Chapter 3 / 2086

Super Yoddha | सुपर योद्धा

Chapter 3

Super Yoddha | सुपर योद्धा ·S Sridhar

Shakti Chakra Ep 3 - बाज़ार

ध्रुव को किसी के कदमों की आहट से इस बात का एहसास हुआ, कि वाकई में कोई ना कोई उसकी तरफ आ रहा थाl अगले ही पल उसने देखा कि ये कदमों की आवाज़ किसी ओर की नहीं बल्कि उसकी बहन ईरा की थीl ध्रुव को देखते ही, ईरा ने फ़िक्र ज़ाहिर करते हुए कहा, “ध्रुव मुझे माफ़ करना ….मुझे तुम्हारी फ़िक्र हो रही थी। इसलिए तुम्हारे मना करने के बाद भी मैं यहाँ पर चली आईl”

ध्रुव ने अपनी नाराज़गी को भुलाकर, थोड़ी हैरानी के साथ पूछा, “लेकिन तुम्हें कैसे पता चला कि मैं इस वक़्त यहीं पर मिल सकता हूँl”

ईरा ने कहा, “मैं जानती हूँ, ध्रुव… कि तुम अपनी माँ से कितना प्यार करते हो…..इसीलिए मुझे विश्वास था कि तुम मुझे यहीं मिलोगेl”

ध्रुव को ईरा की आँखों में खुद के लिए प्यार नज़र आ रहा थाl अगले ही पल ईरा ने ध्रुव से कहा, “ध्रुव, चाहे तुम्हारे सामने कितनी ही मुसीबतें क्यूँ ना हो, मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूँl”

ईरा का अपने लिए ये लगाव देखकर, ध्रुव के चेहरे पर एक मुस्कुराहट आ गई। लेकिन अगले ही पल ध्रुव को अपनी परेशानी याद आई और उसने ईरा से थोड़ा सा हिचकिचाते हुए पूछा, “ईरा, क्या तुम्हारे पास कुछ सोने के सिक्के रखे हुए है?”

ध्रुव के मुंह से ये बात सुनकर ईरा को हैरानी हुई। क्यूंकि आज तक उसे कभी भी पैसों की ज़रूरत नहीं पड़ी थी। और पड़ती भी तो उसके पिता अरेन्द्र हमेशा उसका ध्यान रखते थे। लेकिन आज अचानक ध्रुव को पैसों की ज़रूरत क्यूँ पड़ गई? ये सवाल ईरा के मन में चल रहा थाl ईरा, ध्रुव से कुछ कहती, उसके पहले ही ध्रुव ने कहा, “मैं बाबा को परेशान नहीं करना चाहता l मेरी वजह से उन्हें पहले ही सबके सामने काफी शर्मिंदा होना पड़ा हैl”

तब ईरा ने ध्रुव को भरोसा दिलाते हुए कहा, “क्या 1000 सोने के सिक्के काफी होंगे…?”

ध्रुव ने बिना देर किए, तुरंत जवाब दिया, “हाँ बिलकुल! और मैं पूरी कोशिश करूँगा कि ये सिक्के तुम्हें जल्द ही लौटा दूं। शुक्रिया ईरा इस मदद के लिए।”

ध्रुव की इस बात पर ईरा ने मुस्कुराते हुए कहा, “इसकी कोई ज़रूरत नहीं है ध्रुव!”

इतना कहने के बाद ईरा ने पूछा, “क्या मैं जान सकती हूँ कि तुम्हें इतने सोने के सिक्को की ज़रूरत क्यूँ पड़ी? क्या खरीदना चाहते हो? क्या मैं भी तुम्हारे साथ बाज़ार घुमने चल सकती हूँ?”

ध्रुव इस बारे में ईरा को ना ही साफ़ साफ़ मना कर सकता था, और ना ही उसे ज्यादा कुछ बता सकता थाl पर क्यूंकि ईरा उसकी मदद कर रही थी, इसलिए ध्रुव ने हामी भरते हुए कहा, “ठीक हैl कल हम बाज़ार में साथ खरीददारी करने चलेंगेl”

