Chapter 3 / 533

Tu Mera Hero Number Zero | तू मेरा हीरो नंबर ज़ीरो|Author - Deepanshi Sharma

Chapter 3

Tu Mera Hero Number Zero | तू मेरा हीरो नंबर ज़ीरो|Author - Deepanshi Sharma ·Deepanshi

तू मेरा हीरो नंबर ज़ीरो

बेबसी

अगले दिन…

सिद्धार्थ सुबह सोकर उठा और उठकर ऊंघते हुए वॉशरूम की तरफ जाने लगा। फिर कुछ देर बाद सिद्धार्थ जैसे ही मुँह धोकर वॉशरूम से बाहर आया और उसने अपना चश्मा लगाया तो उसे सब कुछ धुंधला धुंधला सा दिखने लगा। सिद्धार्थ ने अपना चश्मा उतारा और उसे साफ करने लगा लेकिन तभी उसे एहसास हुआ कि उसे सब साफ दिख रहा है, इसलिए चश्मा साफ करते हुए उसके हाथ रुक गए। फिर सिद्धार्थ ने फ़ौरन आईने में जाकर अपना चेहरा देखा तो उसे अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ। उसे एकदम साफ साफ दिखाई दे रहा है। तभी सिद्धार्थ ने एक बार अपना चश्मा वापिस लगाकर देखा तो फिर से सब धुंधला सा दिखने लगा, उसने तुरंत आँखों से अपना चश्मा हटाकर कर देखा तो उसे साफ दिखने लगा। ये देखकर सिद्धार्थ थोड़ा कन्फ्यूज़ हो जाता है, "य…ये मुझे अचानक से बिना चश्में के सब साफ साफ कैसे दिखने लग गया?"

सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि जैसे ही सिद्धार्थ ने नहाकर कपड़े पहने तो वो उन्हें पहन ही नहीं पा रहा होता। उसके सारे कपड़े टाइट हो चुके है, "अरे..ये सब..क्या हो रहा है?" उसने जैसे ही अपनी शर्ट पहनी तो वो शर्ट भी उसकी मसल पर आते आते फट गई। ये देखकर सिद्धार्थ की आँखें खुली की खुली रह गई।

"ये अचानक से मैं सलमान खान कैसे बन गया…" उसने खुद से ही बुदबुदाते हुए कहा। सिद्धार्थ के साथ हुई कल की घटना के बाद से वो पूरी तरह से बदल चुका है और एक नया इंसान बन चुका है। अपने शरीर की मज़बूती देखकर उसके चेहरे पर एक छोटी सी मुस्कान आ गई और उसकी आंखों में एक चमक। सिद्धार्थ बाहर जाकर अपनी मां और बहन को ये सब बताना चाहता है लेकिन अपने पिता के डर से वो अपने कमरे से बाहर नहीं निकलता। इसलिए वह अपने डेस्क पर बैठकर किताब खोलकर पढ़ने लगा। एक घंटा बीतने के बाद उसने अपनी किताब नीचे रखी। उसके बाद उसने अपनी आंखें बंद कर ली और एक गहरी सांस ली ताकि वह अपने दिल की धड़कनों को शांत कर सके। सिद्धार्थ सोचने लगता है कि उसके साथ ये जो कुछ भी हो रहा है, ये किसी भी इंसान के लिए किसी सपने से कम नहीं है। उसकी बॉडी किसी भी मामूली इंसान से कहीं बेहतर हो चुकी है मगर सिद्धार्थ को सबसे अच्छी बात यह लगी कि उसका दिमाग भी पहले से कहीं ज़्यादा शार्प हो रहा है। उसे अभी कुछ देर पहले पढ़ी हुए सारी चीज़ें एक बार में याद हो गई हैं। सिद्धार्थ खुद को इस सब की कोई सफाई नहीं दे पा रहा होता और वह किसी को बता भी नहीं सकता कि आज वह कितना ज़्यादा खुश है। तभी अपने एक्साइटिड हाथों से उसने अपना पुराना गिटार पकड़ा और एक गाना बजाना शुरू कर दिया। सिद्धार्थ को अपने कानों पर यकीन नहीं हो रहा कि वह सच में इतने अच्छे से कुछ बजा सकता है। यहां तक कि वह बड़े-बड़े आर्टिस्ट से भी कहीं ज़्यादा बेहतर तरीके से वह गाना बजा पा रहा है। यह सब कुछ उसके लिए बेहद नया है। एक तरफ वह काफी ज़्यादा डरा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ वह काफी खुश भी है। अपने इस नए सुपर ब्रेन के साथ वह किसी भी चीज़ को बेहद आसानी से और बेहद कम समय में याद कर सकता है। इन सारी चीज़ों को समझने में उसे थोड़ा वक्त लग रहा है। सिद्धार्थ अपनी किताब में पूरी तरह से तल्लीन ही होता है कि तभी अचानक से उसके कमरे का दरवाज़ा थोड़ा सा खुला और उसकी बहन अंदर आई, "ओए! सिड! क्या कर रहा है?" श्वेता अपने हाथ में एक सेब लिए अंदर आई और आराम से बैठकर सेब खाते हुए पूछा। उसे देखते ही सिद्धार्थ ने अपने माथे पर हाथ रख लिया और कहा, "अरे तू फिर से मेरा दिमाग खाने आ गई? जा बाहर जाकर अपना सेब खा!"

