Chapter 5 / 1440

Insta Millionaire | इंस्टा मिलियनेयर | Author - Swapnil

Chapter 5

Insta Millionaire | इंस्टा मिलियनेयर | Author - Swapnil ·Swapnil

डिम्पल, लकी को बहुत कुछ बोले जा रही थी, वो उसकी बातें बस सुन रहा था और देख पा रहा था कि डिम्पल कितनी बदल गई थी तभी उसका फोन बजा लकी ने फोन उठाया वो कुछ बोल पता उससे पहले ही सामने से आवाज आई।

"बहुत हो गया लक्ष्मण, अब बस जल्दी से घर आजा!"

आवाज़ सुनते ही लकी एक पल में उसे पहचान गया और उसके दिमाग़ से डिम्पल के सारे ख्यालात भी जा चुके थे सिर्फ़ उस आवाज़ को सुनकर ही उसकी आँखें भीग गई थी। फ़ोन पर लकी कि माँ थी और लकी अपनी माँ की आवाज़ पहचान गया था।

"मैं जल्दी आऊँगा माँ! बस पढ़ाई ख़त्म करते ही आ जाऊँगा!" लकी ने कहा। उसकी आँखें डबडबा आयी थी इससे पहले की वो आगे कुछ और कह पाता, उधर से उसकी माँ ने कहा,

"बस अब और कितना पढ़ेगा? तू अब जल्दी से आजा, मैने तेरे लिए एक लड़की ढूँढ रखी है!" उसकी माँ ने कहा और ये सुनते ही उसके होश उड़ गए। वो अभी डिंपल के सदमे में बाहर भी नहीं निकला था और इधर उसकी माँ ने उसके लिए लड़की भी ढूँढ ली थी।

"माँ माँ मैं, मैं अभी क्लास में हूँ, आपको थोड़ी देर बाद फ़ोन करता हूँ।" लकी ने आगे की बात से बचने के लिए कहा और फ़ोन रख दिया। फिर वो क्लास में आ गया।

"क्या तुम ठीक हो?" साक्षी ने लकी के कंधे पर हाथ रखते हुए पूछा। उसे सच में लकी की चिंता हो रही थी। लकी ने उसकी ओर देखा और मुस्कुरा दिया। साक्षी ने हल्के हाथ से उसके कंधे को सहलाया और बोली, "देखो! वैसे अब इसमें पछताने जैसी कोई बात नहीं है। डिंपल का असली चेहरा हम दोनों के ही सामने आ गया है अगर ये थोड़ी और देर से आता तो दर्द ज़्यादा होता, इसलिए जो हुआ ठीक हुआ। तुम्हें ऐसी लड़की के लिए परेशान या दुखी होने की कोई ज़रूरत नहीं है।"

लकी ने सिर्फ़ हाँ में अपना सिर हिलाया और अपनी मुस्कान को और थोड़ा सा बड़ा कर लिया। साक्षी के उसके कंधे पर हाथ रखने की वजह से लकी को और भी अच्छा महसूस हो रहा था। कम से कम उसके आसपास कोई तो था, जिसपर वो विश्वास कर सकता था।

"हाँ यार! तू चिंता मत कर! तुझे इस डिंपल से भी अच्छी लड़की मिलेगी देख लेना!" प्रीतम ने भी दूसरी तरफ़ से उसके कंधे को थपथपाते हुए कहा। लकी को अब सच मच काफ़ी अच्छा लग रहा था। तभी साक्षी तपाक से बोली "अच्छा चलो! आज हम तुम्हारे आज़ाद होने का जश्न मनाते है। मैं अपनी तरफ़ से तुम्हें ट्रीट दूँगी। कॉलेज के बाहर कहीं चलें, कैंटीन का खा-खाकर मैं बोर हो गई हूँ!"