इतना कहने के बाद दोनों के चहरे पर एक मुस्कराहट आ गयी। फिर वो दोनों ‘शोर्य महल’ की ओर बढ़ने लगेl लेकिन वो इस बात से बेखबर थे कि कल बाज़ार में कोई मुसीबत, उनका बेसब्री से इंतज़ार कर रही थीl अगली सुबह, ध्रुव और ईरा Mesodoria शहर के बाज़ार में खरीददारी करने के लिए निकल गयेl बाज़ार में कुछ ही देर घूमने के बाद, ध्रुव को कुछ अजीब सा लगाl उसने गौर किया कि रोज़ के मुकाबले आज का बाज़ार कुछ अलग नज़र आ रहा था। हालाँकि उसे बाज़ार में शोर्यदल के सैनिक भी नज़र आ रहे थे, लेकिन उसकी नज़र कुछ ऐसे लोगो पर गई, जो किसी भी तरह से व्यापारी नहीं लग रहे थेl उन्हें देखकर ध्रुव को समझ आ गया कि यकीनन ये लोग जासूसी कर रहे हैंl तभी ध्रुव और ईरा के कानों में एक आवाज़ पड़ी, “अरे… ध्रुव और ईरा! आप दोनों यहां!”

इतना सुनते ही उन दोनों के पैर वहीँ पर रुक गयेl जैसे ही उन्होंने पीछे पलटकर देखा तो एक मुस्कुराता हुआ शख्स उनके सामने आकर खड़ा हो गयाl ये शख्स कपड़ों से ‘शोर्यदल’ का ही लग रहा था। ध्रुव उसे पहचानने की कोशिश कर रहा थाl उस शख्स ने कहा, “आप दोनों मुझे नहीं जानते लेकिन मैं आपको पहचानता हूँl मुझे आपके पिता ने बाज़ार की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी सौपी है, मेरा नाम सोरेन हैl”

उस शख्स के बारे में इतना जानने के बाद, ध्रुव के चेहरे पर एक मुस्कान आ गई। उसने कहा, “Ohh, …बाज़ार को देखकर ऐसा लग रहा है कि आपने बहुत ही अच्छे से यहाँ पर सबकुछ संभाल रखा है?”

सोरेन ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, “जी हां। आप बताए बाज़ार में आप क्या खरीददारी करने आए है? मैं आपकी थोड़ी मदद करवा देता हूँl”

“नहीं, नहीं …इसकी कोई ज़रूरत नहीं हैl अगर हमें किसी चीज़ की ज़रूरत होगी, तो हम आपको याद कर लेंगेl”

“ठीक हैl लेकिन अगर आपको किसी भी चीज़ के लिए मेरी ज़रूरत पड़े, तो सिर्फ एक सीटी बजा दीजिएगाl मैं या मेरे सैनिक हाज़िर हो जाएंगेl”

सोरेन की इतनी बात पर ध्रुव और ईरा दोनों मुस्कुराते हुए खरीददारी करने के लिए आगे बढ़ गएl लेकिन कुछ देर बाद ईरा को भी ऐसा लगा कि बाज़ार में कुछ ना कुछ गड़बड़ तो ज़रूर हैl तभी ध्रुव की अंगूठी में से विदुर उससे बात करने लगाl विदुर की आवाज़ ध्रुव के अलावा कोई और नहीं सुन सकता था। विदुर ने ध्रुव को सचेत करते हुए कहा, “तुम बिलकुल सही समझ रहे हो। यहाँ कुछ भी ठीक नहीं लग रहा है। फिलहाल तुम्हें एक बात का सबसे खास ध्यान रखना है। और वो ये है कि तुम जो भी सामान खरीदो वो किसी के हाथ नहीं लगना चाहिएl”

विदुर के इतना कहने के बाद ध्रुव ने जड़ी-बूटियों का सारा सामान ईरा के हाथों में थमाते हुए कहा, “भले ही तुम मेरी बहन नहीं हो…और सच बताऊँ तो मैं ये भी नहीं जानता कि तुम कहाँ से आयी हो या फिर तुम्हारी हकीकत क्या है? लेकिन मैं वादा करता हूँ कि तुम्हारी हिफाज़त के लिए मैं हमेशा तैयार रहूंगाl”

ध्रुव के इतना कहते ही ईरा के चेहरे पर एक मुस्कान आ गयी और उसने प्यार से ध्रुव को गले लगा लिया। तभी विदुर ने ध्रुव की तारीफ करते हुए कहा, “अरे वाह! तुम तो अपना फ़र्ज़ बहुत अच्छे से निभा रहे होl”

इस बीच अचानक ध्रुव की नज़र फिर उन लोगों पर गयी जो उसे थोड़े अजीब लग रहे थे। उसने ईरा से कहा, “ईरा, तुम ये सामान लेकर यहाँ से निकलो। मैं थोड़ी ही देर में तुम्हें बाज़ार के बाहर मिलूँगाl तब तक मैं ये पता लगाकर आता हूँ कि ये कौन लोग है और किसकी जासूसी कर रहे है?”

