एपिसोड 2
महल से बाहर
दक्ष के कमरे के बाहर शोरगुल हो रहा था और ऐसा लग रहा था कि कई लोग जबरदस्ती अंदर आने के लिए झगड़ रहे हों.
यशोधरा की एक एक खूबसूरत नौकारानी एक रोबीले इंसान को रोक रही थी. रोबीला इंसान उस घर का आठवां बेटा था. देवदत्त सिंह.
देवदत्त ने उस नौकरानी को अपनी कुहनी से धक्का दिया और जोर से डांटा, “नौकरानी होकर तू मेरा रास्ता रोक रही है?”
धक्के से नौकरानी का बैलेंस बिगड़ गया और बेचारी नौकरानी चंदा कराहती हुई दूर जा गिरी.
देवदत्त सिंह इस खानदान का आठवां बेटा यानी राजकुमार था और एक ताकतवर योद्धा था. वह अपनी ताकत से दो हाथियों को एक साथ रोक सकता था और कई लोग कहते हैं कि उन्हें धक्का देकर वह दस फुट तक धकेल देता था. राजकुमार के धक्के ने नौकरानी को ऐसा लगा कि उसे किसी ने बड़े से चट्टान पर पटक दिया हो.
देवदत्त सिंह ने सुनहरे रंग की ड्रेस पहनी थी, और उस ड्रेस पर कमर में काले रंग की बेल्ट से और भी खतरनाक किस्म का योद्धा दिख रहा था.
राजकुमार के पीछे, कवच पहने हुए छह फीट लंबे और मजबूत शाही रक्षक खड़े थे, ये सभी उस खास सुरक्षा दस्ते का हिस्सा थे जो राजकुमारों की रक्षा करने के लिए न तो जान लेने से हिचकते थे और न मिनट भर में अपनी जान देने में.
कमरे के बार शोरगुल सुनकर यशोधरा ने दक्ष की तरफ देखा, उसे हाथ के इशारे से शांत रहने का इशारा किया और दरवाजा बंद करके बाहर की ओर निकल गई.
यशोधरा जैसे ही आगे बढ़ी उसके सामने आठवां राजकुमार देवदत्त सिंह खड़ा था. देवदत्त सिंह को इस तेवर में देखकर यशोधरा का चेहरा गुस्से से लाल हो गया. यशोधरा ने देवदत्त से गुस्से भरी आवाज़ में कहा, “राजकुमार, ये महल का रिहाइशी हिस्सा है. भले ही आप राजकुमार हैं फिर भी राज्य के नियम के मुताबिक, आप इसके अंदर जा नहीं सकते”.
राजकुमार देवदत्त ने अपना सिर उठाया और यशोधरा की ओर देखा. उसने तीखे लहजे में कहा, “रानी जी का आदेश है कि आपकी जगह अब यहां नहीं रही. आपने महल के जिस हिस्से पर कब्ज़ा कर रखा है, आपको वो जगह आपका नहीं रहा. इधर, हमलोग रहेंगे. हमलोग...मतलब मैं...मेरा भाई शिवदत्त और मेरी मां शिवांगी.”
यशोधरा के चेहरे पर गुस्से और दुख के भाव एक साथ आए थे. थोड़ा रुककर देवदत्त ने कहा, “...तो काकी, जितनी जल्दी हो सके, यह महल खाली कर दें...”
यशोधरा को पहले से यह अंदाजा था कि ऐसा दिन आने वाला है, लेकिन इतनी जल्दी आ जाएगा इसका अंदेशा नहीं था.
यशोधरा के चेहरे पर गुस्से की जगह निराशा के भाव आ जमें थे और उसी गमजदा मुस्कुराहट के साथ उसने कहा, “अगर रानी मुझे महल छोड़ने का आदेश दे रही हैं तो मैं और दक्ष कल ही कहीं और चले जाएंगे.”
देवदत्त के चेहरे पर कुटिलता आ गई और उसने दिल में छेद कर देने वाली तीखी मुस्कुराहट के साथ कहा, “यशोधरा काकी, मुझे बुरा तो बहुत लग रहा है लेकिन मेरी मां आज रात ही इधर रहने आएगी, तो जितनी जल्दी हो सके आप महल खाली कर दें. वरना... ”
यशोधरा का दुख गहरा हो गया, पर वह सेनापति मलिक की बीवी थी, उसने पूछा, “...वरना...वरना क्या? तुम नहीं जानते दक्ष कितना बीमार और कमजोर है?”
