Chapter 4 / 2300

The New Avatar | द न्यू अवतार

Chapter 4

The New Avatar | द न्यू अवतार ·AJAY KUMAR

एपिसोड 4

लेवल जीरो

रानी मां यानी राजमाता एक बहुत बड़े सिंहासन पर विराजमान थी और उसने गोल्डेन कलर की साड़ी पहनी थी. राजमाता काफी बुजुर्ग हो चुकी थीं लेकिन दक्ष को तो देखने में वह काफी खूबसूरत लग रही थीं. और ऐसा लग ही नहीं रहा था कि वो उम्रदराज हों.

असल में राजमाता ने खुद को योग और विभिन्न रसायनों से स्वस्थ रखा था.

जैसे ही दक्ष और यशोधरा सिंहासन के सामने जाकर अभिवादन के लिए झुके, रानी ने राजपुरोहित से पूछा, "पुरोहित जी, राजकुमार दक्ष ने जो भैरव बाबा का पवित्र ताबीज प्राप्त किया है, आपके हिसाब से उसका क्या मूल्यांकन है...उसकी महिमा कितनी है?”

वैसे तो भैरव के पूजा समारोहों की देखभाल खुद सेनानायक मलिक ही करता था पर इस बार वह कुछ खास किस्म के योगासनों और ध्यान के लिए एकांतवास कर रहा था और इसलिए यह काम राजमाता के जिम्मे आ गया था.

रानी का सवाल सुनकर राज पुरोहित ने अपना सिर हिला दिया. उसके हाथ में एक पुरानी जादुई किस्म की किताब थी, उसमें विभिन्न मंत्रों के साथ भैरव के ताबीज का मूल्यांकन और उसकी कोटि की जाँच की जाती थी. राज पुरोहित ने किताब खोलकर उनमें से दक्ष के ताबीज का मिलान किया लेकिन किताब में उस तरह की ताबीज का कहीं कोई जिक्र ही नहीं था.

रानी ने तब दक्ष को अजीब सी निगाहों से देखा और लापरवाही भरे अंदाज में कहा, "अगर पवित्र पुस्तक में इस जैसा कोई ताबीज मूल्यांकन ही नहीं है, तो हमें ऐसा लगता है कि राजकुमरा दक्ष का ताबीज किसी कोटि का है ही नहीं. इसे शून्य कोटि का माना जाए. ऐसा पहली बार नहीं हुआ है. बहुत पहले भी कई बार ऐसा हुआ है कि औसत क्षमताओं वाले वीरों को ऐसी ताबीजें मिली हैं."

आठवां राजकुमार देवदत्त भी पास ही था. उसने बीच में टोकते हुए तंज करते हुए कहा, “आखिरकार, हमारा नौवां भाई दक्ष अभी 16 साल का हो गया है। इस लिहाज से उसको एकदम सही ताबीज मिला है. बूढ़ा तोता वैसे भी पोस नहीं मानता....दक्ष बाबू अब क्या खाकर योद्धा बनेंगें भला!”

रानी मां भी देवदत्त से सहमत थी. उन्होंने अपना सिर हिलाया और आदेश दिया, "राज परिवार की ओर से अन्य योद्धाओं के लिए जितना मुमकिन हो, रसद, खाने-पीने का सामान और शक्तिवर्द्धक रक्तप्राश जिंदगी भर के लिए दिया जाए. राजकुमार दक्ष की क्षमताएं सीमित हैं इसलिए उन्हें रक्तप्राश का सिर्फ एक घड़ा दिया जाए. मुझे लगता है कि उनकी पाचन शक्ति भी ऐसी नहीं कि वे अधिक रक्तप्राश पचाकर उसे शक्ति में बदल पाएं और राज्य के हित में काम कर पाएं."

रानी जिस रक्तप्राश की बात कर रही थी, वह असल में एक शक्ति बढ़ाने वाला ड्रिंक जैसा था, जिसमें विभिन्न ऋषियों, वैद और हकीमों की खोज से च्यवनप्राश की तरह बनाया गया था. रक्तप्राश में जादुई शक्तियां बढ़ाने की ताकत होती थी और जो भी ताबीज पाया योद्धा अभ्यास करता था, वह रक्तप्राश के बिना कुछ आगे हासिल नहीं कर सकता था.

रानी के इस आदेश से यशोधरा हैरान रह गई. रानी का आदेश सुनने के बाद उसके मुख के हाव-भाव ही बदल गए थे.