ईरा ध्रुव को छोड़कर नहीं जाना चाहती थी। लेकिन ध्रुव के दबाव बनाने पर ईरा एक दुसरे रास्ते से बाज़ार से बाहर निकलने के लिए आगे बढीl वहीँ दूसरी तरफ ध्रुव उन जासूसों की सच्चाई जानने के लिए दोबारा बाज़ार की तंग गलियों में जाने लगाl ईरा अभी आगे बढ़ी ही थी कि कोई उसका रास्ता रोककर उसके सामने खड़ा हो गया l ईरा ने जैसे ही अपने नज़रे उठाई, तो देखा कि उसके सामने एक लंबा-चौड़ा लड़का, खड़े होकर मुस्कुरा रहा था। उसकी गर्दन पर कंकाल का एक टैटू बना हुआ था। वो कंकाल के टैटू वाला लड़का कुछ कहता, उससे पहले ही ईरा ने सीधे और सपाट लहजे में कहा, “देखो मेकी, मैं जानती हूँ कि तुम ‘आमिश दल’ के लीडर के बेटे हो। लेकिन मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ताl मेरे सामने से हट जाओ…मुझे कुछ ज़रूरी काम हैl”

ईरा की इस बात पर, मेकी ने मुस्कुराते हुए कहा, “ठीक है ईरा, तुम करो न अपना काम l जब तक तुम बाज़ार में अपना काम खत्म करोगी..तब तक मुझे तुमसे बात करने का थोड़ा मौका भी मिल जाएगाl”

ईरा ने अपने उसी तेवर को बरकरार रखते हुए कहा, “मेकी, मुझे तुमसे बात करने में कोई दिलचस्पी नहीं हैl बेहतर होगा कि तुम मेरा रास्ता छोड़ दोl”

ईरा के इस तरह के बर्ताव पर मेकी को अंदर ही अंदर गुस्सा आ रहा थाl फिर भी उसने अपने चेहरे पर मुस्कुराहट को बनाए रखा, और अपनी जैकेट से एक ब्रेसलेट निकालकर, ईरा को दिखाते हुए कहा, “ये खुबसूरत ब्रेसलेट देख रही हो ईरा……मैंने ये तुम्हारे लिए लिया हैl फ़िलहाल तुम इसे रख लो, हम किसी और दिन साथ बाज़ार घूम लेंगेl ईरा, मेकी को मना करने ही वाली थी कि तभी उसकी नज़र ब्रेसलेट में लगे हुए एक मेटल पर गयीl ये मेटल ध्रुव की शक्ति बढ़ाने में काम आ सकता थाl इस मेटल को देखकर ईरा का मन बदलने लगा और उसने मन ही मन सोचा, ‘मैं ये ब्रेसलेट रख लेती हूँ। इसमें लगे मेटल को निकालकर ध्रुव को दे दूंगी और इस ब्रेसलेट को फेंक दूंगीl”

मन ही मन ये सोचते हुए, ईरा ब्रेसलेट की तरफ देख रही थीl जिसे देखकर, मेकी के चेहरे पर एक शातिर मुस्कान आ गयीl ईरा को किसी सोच में डूबा देखकर मेकी ने कहा, “ईरा इसमें इतना सोचने की ज़रूरत नहीं है, ‘शोर्य दल’ और ‘आमिश दल’ दोनों ही मेसोडोरिया शहर के सबसे अच्छे दलों में से हैं। हम लोगो में इस तरह के तोहफे देना एक आम बात हैl”

ईरा का ध्यान, मेकी की बातों पर नहीं, बल्कि ब्रेसलेट में लगे मेटल पर थाl उसने जैसे ही ब्रेसलेट को छूने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया, किसी ने उसका हाथ वहीँ पर रोक दियाl ईरा ने उस तरफ देखा तो वो ध्रुव थाl ध्रुव ने ईरा से नाराज़गी के साथ कहा, “क्या तुम्हें नहीं पता कि ये किस तरह का इंसान है?”