"हाँ यार कैंटीन से तो मैं भी बोर हो गया हूँ!" प्रीतम ने कहा। साक्षी ने उसे घूरकर देखा और बोली, "अबे तुम्हें कौन ले जा रहा है!"ये सुनकर प्रीतम को झटका स लग गया, वो जानता था कि साक्षी बहुत ही साफ़ और सपाट बात करने वाली लड़की थी, लेकिन एक दिन वो भी उसकी इस साफ़गोई का शिकार हो जाएगा इसका उसे अंदाज़ा नहीं था।

"नहीं नहीं मैं तो खुद भी नहीं आ रहा था यार। मुझे तो निम्मी से मिलने के लिए जाना था, मैं तो बस बता रहा था की मैं भी बोर हो गया हूँ कैन्टीन का खा खा कर।" प्रीतम ने अपनी ओर से सफ़ाई देते हुए कहा।

"हाँ! लेकिन ट्रीट तुम मुझे नहीं, मैं तुम्हें दूँगा, पर आज नहीं, किसी और दिन और इस बार हम उस चमन पाव-भाजी वाले के पास नहीं जाएँगे! उससे थोड़ी सी दूरी पर सामने वाली लेन में जो रेस्टौरेंट है ना, सन एंड मून, वहाँ चलकर कुछ खाएँगे!" लकी ने कहा और अपनी जगह से खड़ा हो गया। साक्षी ने जब उसके मुँह से जब सन एंड मून का नाम सुना तो उसके कान खड़े हो गए। उसे उम्मीद नहीं थी की लकी को डिंपल के जाने के बाद इतना बड़ा झटका लगेगा। जितना पैसा लकी दस दिन में कमाता था, साक्षी ने सुना था की सन एंड मून में उतने पैसे में तो सिर्फ़ एक बार मेंं पूरा हो जाता था। उसे बिल्कुल भी विश्वास नहीं हो रहा था की लकी इतना बड़ा कदम उठा लेगा। वो झिझककर हँस पड़ी और बोली, "हहह! मतलब ठीक है ठीक है, मैं.. मैं इंतज़ार करूँगी! वैसे तुम्हें एक बात बताऊँ मैं आज तक कभी सन एंड मून में नहीं गई।" साक्षी के चहरे पर हल्की सी शर्म आ गई थी। साक्षी को लग रहा था की लकी सिर्फ़ जज़्बात में बहकर ये बात बोल रहा है की वो उसे सन एंड मून में ट्रीट देने वाला था, लेकिन उसे मालूम नहीं था की वो साक्षी को ज़िंदगी भर भी अगर वहाँ खिलाता तो भी उसकी जायदाद पर कोई असर नहीं होने वाला था।

"ठीक है तो फिर, मिलते है!" साक्षी ने कहा और वहाँ से निकल गई। इधर प्रीतम और उसके दूसरे दोस्त भी उसे अपने साथ लेकर कैंटीन की ओर आ गए थे। जैसे ही वो कैफेटेरिया में दाखिल होने वाले थे तभी अचानक से गर्वित रुक गया। उसकी आँखे उसके फ़ोन पर गढ़ी हुई थी और एक पल के लिए फ़ोन को देखने के बाद गर्वित ने कहा, "भाईसाहब! ये अमित ने ग्रुप चैट पर अपनी ही फजीति करवा ली! खोलो अपना होस्टल वाला ग्रूप खोलो, देखो क्या लिखा है इसने।"

लकी और प्रीतम ने तुरंत अपना फ़ोन निकाला और होस्टल वाला ग्रूप खोल लिया। हालाँकि लकी ने होस्टल छोड़ दिया था और सिर्फ़ डिंपल की वजह से वो एक छोटे से कमरे में रहने के लिए आ गया था, फिर भी उसने होस्टल का ग्रूप नहीं छोड़ा था और ना ही प्रीतम और गर्वित उसे वो ग्रूप छोड़ने देना चाहते थे। गर्वित की बात सुनते ही तुरंत उन दोनों ने अपनी जेब से फ़ोन निकाला और देखा,

"अरे बाप रे! कितना बड़ा गधा है ये!" लकी उन दोनों की तरफ देखते हुए बोला। अमित ने उस ग्रूप में एक मेसेज भेजा हुआ था जिसमें लिखा था,

"दोस्तों! आज से तुम्हारा भाई अमित सबके सामने ये एलान कर देना चाहता है, कि तुम्हारा भाई फिर से सिंगल से मिंगल हो गया है! सब के सब जल्दी से होस्टल आ जाओ, आज का लंच तुम्हारे भाई की तरफ़ से!"

