Ep 1 - Jailer
बचपन में हुए एक रहस्यमयी और भयानक एक्सीडेंट के बाद, कमज़ोर शरीर वाला अबीर अचानक से अपने अंदर असीम ताकत महसूस करने लगा था। उसके अंदर कॉम्बैट skills अपने आप आ गए थे। बड़ा होने पर उसकी स्ट्रेंथ और पावर की वजह से, उसे देश की सबसे खतरनाक और रहस्यमयी जेल का डिप्टी जेलर चुना गया... जहाँ अजीबो - गरीब, खतरनाक और रहस्यमयी कैदी रहा करते थे। उन्हें काबू में करना... सिर्फ अबीर के बस की बात थी, मानो कोई शक्ति अबीर के अंदर रहकर, उसकी मदद कर रही थी। पर बचपन में हुए उस एक्सीडेंट के बाद, शांत और डरा रहने वाला अबीर का स्वभाव, कुछ गलत होते देख, भयानक गुस्से में तब्दील हो जाता था, मानो वो अबीर नहीं... कोई और है। और उसके बाद, उस गुस्से में अबीर से कुछ ऐसा कांड हो जाता... जो अबीर कभी न करता। अपने गुस्से पर काबू नहीं पाने के कारण, अबीर अपने सभी प्यार करने वाले लोगों को खो देता था, हमेशा - हमेशा के लिए...! पर वो करे भी तो, करे क्या? ये गुस्सा उसके बस में नहीं था और आज तो वो किसी का भला करने के चक्कर में, अपनी गर्लफ्रेंड और अपनी नौकरी... दोनों खो देने वाला था। ☆☆☆☆☆☆☆
"अबीर जल्दी चलो! किलिंग मशीन और उस अमीरज़ादे में लड़ाई हो गई है!" अंधेरे में एक आदमी की हांफती हुई आवाज सुनाई दी। उस आवाज को सुनने के बाद, एक लड़के की आलस भरी आवाज आई, "तुम संभालो ना उसे, अगर मैं गया तो बात बिगड़ जाएगी!"
तभी उस आदमी ने टेंशन से कहा, "अरे यार! वो अगर हमसे संभलता, तो तुझे क्यों बुलाते? वो किलिंग मशीन, उस अमीरज़ादे को छोड़ेगा नहीं। उसकी हरकतों से तो लग रहा है कि उसे मार ही डालेगा।"
इस बात को सुनते ही अंधेरे में एक साया प्रकट हुआ...!
☆☆☆☆☆☆☆
पाताल जेल!
काला पानी का नाम तो बहुत लोगों ने सुना होगा... लेकिन नरक का द्वार कही जाने वाली इस जेल के बारे में बहुत ही कम लोग जानते थे। जैसा इस जेल का नाम था, वैसी ही ये जगह भी थी। भारत और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के बीच में एक बहुत ही छोटा सा गुमनाम आइलैंड था। जिसके चारों तरफ पानी ही पानी था। पूरा आइलैंड जंगलों और खूंखार जंगली जानवरों से भरा पड़ा था। इस जेल को यहां बनाने के पीछे भी, बहुत ही गहरा कारण था और वो था... यहां के कैदी! इन कैदियों को रखने के लिए, इससे अच्छी जगह और कोई हो ही नहीं सकती थी। पहली बात तो इस जेल की सिक्योरिटी इतनी टाइट थी कि कोई भी कैदी सपने में भी यहां से भागने का नहीं सोच सकता था। हर एक खूंखार कैदी की निगरानी के लिए स्पेशल सर्विलांस कैमरे और एक ट्रेकर की व्यवस्था की गई थी। ये ट्रेकर इन कैदियों को जेल में लाते वक्त ही उनकी बॉडी में इंजेक्ट कर दिये जाते थे। इसके अलावा, हर कदम पर एक गार्ड और सीसीटीवी भी लगाए गए थे। इतनी सिक्योरिटी के बाद भी अगर कोई कैदी भागने की कोशिश