ईरा से इतना कहने के बाद, ध्रुव ने मेकी की तरफ देखा और कहा, “मेकी, तुम इस ब्रेसलेट को अपने पास ही रखो। ईरा को इसकी कोई ज़रूरत नहीं हैl”

ध्रुव के बीच में आ जाने से मेकी का गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंच गया। लेकिन ईरा भी वहीं पर मौजूद थी इसलिए मेकी ने अपने चेहरे पर मुस्कान को बनाए रखा। उसने कहा, “मैं तो ईरा को तोहफे में सिर्फ ये ब्रेसलेट देना चाहता हूँ। ये इतनी बड़ी बात भी नहीं है ध्रुव!”

ध्रुव मेकी को बहुत अच्छे से जानता था। उसकी वजह ये थी कि ‘शोर्यदल’ और ‘आमिश दल’ के आपस में रिश्ते ठीक नहीं थेl ध्रुव ने बेबाकी से उसे जवाब देते हुए कहा, “तुम्हारे लड़कियों के साथ किस तरह के रिश्ते होते हैं, ये पूरा मेसोडोरिया शहर जानता है मेकी। तो बेहतर यही होगा कि तुम अपना ये घटिया तरीका किसी और लड़की पर आज़माओl”

इतना कहने के बाद, ध्रुव ने अपना एक कदम मेकी की ओर बढ़ाया। और उसके ठीक सामने तनकर खड़े होते हुए, उसकी आँखों में ऑंखें डालकर कहा, “तुम्हारी सेहत के लिए यही बेहतर होगा कि तुम ईरा से हमेशा दूर रहो…समझे?”

अब मेकी का सब्र टूट रहा थाl उसे इस तरह से गुस्से में देखकर, ‘आमिश दल’ के कुछ सैनिकों ने ध्रुव और ईरा को चारो तरफ से घेर लियाl उनकी इस हरकत को देखने के बाद, ध्रुव ने हँसते हुए मेकी की ओर देखा और पूरे भरोसे के साथ एक सीटी मारीl ध्रुव की इस सिटी की आवाज़ के साथ ही, 15-20 शोर्यदल के सैनिको ने वहां आकर आमिश दल के सैनिकों को घेर लियाl अब पूरे बाज़ार का ध्यान सिर्फ उन लोगों पर थाl ये देखकर मेकी को समझ आ गया था कि वो अब पूरी तरह से घिर चुका है। इसलिए उसने कहा, “मर्द हो तो अपने सैनिकों का सहारा छोड़कर, खुद मेरा मुकाबला करने के लिए मैदान में आओl”

ध्रुव ने उसकी इस बात का साफ़-साफ़ जवाब देते हुए कहा, “तो तुम मुझसे यहाँ पर मुकाबला करना चाहते हो, और तुम्हारे हिसाब से अगर मै मर्द हूँ, तो तुमसे मुकाबला करूँ?”

“हां, अगर मर्द हो, तो अकेले मेरा मुकाबला करो….”

मेकी की इस बात पर ध्रुव ने अपनी चतुराई दिखाते हुए कहा, “ठीक है अगर ऐसी ही बात है, तो बताओ तुम्हारी उम्र क्या है?”

ध्रुव के इस सवाल का मेकी ने कोई जवाब नहीं दियाl तब ध्रुव ने कहा, “मेकी तुम 23 साल के हो और मैं 15….यानी मैं तुमसे उम्र में काफी छोटा हूँ….तो क्या तुम सच में मेरे साथ मुकाबला करना चाहते हो? “

ध्रुव के इतना कहते ही वहाँ मौजूद भीड़ का ध्यान उन दोनो पर चला गयाl ध्रुव का इस तरह का बर्ताव देखकर मेकी को थोडा अजीब सा लग रहा थाl तभी ध्रुव ने वहां मौजूद भीड़ का ध्यान अपनी ओर खीचकर, मेकी पर हँसतें हुए कहा, “देखो, देखो…सभी देखो जरा …’आमिश दल’ के लीडर का बेटा मेकी, मुझसे….एक बच्चे से लड़ना चाहता हैl और मैंने तो अभी तक youth ceremony’ में भी हिस्सा नहीं लिया हैl मुझ जैसे को हराकर आमिश दल अपनी शक्ति का प्रदर्शन करना चाहता हैl”