राजकुमार देवदत्त जानता था कि दक्ष कमजोर है और उसमें कहीं और जाने या अपनी मां को पालने या उसके लिए कमाने की ताकत नहीं है. वह अपने हाथ से नहा तक तो सकता नहीं.
इसलिए देवदत्त ने व्यंग्य करते हुए कहा कि, “वरना...आप जानती ही हैं मेरा काम करने का तरीका क्या है. आप नहीं गईं तो सामान बाहर फिंकवा दिया जाएगा. यशोधरा काकी, इस दुनिया में बहुत सारे लोग गरीब हैं और लेकिन राजा होते हुए हम हर किसी की मदद तो नहीं कर सकते न! दक्ष मेरा भाई है, लेकिन दुनिया बहुत कुत्ती चीज है...कमजोरों को जीने नहीं देती...इससे अच्छा है कि वह घुट-घुटकर जीने की बजाए पहाड़ी से कूद कर जान दे दे, पर इसके लिए तो पहाड़ी चढ़नी होगी...मेरा भाई तो वहां चढ़कर नहीं जा सकेगा.”
देवदत्त कुछ सोचने के लिए रुका फिर बोला, “हां, नदी में कूदकर जान दे दे तो बहुत आसान रहेगा.” इतना कहकर देवदत्त देवदत्त की बात सुनकर यशोधरा को गुस्सा आ गया, वह चिल्लाई, “ऐसे कैसे बोल रहे हैं आप? दक्ष भाई है आपका.”
यशोधरा कुछ और कहने ही वाली थी तभी अचानक उसके पीछे का दरवाजा खुला और उससे दक्ष बाहर निकला. वो बेहद कमजोर था और मुश्किल से खड़ा हो पा रहा था लेकिन दरवाजे का सहारा लेते हुए उसने देवदत्त की ओर देखा और कहा, “इनसे भीख मत मांगो मां. हम यहां नहीं रहेंगे.”
दक्ष भले ही बीमार था लेकिन उसके अंदर स्वाभिमान था.
बीमार दक्ष को बाहर आया देख यशोधरा चिंतित हो गई और बोली, “बेटू! तुम उठकर क्यों आए? बाहर बहुत ठंड है, जाओ कमरे में वापस जाओ और आराम करो.”
लेकिन दक्ष ने अपना सिर हिलाया और कहा, “मां! हमें किसी से भीख की जरूरत नहीं है. अभी तो हम लोग यहां से चलते हैं लेकिन तुमसे मेरा वादा है, एक दिन हम लोग यहीं, इसी महल में वापस आएंगें.”
दक्ष की ये बातें यशोधरा के दिल को छू गईं, डबडबाई आंखों से उसने दक्ष को देखा और सिर हिलाकर उसकी बात मान ली.
घंटे भर के भीतर ही यशोधरा और दक्ष ने अपना महल छोड़ दिया.
लेकिन न तो उनके पास दौलत थी और न ताकत, ऐसे में नौकर-नौकरानियों के लिए उनके साथ जाने का कोई मतलब नहीं था. महल नौकर-नौकरानियां, सुख-सुविधाएं सब पीछे छूट गए...और अब यशोधरा और दक्ष को राज्य के अनाथाश्रम में सिर छिपाने की जगह मिली.
उस राज्य की यही रीत थी. जो भी लोग अपनी शक्तियां खो बैठते थे, जिनके पास कोई ताकत नहीं होती थी, वे जाकर अनाथ आश्रम में रहा कहते थे.
अनात आश्रम शहर से बाहर एक शांत जगह में बना था. यह इमारत ऐसी थी मानो वर्षों से खाली हो.
देर रात के इस वक्त हवा में काफी ठंडक थी, बर्फीले पत्थर पर बैठे, दक्ष ने एक मोटी चादर ओढ़ रखी था, फिर भी वह चादर इस सर्द रात के लिहाज से काफी साबित नहीं पा रही थी.
इस दक्ष के अंदर बैठी राजकुमार दक्ष की आत्मा यह सोच रही थी कि उसे मिला य़ह शरीर बेहद कमजोर है, इसको ताकतवर बनाने का एक ही तरीका था, कड़ी मेहनत से कसरत और खूब सारा अभ्यास. दक्ष सोच रहा था, अगर मैं ऐसा नहीं करुं तो सेनापति मलिक के बेटे और उनकी बीवी यानी मेरी मां के सम्मान का बंटाधार हो जाएगा. और हमें दोनों को बाकी की तमाम जिंदगी इसी अनाथाश्रम में बितानी होगी.