"मैं तो यहीं बैठी रहूंगी। तुझे जो करना है कर ले!" इतना कहकर वो आराम से पांवपसार कर वहीं बैठ गई। श्वेता सिद्धार्थ से दो साल छोटी है लेकिन उसके नखरे बिल्कुल बड़ों जैसे हैं। वो घर में सबके ऊपर अपना हुकुम चलाती है और सबको उसकी बात माननी पड़ती है।

"तुझे कुछ काम है?" सिद्धार्थ ने उसे जल्दी से वहां से भगाने के लिए पूछा।

"मुझे कोई काम नही है।" तभी उसकी नज़र सिद्धार्थ की किताबों पर पड़ी और उसने सिद्धार्थ को घूरते हुए पूछा, "अब तू पढ़ने भी लगा है? तुझे क्या लगता है तेरा कॉलेज में एडमिशन हो जायेगा या नहीं?"

"ये तो मुझे भी नहीं पता लेकिन मैं इस बार अपनी पूरी कोशिश करना चाहता हूं।"

"अच्छा…चल इतना मत सोच। मुझे लगता है तेरा एडमिशन हो जायेगा।"

अपनी बहन की बात सुनकर सिद्धार्थ ने हंसते हुए पूछा, "हाहाहा…अच्छा! और तुझे कैसे पता कि मेरा एडमिशन हो ही जायेगा?"

"इतना भी नालायक नहीं है तू! बाकी कुछ असर तो मुझ जैसे जीनियस का भी पड़ा ही होगा ना तुझ पे!" इतना कहकर श्वेता ने अपना सिर थोड़ा ऊपर उठा लिया जैसे वो कहीं की राजकुमारी हो।

"हां, अभी बताऊं पापा को कि अपना होमवर्क छोड़कर यहां पर क्या बकवास कर रही है तू?..रुक, पापा…!" उसे डराने के लिए सिद्धार्थ ने धीरे से पुकारा लेकिन तभी श्वेता ने उठते हुए कहा, "हां हां ठीक है! नहीं बोल रही कुछ। नाराज़ क्यों हो रहा है?"

तभी अचानक से श्वेता की नज़र सिद्धार्थ के चेहरे और उसकी बॉडी पर पड़ी। वह कुछ देर तक अपने भाई की तरफ देखती रही और फिर उसने पूछा, "sid? तुझे कुछ हुआ है क्या? आज तू कुछ अजीब सा लग रहा है.."

