ना, हम वहां के प्रिंसिपल रह चुके हैं समझे…और अगर ज़्यादा बोले तो तुम जैसों को ‘चीट’ करना मुझे आता है।”
तभी क्लास के ब्लैक बोर्ड के सामने खड़े टीचर ने धीरे से कहा, “सर, ‘चीट’ नहीं टीच…”
इस पर प्रिंसिपल बोला, “हां हां टीच….तुम भी ना गुप्ता, थोड़ा ध्यान दो इन निकम्मों पर।”
फिर इससे पहले की वो टीचर कुछ कह पाता वीरेन्द्र ने अपना चश्मा ठीक करते हुए कहा, "खैर! आज मैं यहां एक नए स्टूडेंट को लेकर आया हूं। इनका नाम है सिद्धार्थ कुमार और आज से ये सब आपकी ही क्लास में पढ़ेंगे।”
फिर उन्होंने सिद्धार्थ की तरफ देखकर कहा, “जाओ बेटा, जाकर बैठ जाओ। और गुप्ता जी, आप मेरे साथ आइए ज़रा बाहर।"
और इतना कहकर प्रिंसिपल वीरेन्द्र और मिस्टर गुप्ता वहां से चले जाते हैं। सिद्धार्थ के अचानक मिड टर्म में आ जाने से सभी उसे घूर घूरकर देखने लगते हैं। लेकिन उन्हें क्या पता कि ये स्कूल सिद्धार्थ के लिए कॉलेज एंट्रैस एग्ज़ाम में बैठने का ज़रिया है। इस स्कूल के मुकाबले दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस ज़्यादा बेहतर था। यहां पर कोई चोरी छुपे अपने फोन में गेम खेल रहा है तो कोई ग्रुप बनाकर बातें कर रहा है। तभी सिद्धार्थ ने एक नज़र अपनी पूरी क्लास पर घुमाई और उसके बाद वापस पढ़ने के लिए बैठ गया। सिद्धार्थ के पास बर्बाद करने के लिए बिल्कुल वक्त नहीं होता क्योंकि वह अपने मां-बाप को एक बार फिर निराश नहीं कर सकता।
*
अभी सिद्धार्थ को बैठे ज़्यादा टाइम नहीं हुआ होता कि तभी अचानक से दो तीन लड़के वहां पर आकर बैठ जाते हैं। उन लड़कों की शर्ट के कॉलर खड़े हैं और उन्होंने अपनी टाई काफी ढ़ीली की हुई है। उनके शर्ट उनके पेंट से बाहर है और उन्हें देखकर साफ पता चल रहा है कि वह कहीं से भी पढ़ने लिखने वाले शांत बच्चे नहीं है।
"अबे, तुझे पढ़ने के अलावा कुछ और सूझता नहीं है क्या? मैं कब से देख रहा हूं कि जब से तू आया है तब से यह किताब में ही मुंह छुपा कर बैठा है। इसमें किसी लड़की की फोटो वगैरह है क्या?” सिद्धार्थ को देखकर एक लड़के ने हंसते हुए कहा।
"अरे तू कोई पढ़ाकू बच्चा तो नहीं है? जिसे देखकर टीचर हमें भी पढ़ने बिठा दें? अबे यारररर…! इसकी वजह से तो हमें टेस्ट देने पड़ेंगे!" दूसरे लड़के ने अपने माथे पर हाथ रखते हुए कहा।
"भाई देख! मेरी बात सुन, ये पढ़ना वढ़ना छोड़ दे! मेरे पास एक बहुत अच्छा गेम है वो दिखाता हूं तुझे चल!" इतना कहकर वो लड़का तुरंत खड़ा हो गया और उम्मीद करने लगा कि सिद्धार्थ भी उसके पीछे पीछे आ जायेगा। लेकिन तभी एक लड़के ने बीच में आते हुए कहा, "ये तुम लोग यहां पर क्या कर रहे हो? अभी बताऊं मैं सर को?"
टीचर की धमकी मिलते ही वो बच्चे आपस में फुसफुसाते हुए बोले, "लो आ गया सर का चमचा!"
फिर तुरंत हंसते हुए उस लड़के से कहा, "अरे अभिषेक, तू परेशान क्यों हो रहा है यार? हम तो बस इससे ऐसे ही बात करने की कोशिश कर रहे थे। हम जा ही रहे हैं बस।"
इतना सुनते ही वो सब वहां से रफूचक्कर हो गए। सिद्धार्थ ने उस लड़के की तरफ देखा जो दिखने में दुबला पतला है और उसने चश्मे पहने हुए हैं, उससे कहा, "थैंक यू!"