यशोधरा ने सख्त लहजे में कहा, "रानी जी, यह बात सच है कि पवित्र ताबीज प्राप्त करने के बाद पहला वर्ष बहुत महत्वपूर्ण होता है. याद करिए, जिस वर्ष सातवें राजकुमार ने पवित्र ताबीज हासिल किया था ? उसे बारह घड़े रक्तप्राश के दिए गए थे. वो भी साल भर। मेरे दक्ष को सिर्फ एक घड़ा ही क्यों दिया जा रहा है?"

राजमाता के पास इसका करारा जवाब तैयार था. उन्होंने कहा, "सातवें राजकुमार तो जब तीन साल के थे, तभी सातवीं कोटि का पवित्र ताबीज ग्रहण कर लिया था। इस बुद्धू दक्ष की तुलना उस जांबाज राजकुमार से कैसे की जा सकती है भला?"

राजकुमार देवदत्त हमेशा खुद को रानी का करीबी दिखाने की कोशिश करता रहता था और उस वक्त भी उसने इसी की कोशिश करते हुए कहा, "हमारा सातवां भाई शिवदत्त हमारी रानी मां यानी राजमाता का बेटा है. आपको पता ही होगा कि रानी मां सेनापति मलिक की पहली पत्नी हैं और उन्हें जो अधिकार हासिल हैं वो किसी के पास नहीं हैं. शिवदत्त के पास सातवीं कोटि का पवित्र ताबीज है...और इसी योग्यता की वजह से वह इस गद्दी का वारिस भी बन रहा है. पूरे पिंडारी राज्य में मेरे भाई शिवदत्त के बराबर का कोई नहीं है. दो कौड़ी के दक्ष के साथ उनकी तुलना असंभव है.”

वह थोड़ी देर के लिए चुप हुआ और रानी मां के चेहरे की ओर देखने लगा, वह देख रहा था कि उसकी चापलूसी का उन पर क्या असर हो रहा है. मौका अनुकूल देखकर देवदत्त ने आगे कहा, “हमारे राज्य का भविष्य शिवदत्त पर टिका है. हमारे राज्य की स्थिरता और समृद्धि दोनों शिवदत्त ही ला सकते हैं. उनकी दक्ष ही क्यों, किसी के साथ तुलना करना अपराध है."

यशोधरा के होंठ सख्त हो गए लेकिन वह इस मामले में राजकुमार देवदत्त के साथ बहस से पीछे हटना नहीं चाह रही थी. दक्ष पर लग रहे आरोपों का जवाब देते हुए वह चिल्लाई, "ये मत भूलो देवदत्त कि जब तुमने ताबीज लिया था तो तुमको चार घड़े मिले थे रक्तप्राश के. और दक्ष को केवल एक? यह बहुत अनुचित, अन्याय है ये. ऊपर वाला सब देख रहा है!"

एक माँ के तौर पर वो दक्ष की और उसके अधिकारों की रक्षा करने के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रही थी और वह अड़ गई थी कि उसके हक उसे मिल सकें.

पर यशोधरा की बात सुनकर रानी मां को गुस्सा आ गया और उन्होंने दांत पीसते हुए कहा, "जिसकी पास जितनी प्रतिभा होती है,उसको अपना कौशल निखारने के लिए उतना ही अधिक संसाधन मिलते हैं. रसद, खाना...रक्तप्राश. समझी आप! दक्ष की प्रतिभा न तो शिवदत्त के बराबर है और न देवदत्त के... इसलिए किसको बारह घड़े मिले और किसी पंद्रह...इसकी गिनती करना बंद कर दीजिए."

रानी की बात सुनकर यशोधरा चीखी, "लेकिन..."

रानी ने यशोधरा की बात सुनने से पहले काटा, लेकिन उसकी आवाज में जरा भी तेजी नहीं थी, उसने धीमे स्वर मे कहा, "हमने पहले से ही अपना फैसला कर लिया है यशोधरा. मुझे फिर से चुनौती देने की हिम्मत मत करो! नहीं तो, मेरे पहरेदार अभी यहीं पर तुम्हें धक्के देकर बाहर कर देंगे. औरत हो, क्यों चाहती हो कि तुम्हें साधारण सैनिक डंडे से पीटें."

राजमाता की सुनकर दक्ष ने अपना सिर उठाया। उसने सोचा कि क्या रानी ने एक बार अपनी माँ को भी डंडे से पीटा था!