ये सुनकर सिद्धार्थ थोड़ा हिचकिचा गया और उसने पूछा, "अजीब सा मतलब? मैं अजीब कैसे लग रहा हूं?"

"मुझे नहीं पता।" ,फिर श्वेता ने कुछ सोचते हुए जवाब दिया, "अम्म्म,, पता नहीं। लेकिन हां कुछ तो अजीब ज़रूर है।"

इतना कहकर श्वेता उसके कमरे से चली जाती है। श्वेता अपने भाई को यह नहीं बता सकती कि अचानक से उसे सिद्धार्थ पहले से काफी ज़्यादा हैंडसम लग रहा है और उसकी आंखों में एक चमक है जो श्वेता ने आज से पहले कभी नहीं देखी। यहां तक कि वह कुछ इंच लंबा भी लग रहा है। लेकिन इन सब की वजह क्या है?

*

कुछ देर बाद, सिद्धार्थ के पिता बसंत घर लौटे और सीधा अपने कमरे में जाकर अलमारी खोलने लगे। जैसे ही उन्होंने अंदर का लॉकर खोला तो तभी सुनीता अंदर आ गई और उन्होंने अपने पति से पूछा, “अरे गुड़िया के बापू, ई सब का करत हो?” उन्हें समझ में नहीं आ रहा कि अचानक से बसंत लॉकर खोलकर क्या कर रहे हैं। उन्होंने पीछे मुड़कर देखा और अपनी बीवी से कहा, ”हमका ई सब रुपिया निकाले का पड़ी गुड़िया की मां। अगर हम ई रुपिया नहीं निकाले तो हमार बिटवा किसी सकूल में नहीं पढ़ पाएगा, उसकी जिन्दगी ख़राब हो जाए।”

बसंत की बात सुनकर सुनीता काफ़ी परेशान हो गई। उन्होंने तुरंत बसंत के क़रीब जाकर उनसे पूछा,“पर गुड़िया…ऊ का होई? हमने पाई पाई करके ऊ की शादी के लिए पैसा जोड़ने शुरू किए हैं। अगर हम अभी ई पैसा निकाल लेब तो ऊ के लिए का बची?“

अपनी बीवी की बात सुनकर बसंत कुछ देर के लिए सोच में पड़ गए। अपनी बेटी का चेहरा अपनी आँखों के सामने आते ही उनकी आंखें भर आयी, मगर उन्होंने जवाब दिया, “लेकिन गुड़िया का माँ, हमका कछु ना कछु तो करना ही होगा। हम आपन बिटवा को ई तरह बर्बाद नहीं होने दे सकत। लेकिन तू गुड़िया की फिकर ना कर। अरे हम ऊ का बाप हूँ बाप! हम ऊका कहीं से कोई कमी नहीं होने दूँगा। चाहे कुच्छो हो जाए, लेकिन ऊ की शादी हम धूमधाम से करी। हम और कड़ी मेहनत करबे। एको जगह रेहड़ी लगाने की जगह गली गली जाकर फल बेचब हम। पैसे इकट्ठा हो जाएँगे गुड़िया की माँ। हम पर भरोसा रख।”

सुनीता की आँखों में आँसू हैं। वहीं दूसरी तरफ़ सिद्धार्थ कमरे के बाहर छुपकर सारी बातें सुन रहा है। ये सब सुनकर वो भी अपने आँसू रोक नहीं पाया। “ये सब मेरी वजह से हो रहा है। मेरे माँ बाप इतनी तकलीफ़ में सिर्फ़ मेरी वजह से है।” तभी अचानक से उसे किसी के कदमों की आवाज़ सुनाई दी और वो चुपचाप न हम जल्दी से अपने कमरे में चला गया। बसंत उसके कमरे में आए और उससे कहा,, ”चला, जल्दी से अपना भूसर्ट पैंट पहन तैयार हो जाओ। हम तुम्हरे सकूल जा रहे हैं।“