करता, तो सबसे पहले तो वो जंगली जानवरों का निवाला बन जाता। और अगर फिर भी वो किसी तरह इन जंगली जानवरों के चंगुल से बचकर भाग जाता, तो समुद्र के अंदर लगभग 2 किलोमीटर के रेडियस में फैली हुई लेजर बीम के साथ - साथ, हाई पावर की इलेक्ट्रिसिटी वायरिंग, उन्हें यहां से भागने नहीं देती। इतनी टाइट सिक्योरिटी किसी आम कैदी के लिए तो हो नहीं सकती थी। यहां पर रखे जाने वाले कैदी बहुत ही ज्यादा खास किस्म के थे। अभी - अभी जिस किलिंग मशीन की बात हो रही थी, ये उसका असली नाम नहीं था। उसका असली नाम तो शायद दुनिया में कोई नहीं जानता था। लेकिन ऐसा नाम, उसे उसके खास चाहने वालों ने दिया था। ये आठ फुट का आदमी, बिलकुल राक्षस था। इस अकेले आदमी ने एक बार US की पूरी इंटेलिजेंस को चकमा देकर, US प्राइम मिनिस्टर का कत्ल कर दिया था और वो भी दिन दहाड़े...! इंडियन इंटेलिजेंस ने इसे बड़ी ही मुश्किलों से पकड़ा था। दूसरा नंबर था, उस आदमी का जिसे कुछ देर पहले आमीरजादे के नाम से पुकार रहे थे। ये आदमी पड़ोसी देश का खुफिया जासूस था, जिसने भारत में आकर यहां की नागरिकता हासिल कर ली थी और फिर भारत की ही जड़े खोखली करने में लग गया। इसके पास पैसे की कमी नहीं थी। इस पैसे का इस्तेमाल ये आतंकवादी हमले, ड्रग्स, आर्म्स डीलिंग और भी न जाने ऐसे ही कितने कामों के लिए करता था। ये तो बस दो लोगों की तारीफ थी... आगे के लोगों की तारीफ तो बाकी थी। इनके अलावा भी बहुत सारे खूंखार कैदी... कोल्ड ब्लडेड मडरर्स, साइकोपैथ, सैडिस्ट यहां पर बंद किए गए थे। यानि ऐसे सभी लोग... जो भारत के साथ - साथ पूरे विश्व के लिए खतरा बन सकते थे, उन्हें चुन - चुन कर इस जगह इकट्ठा किया गया था। ☆☆☆☆☆☆☆ जेल की कैंटीन में एक 8 फुट का लंबा - चौड़ा राक्षस जैसा आदमी, एक मरियल से दिखने वाले आदमी को उठा - उठा कर फेंक रहा था। पूरी कैंटीन की टेबल्स इधर - उधर गिरी हुई थी। पूरे फर्श पर खाना बिखरा हुआ था। मरियल से दिखने वाले आदमी के होठों के पास से बुरी तरह से खून बह रहा था। बाकी के कैदी दीवार के सहारे कुर्सी लगाकर इस लड़ाई का आनंद ले रहे थे और किलिंग मशीन को और ज्यादा उकसा रहे थे।
"किलिंग मशीन! मार डालो इसे!"
"मार डालो! मार डालो!"
"इसे तो मरना ही चाहिए!"
किलिंग मशीन के कुछ साथी, इसी तरह के नारे लगा रहे थे। बाकी कैदी इस सीन को देखकर बहुत ही ज्यादा खुश हो रहे थे। उसी वक्त एक 6 फुट का लंबा - चौड़ा लड़का, जिसने ग्रे कलर की शर्ट और ब्लू पैंट पहनी हुई थी, वो वहां पहुंच गया। उसने घूरकर सभी कैदियों की तरफ देखा... तो बहुत से कैदी चुपके से उस जगह से गायब हो गए। लेकिन अभी भी कुछ कैदी ऐसे थे... जो ढीठ की तरह इस लड़ाई को देख रहे थे। इसी वक्त इस आने वाले लड़के ने कहा, "मैंने तुम लोगों से कितनी बार कहा है कि इस जगह को अखाड़ा मत बनाया करो!"