"चलो अच्छा है! किसी को तो लड़की मिली! वैसे भी इससे इसका अकेलापन झेला नहीं जा रहा था।" लकी ने कहा।

"चलो चलो होस्टल चलते है! साले की आज जमकर ख़ीचेंगे!" प्रीतम ने कहा। गर्वित और प्रीतम तो आगे बढ़ गए थे, लेकिन लकी वहीं पर रुक गया था। वो उनके साथ आने में थोड़ा सा झिझक रहा था।

"अबे क्या हुआ, तू क्यूँ रुक गया? भूख नहीं लगी है?" गर्वित ने पूछा।

"लगी है यार, पर तुम लोग जाओ, मैं यही कुछ खा लूँगा!" लकी ने अपनी नज़र बचाते हुए जवाब दिया।

"अरे अब यहाँ किसके साथ खाएगा! तेरे साथ खाने वाली तो अभी किसी और के साथ खा रही है! इसलिए चलना भाई, तू हमारे साथ खा लेना! वैसे भी अमित ने पूरे ग्रूप को बुलाया और पूरे ग्रूप में तू भी तो आता है।" प्रीतम ने कहा।

"हाँ पर" लकी के पास इसके आगे कुछ कहने के लिए बचा नहीं था। उसका मन तो उन दोनों के साथ जाने के लिए बहुत कर रहा था पर वो फिर से होस्टल नहीं जाना चाहता था। अब वो होस्टल का हिस्सा नहीं रह गया था, इसलिए उसे लग रहा था की वहाँ खाना ठीक नहीं था।

"भाई मुझे मालूम है तू क्या सोच रहा है! लेकिन तुझे मालूम नहीं है की हम क्या सोच रहे है।" गर्वित ने कहा।

"क्या सोच रहे हो?" लकी ने उत्साह में पूछा। प्रीतम और गर्वित दोनों मुस्कुराने लगे और लकी को देखकर बोले, "आज के आज ही हम तेरा कमरा खाली करे देंगे!" गर्वित ने कहा।

"क्यूँ? क्यूँ खाली कर दोगे?" लकी ने पूछा।

"क्योकिं तू फिर से हमारे साथ रहने के लिए आने वाला है साले!" प्रीतम ने उसके कंधे पर हाथ रखा और उसे खींचकर अपने साथ लाने लगा। लकी ये बात सुनकर खुश हो गया था। उसे लग रहा था की वो डिंपल के जाने के बाद उस कमरे में अकेला हो जाएगा, लेकिन जब उसके ये दोस्त ज़िंदा थे, तब तक वो उसे अकेला नहीं छोड़ने वाले थे।

"थैंक्स यार! तुम लोग हो तो मैं" इसके आगे लकी कुछ कह नहीं पा रहा था, लेकिन उसकी आँखों में उसके दोस्तों के लिए प्यार साफ़ नज़र आ रहा था। थोड़ी देर के बाद जब वो तीनों होस्टल पहुँचे तो उन्होंने देखा की एक लड़का और एक लड़की एक साथ एक पलंग पर हाथ पकड़कर बैठे हुए थे।

"अरे! तुम लोग वापिस आ गए!" अमित ने चौंकते हुए लड़की का हाथ छोड़ा और तीनों की ओर देखते हुए कहा। अमित का क़द होस्टल के बाक़ी लड़कों से लम्बा था। उसका शरीर दुबला लेकिन सुडौल था। वो खेल कूद में बहुत अच्छा था।