वह यही सोच रहा था कि आखिर उसे यही शरीर क्यों मिला? चिनायी से बदला लेने के लिए या फिर इस जन्म की मां यशोधरा की सेवा करने के लिए, उसको उसका हक दिलाने के लिए? इस उधेड़बुन में पड़ने से पहले उसने सोचा कि जिस भी उद्देश्य से मुझे यह शरीर मिला हो लेकिन उनमें किसी की भी पूर्ति करने के लिए मुझे फिजिकली फिट होना होगा.
दक्ष कमजोर था, इसीलिए यशोधरा का कोई भी अपमान कर जाता था. हालांकि किस्मत पर किसी का बस नहीं चलता लेकिन आज की बेइज्जती ने दक्ष के मन में बदला लेने और अपने दिन सुधारने की प्रेरणा दी थी.
दक्ष इस बात को भलीभांति समझता था कि लोग तभी उसका सम्मान करेंगे जब एक योद्धा के रूप में वो खुद को स्थापित करेगा...
झूंझूनू क्षेत्र में चलन था कि हर किसी योद्धा को अपनी बहादुरी साबित करने के लिए ‘भैरव का ताबीज’ हासिल करना होता था. जिस बहादुर के पास भैरव का ताबीज होता था, उसे उस इलाके में जबरदस्त वीर माना जाता था. पर ये हासिल करना आसान नहीं था. युद्ध की कलाओं में जिसे महारत मिल और तलवार से लेकर तीर-कमान तक चलाने में जो एकदम कौशल हासिल कर ले, भैरव का पवित्र ताबीज उसी को दिया जाता था. इस ताबीज को हासिल करने में नाकाम शख्स के बारे में माना जाता था कि यह फौजी टुकड़ी या फिर लोगों की अगुआई नहीं कर पाएगा. एक तरह से ग्रेजुएशन की डिग्री जैसा मामला था.
दक्ष ने इस जन्म में जो शरीर पाया था वो पहले से ही 16 साल का तो हो चुका था पर कोई सोच भी नहीं सकता था कि वह ये पवित्र ताबीज कभी हासिल भी कर पाएगा.
असल में, देवदत्त और दक्ष दोनों ही पिंडारियों के सेनापति मलिक के बेटे थे. लोगों को हमेशा लगता था कि आखिर देवदत्त इतना ताकतवर और उसी पिता की संतान दक्ष इतना कमजोर क्यों था?
इसकी वजह बहुत सीधी-सी थी. खानदाने के आठवें राजकुमार यानी देवदत्त ने सिर्फ दस साल की उम्र में ही पवित्र ताबीज हासिल कर लिया था और तबसे लेकर अपनी शोहरत उसने कठिन मेहनत से सिर्फ बढ़ाई ही थी.
यशोधरा चुपचाप ठंड से कांपते अपने बेटे को देख रही थी कि दक्ष ने उससे कहा, “मां, कल के समारोह में मैं भी कोशिश करूंगा और मुझे पूरी उम्मीद है कि मैं गुरुओं के सामने खुद को साबित करके उनसे भैरव का ताबीज हासिल कर पाऊंगा.” यह कहते हुए दक्ष की आवाज़ में ऐसी दृढ़ता और यकीन था कि यशोधरा बस उसका चेहरा देखती रह गई.
अनाथाश्रम के दरवाजे की टूटी जंजीर में रस्सी बांधने के बाद यशोधरा ने दक्ष को बिस्तर पर बैठने में मदद की और धीरे से कहा, “बेटू! थोड़ी देर आराम कर लो, कल हमें पूजा समारोह में शामिल होना है”.
दक्ष ने आत्मविश्वास से कहा, “मां! मुझे यकीन है कल मैं पवित्र ताबीज पा लूंगा. मेरा भरोसा करो”, यशोधरा ने दक्ष के आंखों में देखा और मुस्कुराते हुए बोली, ‘ठीक है बेटू! मुझे तुम पर पूरा भरोसा है’.
जबकि सचाई ये थी कि मां होते हुए भी यशोधरा को जरा भी इस बात का यकीन नहीं था कि दक्ष कल के समारोह में ताबीज पा लेगा. सोलह साल के लड़के को ताबीज मिलना तकरीबन नामुमकिन ही था.
यह कमजोर सा लड़का कैसे हासिल करेगा यह ताबीज?