इस लड़के की सख्त आवाज सुनने के बाद भी लड़ाई में कोई असर नहीं पड़ा। लड़के को बहुत तेज गुस्सा आ रहा था। उसने अपने आपको शांत करवाने की कोशिश करते हुए कहा, "शांत अबीर! तुम्हें गुस्सा नहीं करना है।"
अबीर ने अपने गुस्से को शांत करने की कोशिश की और तेजी से आगे बढ़कर किलिंग मशीन के हाथ से अमीरज़ादे को छुड़ा लिया। अमीरज़ादे की आंख नीली हो गई थी और दूसरी आंख देखकर लग रहा था कि काफी पहले ही फूट चुकी थी। उसकी हालत बहुत ज्यादा खराब थी। शरीर का ऐसा कोई अंग नहीं था, जहां से खून नहीं बह रहा हो। किलिंग मशीन ने जैसे ही अपने शिकार को अपने हाथ से निकलता देखा, तो उसने अबीर की तरफ घूरकर देखते हुए कहा, "ऐ लड़के! तुझे बीच में आने के लिए किसने कहा? जान की सलामती चाहता है, तो इसे मेरे हवाले कर दे।"
इतना कहकर वो आगे बढ़ा और उसने फिर से... एक और मुक्का अमीरज़ादे के मुंह पर जड़ दिया। अमीरज़ादे के कुछ दांत बाहर निकल कर गिरे और खून का फव्वारा छूटा। ये सारा खून अबीर के ऊपर आकर गिरा था। अबीर... जो इतनी देर से अपने गुस्से को शांत रखने की कोशिश कर रहा था। उसका गुस्सा एकाएक भड़क उठा। जैसे ही अबीर को गुस्सा आया, उसकी आंखों में हरी रोशनी दिखाई देने लगी। उसके कान अजीब तरीके से मूवमेंट करने लगे। उसके चेहरे पर अजीब से निशान बनने - बिगड़ने लगे। उसे देखकर ऐसा लग रहा था... जैसे किसी चीते ने अपने शिकार को लॉक कर लिया था। इसी वक्त किलिंग मशीन ने फिर से अमीरज़ादे को एक और पंच मारने के लिए अपना मुक्का आगे बढ़ाया। लेकिन इससे पहले कि वो मुक्का अमीरज़ादे को लग पाता, अबीर ने किलिंग मशीन का हाथ पकड़ लिया। सभी लोग इस सीन को देखकर बुरी तरह से घबरा गए। अबीर ने मुक्के को पकड़ कर दबाना शुरू कर दिया। किलिंग मशीन के एक हाथ की सारी हड्डियों के कड़कने की आवाजें पूरी कैंटीन में सुनाई देने लगी। बाकी कैदी... जो वहां पर खड़े थे, जिन्हें अब तक अबीर से कोई भी डर नहीं लग रहा था, अचानक से हड्डियों के कड़कने की आवाज सुनकर, वो भी वहां से गायब हो गए। किलिंग मशीन के चेहरे पर असमंजस और नासमझी के एक्सप्रेशन थे। जब तक उसका दिमाग ठीक से काम कर पाता, या वो समझ पाता कि उसके हाथ की हड्डियों को कितनी चोट लगी थी, तब तक उसके पूरे हाथ की हड्डियों का चूरा बन चुका था। ये देखकर किलिंग मशीन का गुस्सा, और भी ज्यादा बढ़ गया। वो तेजी से आगे बढ़ा और उसने अमीरज़ादे को छोड़कर अपने दूसरे हाथ से अबीर की गर्दन पकड़ ली और उसे ऊपर उठा दिया। किलिंग मशीन की हाइट ज्यादा होने की वजह से, वो बड़ी आसानी से अबीर को हवा में टांगे हुए था। तभी अबीर ने एक मुक्का उसके सीने में मार दिया। मुक्का ठीक उसी जगह जाकर लगा, जहां पर किसी भी इंसान का दिल होता है। उसी वक्त अचानक से हड्डियों के टूटने की आवाज आई और एक धमाके के साथ, खून की बूंदे चारों तरफ बिखर गई। जैसे ही अबीर ने अपना हाथ पीछे लिया, हाथ के साथ - साथ किलिंग मशीन का दिल भी उसके सीने से बाहर आकर गिरा और धड़कने लगा। ये सब बहुत भयानक और दिल दहला देने वाला था। किलिंग मशीन के हाथ से अबीर छूट गया और किलिंग मशीन जमीन पर जाकर गिरा। अबीर को दूसरा मुक्का मारने की जरूरत ही नहीं पड़ी थी। इस एक मुक्के ने किलिंग मशीन की पसलियां को तोड़ डाला था और सीधे जाकर किलिंग मशीन के दिल पर लगा था। मुक्का लगने की वजह से दिल चिथडों में फट गया और पूरा खून अबीर के ऊपर आ गया। अबीर का दिमाग गुस्से की वजह से बहुत गर्म था, लेकिन जैसे ही उसके ऊपर खून के छींटे गिरे, अबीर को अचानक एहसास हुआ कि उसके हाथ से क्या हो गया था?
अबीर ‘धम्म’ से नीचे जमीन पर बैठ गया। इधर अमीरज़ादे इस हरकत से बुरी तरह से घबरा गया था। वो कैंटीन की एक उल्टी पड़ी टेबल के कोने में, नीचे छुपकर बैठ गया। अबीर ने अपने हाथों को देखा और फिर किलिंग मशीन के चिथडे पड़े हुए दिल को देखा... जो अभी भी, रह - रह कर धडक रहा था। अबीर को इस बात का इतना ज्यादा गिल्ट हुआ कि उसने अपना हाथ जमीन पर जोर से मार दिया। हाथ मारते ही जमीन पर, एक बड़ा सा गड्ढा हो गया। अबीर ने अपने हाथों को देखते हुए कहा, "ये तुमने क्या कर दिया अबीर? तुम्हारे हाथों ने एक और जान ले ली!"