रानी की बात सुनकर यशोधरा ने अपना मुंह एक बार में बंद कर दिया. यशोधरा का शरीर थोड़ा हिल गया जैसे वह अतीत से कुछ भयावह स्मृति को याद कर रही थी। दक्ष अतीत की उस कहानी का पता लगाने की कोशिश करने लगा.

बाहर जाते वक्त दक्ष को शक्ति बढ़ाने वाले रस, रक्तप्राश के तीन घड़े सौंप दिए गए थे.

रक्तप्राश के घड़े लेकर दक्ष अपनी माँ की ओर आया, जो अभी भी रानी के बगल में खड़ी थी. वहां आकर दक्ष बोला, "माँ, चलो घर चलें!"

रानी द्वारा मां की पिटाई वाली बात अभी भी दक्ष के दिमाग में घूम रही थी. उसने भैरव मंदिर के अहाते में जो कुछ भी सुना था, वो उसके मन में घूम रहा था। वह रानी के राज सिंहासन के आसपास एक भी और मिनट बिताना नहीं चाहता था। यहां तक कि उसने रानी को छोड़ते हुए घृणा वाली नज़र डाली। दक्ष की आवाज सुनकर यशोधरा ने कहा, "ठीक है, चलो!"

गुस्से में तिलमिलाये दक्ष को रानी ने देख लिया था। और राजमाता यशोधरा और दक्ष को तब तक घूरती रही जबतक वो दूर नहीं चले गए.

हालांकि, अपने पद का ख्याल रखते हुए राजमाता ने दक्ष से कहा "राजकुमार दक्ष आज से अगले तीन महीने के लिए कुशल योद्धा बनने के लिए जितना कठिन अभ्यास करना चाहिए, उतना आपको करना होगा। ये तीन महीने कुशल योद्धा बनने के पहले चरण तक पहुंचने के लिए बहुत अच्छा है। उस समय तक, मलिक भी अपना एकांतवास समाप्त कर लेंगें और आपके कुशलता के मूल्यांकन में भाग लेंगे। यदि आप इतने कम समय में उस परिणाम को प्राप्त करें, तो वे बहुत प्रसन्न होंगे.”

रानी की बात सुनकर देवदत्त खुश हो गया और उसने कहा, "भले ही आपने उसे तीन घड़ा भरकर रक्तप्राश दिया हो, लेकिन तीन महीने के समय में शून्य स्तर से बाहर पहुंचना असंभव है. यह केवल अपनी प्रशंसा या डींग मारने के लिए, बल्कि अपनी प्रतिभा और मेहनत के बारे में बता रहा हूं कि मैंने अभी छह महीने इस हुनर को साधने के लिए बिताए हैं. चूंकि मेरे भाई दक्ष ने देवताओं से शून्य-कोटि का निशान हासिल किया है, इसलिए मुझे लगता है कि उन्हें ये कौशल हासिल करने के लिए शायद एक साल से ज्यादा की जरूरत होगी।“ देवदत्त यह सब ऐसे बता रहा था जैसे कि वो दक्ष को एक भाई की बजाए किसी बेवकूफ निठल्ले के रूप में देखता हो. दक्ष ने वो सब कुछ सुना जो देवदत्त उसके बारे में बता रहा था. मां-बेटे सीधे चलते रहे और उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और ना ही कुतर्क शुरू करने की कोशिश की। अपनी बुराई सुनकर दक्ष निराश भी नहीं हुआ और उसने दृढ़ता से अपनी मुट्ठी पकड़ ली और धीरे से बुदबुदाया, "मैं आप सभी को कभी निराश नहीं होने दूंगा! आप तीन महीनों में एक पूरी तरह से अलग दक्ष देखेंगे! मैं युद्ध कौशल हासिल करूंगा...!"

दक्ष ने इतना दृढ़ संकल्प कभी महसूस नहीं किया था। उनके गुस्से और चिढ़न ने उसे कामयाब बनने की प्रेरणा दी थी. दक्ष अब इंतजार नहीं कर सकता था. वो चाहता था कि जल्दी से घर पहुंचे और अपना अभ्यास शुरू करे. जैसे ही वो अनाथाश्रम पहुंचा, वह तुरंत अपने कमरे में चला गया और सफलता की राह ढूंढ़नी शुरू कर दी.

वास्तव में, वह यह नहीं समझ पाया कि पवित्र ताबीज प्राप्त करने का क्या मतलब है. इसलिए उसे यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा था कि आखिर वह शुरू करे तो आखिर कहां से करे.

Chapter List: Previous

Chapter List: Next

Related Novels