ध्रुव की इस बात पर बाज़ार की भीड़ ठहाकों के साथ मेकी पर हंसने लगीl अपने आप पर इतने लोगो को हँसता हुआ देखकर, मेकी थोड़ा सा हडबडा गया। अब उसे भी ये बात समझ आ गई थी कि ध्रुव अपनी कम उम्र का फायदा उठाकर, सबके सामने उसका मजाक बना रहा थाl तभी उसने ध्रुव के पास आते हुए कहा, “इस बार तेरी किस्मत अच्छी थी जो तू बच गया। लेकिन मैं बहुत जल्द तेरे लिए भी एक तोहफा लाऊंगा … और वो तोहफा बहुत दर्दनाक होगा।”

इतना कहते हुए मेकी मुस्कुरा कर, अपने सैनिकों के साथ वहां से गुस्से में जाने लगा। वो आगे बढ़ा ही था कि अचानक उसने तुरंत पलट कर ध्रुव की तरफ देखा और सवाल किया - “अरे हां, मैं एक बात तो पूछना भूल ही गया l मैंने सुना है कि ‘ज़यान परीवार’ ने तुम्हारे परिवार के साथ रिश्ता तोड़ दिया है? क्या ये बात सच है?”

ये कहते ही मेकी ध्रुव पर हंसने लगा। और फिर दोबारा अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहने लगा, “सच कहूँ तो ये अच्छा ही हुआ क्यूंकि तुम एक ‘शून्य’ हो, जिसकी जोड़ी शायद लारा के साथ कभी नहीं जमती!”

मेकी ने लारा की बात को बीच में लाकर एक बार फिर से ध्रुव के ज़ख्मों को कुरेद दिया थाl ध्रुव गुस्से में कुछ कर बैठता, इससे पहले ही अंगूठी में से विदुर ने उसे खामोश रहने का इशारा किया। और मेकी उस पर हँसतें हुए, वहां से चला गया। लेकिन अब ध्रुव की आंखे गुस्से से लाल हो रही थीl तभी ईरा ने उसे रोका और समझाते हुए कहा, “जाने दो उसे, ध्रुव… मेकी एक पागल कुत्ते की तरह है। उसे भोंकने की आदत है।”

ईरा की बातों को मानकर, ध्रुव ने अपने आप को संभाला और खुद से कहा, “आमिश दल के लोगों का हमारे इस बाज़ार में घूमना सही नहीं हैl इनके बारे में ज़रूर कुछ ना कुछ करना पड़ेगाl”

ध्रुव के गुस्से को शांत करने के लिए ईरा ने कहा, “क्या हमें कुछ और सामान भी खरीदना है या फिर हम घर चले…?”

“नहीं अभी हमें कुछ और सामान भी लेना हैl”

“ठीक है तो चलो हम जल्दी यहाँ से चलते हैl”

फिर थोड़ी ही देर में एक दुकान पर ध्रुव को एक ‘चमकदार काला पत्थर’ दिखा, जिसे देखकर ध्रुव के कदम वहीँ रुक गएl क्योंकि अंगूठी में से विदुर ने, ध्रुव को वो काला पत्थर खरीदने का इशारा किया थाl ध्रुव ने उस पत्थर को उठाया और उसे गौर से देखने लगाl जब ईरा ने ये देखा तो उसने ध्रुव से पूछा, “क्या तुम इस ‘चमकदार पत्थर’ के बारे में कुछ जानते हो…?”

ध्रुव अभी भी गौर से उस ‘चमकदार पत्थर’ को देख रहा थाl उसने ईरा के सवाल का जवाब देते हुए कहा “नहीं मैं नहीं जानता!”

“तो क्या हम ये खरीदने वाले हैं?”

“हाँ हम ये खरीदने वाले हैं!”

“ओफ्फो ध्रुव….जब तुम इसके बारे में कुछ जानते ही नहीं हो, तो फिर इसे क्यों खरीदना चाहते हो?”

“पता नहीं बस मेरा मन कह रहा है कि मुझे ये खरीदना चाहिए ….’

उस ‘चमकदार पत्थर’ को गौर से देखते हुए, ध्रुव ने मन ही मन कहा, ‘अब होगी मेरी असली training शुरू!!!’

Chapter List: Previous

Chapter List: Next

Related Novels