"अरे ऐसी कोई बात नहीं है। ये लोग हैं ही ऐसे। हर किसी को परेशान करते रहते हैं। इसलिए मुझे इनके सामने टीचर की धमकी देनी पड़ती है। तुम्हारा नाम सिद्धार्थ है ना?” वो लड़का मुस्कुराते हुए सिद्धार्थ से बोला।
"हां…"
ये सुन उस लड़के ने तुरंत अपना हाथ आगे बढ़ाते हुए कहा, "मेरा नाम अभिषेक है। अगर तुम्हें किसी तरह की मदद चाहिए हो या कोई काम हो तो तुम मुझे बता सकते हो।"
ये सुनते ही सिद्धार्थ अपना सिर हाँ में हिला देता है। तभी मिस्टर गुप्ता क्लास में आते हैं और सभी को चुप करा देते हैं। फिर वो सिद्धार्थ से पूछते हैं, ‘तो जनाब, इससे पहले कौन से स्कूल में थे?”
सिद्धार्थ जवाब देता है, “दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में सर।”
लेकिन पता नहीं क्यों सिद्धार्थ का जवाब सुनकर सारे बच्चे एक साथ ज़ोर से हँस पड़ते हैं। तभी उनके टीचर गुप्ता सभी को चुप कराते हुए कहते हैं, “चुप हो जाओ…..हां, तो तुमने मिड टर्म में अपना स्कूल क्यों छोड़ा?"
ये सवाल सुनते ही सारे स्टूडेंट्स सिद्धार्थ की तरफ देखने लगते हैं। सिद्धार्थ ने जवाब दिया, "वो सर, क्योंकि मुझे पढ़ाई और वक्त की अहमियत का एहसास नहीं था। इसलिए मैं इस बार अपनी कोशिश में किसी तरह की कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता।"
लेकिन फिर से सिद्धार्थ की बात सुनते ही पूरी क्लास में हँसी का ठहाका गूँज जाता है। तभी अचानक से स्कूल की घंटी बज जाती है और सारे बच्चे क्लासरूम्स से बाहर भागने लगते हैं। सिद्धार्थ भी अपना बैग उठाकर बाहर की तरफ चल देता है।
*
आज बेहद गर्मी है और सूरज अपनी आग बरसा रहा है। स्कूल के काफी सारे बच्चे गर्मी की वजह से शिकायत कर रहे हैं तो कुछ स्कूल से निकलते ही एक दूसरे पर पानी फेंक रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ सिद्धार्थ किसी अजीब सी उधेड़ बुन में लगा हुआ है। इत्तेफाक से दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के बच्चे भी उसी वक्त पर अपने स्कूल से बाहर निकल रहे होते हैं। यह सब देखने में ही बड़ा अजीब लग रहा है। सड़क के दोनों किनारों पर एक ही शहर की दो अलग अलग सूरतें देखने को मिल रही हैं। जैसे ही सिद्धार्थ स्कूल से बाहर निकलने लगा, तभी कुछ लड़कों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। बंटी ने कहा, “दोस्तों वो देखो, ये महाराजा कॉन्वेटं से पढ़कर आए हैं….ज़रा इनका रुतबा तो देखो…”
तभी एक लड़का सिद्धार्थ को धक्का दे देता है जिससे सिद्धार्थ गिरते गिरते बचता है। ये देख रॉकी बोलता है, “अरे भाई, महाराजा साहब तो लड़खड़ा गए। लगता है अभी इन्होंने ठीक चलना भी नहीं सीखा”
इतना कहकर वो लड़के हँसने लगते हैं, तभी सिद्धार्थ रॉकी की कॉलर जाकर पकड़ लेता है और अपनी सख्त आवाज़ में उससे कहता है, “मुझे तुम लोगों की इन बातों से कुछ फर्क नहीं पड़ेगा…समझे, मुझे अपने मां पापा का नाम रौशन करना है, यूनिवर्सिटी में एडमिशनल लेना है। तुम्हारे जैसे आवारागर्दी करने का मुझे कोई शौक नहीं है समझा।”
ये सुनकर रॉकी गु्स्से में सिद्धार्थ के हाथों से अपना कॉलर छुड़ाते हुए गुस्से में बोला, “बेटा अपनी ये हीरोगर्दी कहीं और दिखाइओ। और रही बात नाम रौशन करने की, तो यूनिवर्सिटी तो तू तब जाएगा ना, जब तू यहां से जा पाएगा…”
लेकिन सिद्धार्थ रॉकी की आँखों में घूरकर देखता है, वहीं रॉकी भी सिद्धार्थ को घूर रहा होता है। तभी सिद्धार्थ रॉकी का कॉलर छोड़ते हुए बोला, “यूनिवर्सिटी तो मैं जाकर दिखाऊंगा…तुम बस आइंदा अपने काम से काम रखना समझे। वरना….”
और इतना कहकर सिद्धार्थ अपना बैग उठाता है और वहां से चला जाता है। तभी बंटी रॉकी से अपनी हंसी छिपाते हुए पूछता है, “भाई, तुम ठीक तो हो ना…”
पर रॉकी गुस्से में सिद्धार्थ को वहां से जाते हुए देखकर कहता है, “इसका तो गेम बजाना पड़ेगा लगता है। इसने मुझसे लिया है पंगा, तो अब होगा दंगा।”