*

घर से कुछ ही दूरी पर बने बस स्टॉप से बस लेकर वह दोनों सिद्धार्थ के स्कूल के लिए निकल गए। पूरे रास्ते उन दोनों में से किसी ने कुछ नहीं कहा। बसंत को देखकर लग रहा है जैसे उनके मन में काफी कुछ चल रहा है। उनके माथे की लकीरें एक बार भी नहीं मिटी। आखिर में जब वह दोनों दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के गेट पर पहुंचे तो सिद्धार्थ ने देखा कि उसके पापा ने एक गहरी सांस ली और अपनी जेब में पड़ी हुई उस पैसों की गड्डी पर हाथ घुमाया। फिर वह दोनों सीधा मिस्टर वर्मा के ऑफिस की तरफ चल दिए। ऑफिस के सामने पहुँचकर अंदर जाने से पहले बसंत के मन में एक साथ काफी सारी बातें चल रही हैं। जैसे आज वह किसी भी कीमत पर खाली हाथ यहां से नहीं जाने वाले। सिद्धार्थ को स्कूल से निकाल दिया गया है और इसी सिलसिले में सिद्धार्थ और उसके पापा उसके प्रिंसिपल मिस्टर वर्मा से बात करने आए हैं। तभी बसंत ने उनके ऑफिस का दरवाज़ा खटखटाया। किसी के दरवाज़ा खटखटाने की आवाज़ सुनकर मिस्टर वर्मा ने अपनी सख्त आवाज़ में कहा, "कम इन।"

मिस्टर वर्मा की आवाज़ सुनकर बसंत ने अपने पीछे खड़े सिद्धार्थ की तरफ देखा और उसने धीरे से अपना सिर हिलाया। फिर वह दोनों मिस्टर वर्मा के ऑफिस में एक साथ अंदर आए। सिद्धार्थ को वहां पर देखते ही मिस्टर वर्मा के चेहरे के हाव भाव तुरंत बदल गए और वह नाराज़ होकर गुस्से में कहने लगे, "तुम्हें तो हमने स्कूल से निकाल दिया था ना? तो फिर तुम यहां पर क्या कर रहे हो?"

सिद्धार्थ अपना चेहरा नीचे झुकाए वहां पर खड़ा रहा और उसने कुछ नहीं कहा।

"निकल जाओ यहां से। क्या तुम्हें लगता है कि तुम्हारा जब मन करेगा तुम यहां पर आ सकते हो, जैसे तुम अभी इस स्कूल में पढ़ते हो? अभी के अभी चुपचाप यहां से चले जाओ।"

प्रिंसिपल को इस तरह से नाराज़ देखकर बसंत तुरंत सिद्धार्थ के आगे आ गए और उन्होंने वो पैसों की गड्डी मिस्टर वर्मा की डेस्क पर रखते हुए कहा,, "साहब साहब, ऐसा जुलम मत कीजिए। हम अपने इस नालायक बिटवा को यहां पर हजूर से माफी मांगने के लिए लेकर आया हूं। हमका पता है कि आप ई का माफ कर देब। ई तो अभी बालक है, ई का बिल्कुल भी समझ नहीं है। लेकिन ई धीरे-धीरे सब सीख जाएगा।…"

"नहीं बसंत! अब और नहीं! अब ये बात मेरे हाथों से भी निकल चुकी है! अब मैं तुम दोनों बाप बेटों की बात बिल्कुल नहीं मानूंगा! इस बार तुम्हारे बेटे ने सारी हदें पार कर दी। इस बार मेहरा जी की बेटी रुचि ने इसके खिलाफ शिकायत की है। क्या तुम्हें पता है वो कौन हैं? वो हर साल हमारे स्कूल को लाखों का डोनेशन देते हैं!...अब तुम दोनों चुपचाप यहां से निकल जाओ वरना मुझे सिक्योरिटी को बुलाना पड़ेगा।"