☆☆☆☆☆☆☆
किलिंग मशीन की जान जाने का गिल्ट, अभी कम ही नहीं हुआ था कि एक लड़की... जिसने आर्मी यूनिफॉर्म पहनी हुई थी, इस अफरा - तफरी की खबर सुनते ही तुरंत वहां पहुंच गई। उसने वहां बैठे हुए अबीर, मरे पड़े किलिंग मशीन और उसके चिथड़े पड़े दिल को देखा... तो वो पूरी सिचुएशन एक पल में समझ गई। उसने गुस्से से अबीर को डांटते हुए कहा, "ये क्या किया तुमने? तुम ऐसा कैसे कर सकते हो? गुस्से में तुम बिल्कुल जानवर बन जाते हो। मुझे समझ नहीं आता कि मैं किसी ऐसे आदमी से प्यार कैसे कर सकती हूं... जो अपने आपको कंट्रोल भी नहीं कर सकता है?"
अबीर... जो पहले से ही बहुत ज्यादा गिल्ट में था, उसने अपनी दुख और पछतावे से भरी हुई आंखों को उठाकर, लड़की की तरफ देखा। ये लड़की इस जेल की जेलर थी, और अबीर की गर्लफ्रेंड भी। ये दोनों एक - दूसरे से बहुत प्यार करते थे। अबीर की आंखों में पछतावा साफ दिखाई दे रहा था। लेकिन अभी - अभी उसने जो किया था, वो पछतावे से मिट नहीं सकता था। तभी लड़की ने तुरंत ही अपनी उंगली से एक अंगूठी निकाली और अबीर के ऊपर फेंकते हुए बोली, "अबीर! मैं तुम्हारे जैसे जानवर के साथ, अब और नहीं रह सकती। हर बार मैं तुम्हारे इस गुस्से को नहीं सह सकती। क्या पता कल को तुम्हें गुस्सा आए, और तुम यही हालत मेरी कर दो, या फिर हमारे बच्चों ने कभी कोई शैतानी कर दी, तो तुम तो उनके साथ भी यही करोगे।"
लड़की की बातें सुनकर अबीर का कलेजा कट कर रह गया। उसके हाथों से इतनी बड़ी गलती हुई थी कि वो खुद अपने आपको माफ नहीं कर पा रहा था। उसे समझ नहीं आ रहा था कि वो क्या और कैसे कहे?
लड़की ने पीछे पलट कर देखा, तो जेल का सिक्योरिटी स्टाफ वहां मौजूद था। लड़की ने सभी की तरफ इशारा करते हुए कहा, "अभी के अभी इस सारी गंदगी को साफ करो!"
इतना कहते हुए वो अबीर की तरफ पलटी और कहा, "इसे भी यहां से बाहर फेंक देना। आज के बाद ये हमारी जेल का डिप्टी जेलर नहीं है। आइंदा कभी ये इस जेल के आसपास भी दिखाई दे, तो इसे भी किसी एक बैरक में बंद कर देना।"
इतना कहते हुए, वो लड़की तेज कदमों से वहां से गायब हो गई। अबीर अभी भी हताश, दुखी सा वहां पर बैठा था। सिक्योरिटी स्टाफ ने अबीर से कुछ भी कहने की हिम्मत नहीं की, और वो चुपचाप किलिंग मशीन की बॉडी को उठाने लगे...!
ये देखकर, अबीर ने अपने आपसे कहा, "तुम ऐसा कैसे कर सकते हो? तुमसे अच्छे तो जानवर होते हैं। वो भी बिना किसी वजह, किसी की जान नहीं लेते। और तुमने गुस्से में आकर एक इंसान की जान ले ली! तुम तो जानवर से भी बदत्तर हो गए हो।"
इस वक्त अबीर के दिल ने कहा, "लेकिन ये सब कुछ मैंने जानबूझकर नहीं किया है। अगर उस दिन मेरा एक्सीडेंट नहीं हुआ होता, तो ये सब नहीं होता।"
☆☆☆☆☆☆☆
आखिर ऐसा क्या हुआ था, अबीर के बचपन में... जिससे वो अपने गुस्से पर कंट्रोल नहीं कर पाता? क्या किलिंग मशीन की जान की कीमत, अबीर अपनी गर्लफ्रेंड और नौकरी... दोनों को खोकर चुकाने वाला था?
…