"नहीं नहीं साहब, ऐसा मत कीजिए। हम आपसे विनती करता हूं।" ,बसंत ने उनसे गुहार लगाते हुए कहा, "साहब, हमरा बेटा कल को कालेज के दाखिले की परीच्छा में बैठने वाला है। अगर आप ई का एक मौका नहीं देंगे तो ई की जिंदगी खराब हो जाएगी। हम आपके हाथ जोड़त हैं, आपके पैर पड़त हैं, ई का बस एक मौका दे दीजिए।"

लेकिन उन लोगों की बातें सुनकर मिस्टर वर्मा काफी ज़्यादा इरिटेट हो गए। वह तुरंत खड़े हुए और उन्होंने एक झटके से वो पैसों की गड्डी नीचे ज़मीन पर गिरा दी, जिससे ज़मीन पर यहां से वहां फैल गए, "मैंने तुमसे कहा कि यहां से निकल जाओ तो निकल जाओ। अपने ये फटे पुराने नोट लो और चुपचाप यहां से चलते बनो। तुम्हारे बेटे की ज़िंदगी से मेरा कोई लेना देना नहीं है। इसलिए जैसा मैं कहता हूं वैसा करो नहीं तो मैं पुलिस को बुलाकर तुम दोनों को अरेस्ट करवा दूंगा।"

लेकिन बसंत नीचे ज़मीन पर पड़े हुए अपने बिखरे हुए पैसों को देखने लगा, जैसे वो सिर्फ पैसे ना होकर उसके बेटे के सपने बिखरे पड़े हों। उन्होंने अपना खून पसीना एक करके ये पैसे जमा किए थे और आज…….

फिर बसंत अपनी नम आँखों से मिस्टर वर्मा के गुस्सैल चेहरे की तरफ देखता है। आज उन्हें बेहद शर्मिंदगी महसूस हो रही है। वहीं सिद्धार्थ अपने पिता की हालत देखकर हैरान है, जिसके पिता कल तक उसे स्कूल से निकाले जाने पर डांट रहे थे, आज वही पिता उसकी आँखो के सामने बेबस और लाचार खड़े हैं। ये देखकर सिद्धार्थ फौरन अपने पिता को कंधे से पकड़कर उठाता है। फिर वो अपनी मुठ्ठियां भींच लेता है और प्रिंसिपल की तरफ देखने लगता है। ये देख बसंत सिद्धार्थ की हथेली पर अपना हाथ रख देता है और उसे वहां से चलने का इशारा करते हैं। बसंत आगे भी कुछ कहना चाहते हैं मगर इस वक्त उन्होंने चुप रहना ही बेहतर समझा। इस वक्त उनकी कोई भी बात सुनकर मिस्टर वर्मा का गुस्सा शांत होने वाला नहीं है। इसलिए बसंत का चेहरा उतर गया और वह मिस्टर वर्मा के ऑफिस से बाहर जाने लगे।

"रुको!" तभी अचानक से मिस्टर वर्मा ने उन्हें पीछे से आवाज़ लगाई, "अपने ये पैसे भी समेटों। अगर रिश्वत ही देनी है तो उसका दम रखो, इतने कम पैसों से कुछ नहीं होता। अब दफ़ा हो जाओ यहां से। पता नहीं कहां कहां से आ जाते हैं।" वो गड्डी देखते ही मिस्टर वर्मा साफ़ साफ़ समझ गए कि वो पैसे 40-50 हज़ार रुपये से ज़्यादा नहीं होंगे। लेकिन मिस्टर वर्मा को कौन बताए कि यह पैसे जिन्हें वो कम और फटे हुए बता रहे हैं, वो बसंत की ज़िंदगी में कितनी अहमियत रखते हैं। फिर बसंत और सिद्धार्थ तुरंत नीचे झुककर वो सारे पैसे उठाने लगे और वहां से जाने के लिए पीछे मुड़ गए। लेकिन जैसे ही सिद्धार्थ पीछे मुड़ा उसके कदम रुक गए।

Chapter List: Previous

Chapter List: Next

Related Novels