"बेबी ये मेरे दोस्त है! दोस्तों ये मेरी बेबी-मेरा मतलब मेरी गर्लफ़्रेंड है, रोशनी, म्यूज़िक सीख रही है।" अमित ने कहा और रोशनी ने सबको Hi किया और फिर अमित बोला, "रोशनी ये मेरे रूममेट्स है, गर्वित, प्रीतम और लकी। लकी अब हमारे साथ नहीं रहता लेकिन हमारे दिलों में अभी भी ज़िंदा है, हैना लकी!"अमित ने थोड़ा मज़ाकिया अंदाज में कहा।

"हाँ अमित भाई पहले नहीं रहते थे पर भाई साहब अब हमारे साथ फिर से रहने के लिए आ रहे है, इसलिए आपने इनके बिस्तर पर अपने जो व्हे प्रोटीन के डब्बे जमा रखे है, उन्हें हटा लीजिए।" गर्वित ने कहा। ये सुनते ही अमित का चेहरा ख़ुशी से खिल गया। वो चाहता तो यही था की लकी, जोकि उन सबकी जान था, वो वापिस आ जाए। लेकिन वो ऐसे अचानक से वापिस क्यूँ आ रहा था इस बात का उसे अंदाज़ा नहीं था। इसलिए उसने पूछा, "पर क्या हुआ भाई? Landlord से लड़ाई वड़ाई हो गई क्या?"

"नहीं यार ऐसा कुछ नहीं है!" लकी ने धीमी आवाज में कहा। प्रीतम समझ गया था की लकी को आगे की बात करने में शर्म आ रही थी, इसलिए इससे पहले की अमित आगे उससे कोई सवाल करता, प्रीतम ने उसका बचाव करते हुए कहा, "अरे भाई! लाइफ़ है! कभी धूप है, कभी छाँव है, चलता रहता है! तू ज़्यादा सवाल मत कर और पलंग खाली कर जल्दी।" प्रीतम ने कहा और रोशनी की ओर इशारा कर दिया। अमित समझ गया था की वो उसके सामने इस बारे में कुछ बात नहीं करना चाह रहे थे। अमित ने भी आगे कुछ नहीं कहा और पाँचों के बीच में एक खामोशी सी छा गई। अमित ने उस चुप्पी को तोड़ते हुए कहा, "चलो तो फिर रॉबिंज़ कैफ़े पर खाना खाने के लिए चलते है। रोशनी की रूममेट भी आने वाली है। तुम्हें और किसी को बुलाना है? लकी तू डिंपल को बोल देना, वो भी आ जाएगी।" अमित ने जैसे ही ये कहा, गर्वित और प्रीतम उसे ग़ुस्से से देखने लगे। प्रीतम ने तो अपना सिर ही पकड़ लिया था। अमित की मोटी बुद्धि में उसकी छोटे छोटे ईशारे कभी नहीं घुस सकते थे, ये बात वो अच्छी तरह से समझ गया था। इधर लकी और डिंपल के बारे में सिर्फ़ उन तीनों को ही नहीं बल्कि पूरे होस्टल को पता था। अमित को ये भी मालूम था कि लकी डिंपल को कभी किसी अच्छी जगह खाने पर नहीं ले जा पाता था, इसलिए उसने सोचा की उसको ये मौक़ा भी वो अपनी तरफ़ से ही दे दे। अब इससे पहले की प्रीतम लकी की घाव को ढँकने की कोशिश करता, उसने खुद उसे कुरेदते हुए कहा, "अमित.. मैं और डिंपल अब साथ में नहीं है यार।"

"तुम और डिंपल साथ में नहीं हो मतलब? ये सब कब हुआ और कैसे?" अमित ने लकी से पूछा। उसका मुँह सवाल पूछने के बाद भी खुला का खुला ही रह गया था।

"अब हो गया तो हो गया ना यार! सब आज ही जानना है क्या तेरको!" गर्वित ने उसे थोड़ा सा फटकारते हुए कहा। अमित समझ गया था की इस बारे में बात करने के लिए ये सही मौक़ा नहीं था।

"अमित हमें निकलना चाहिए यार ! मेरी रूममेट्स का मेसेज आया है कि वो लोग निकल चुकी है। वो पहले से ही बहुत भूखी है, और अगर हमने उन्हें वेट करवाया तो वो मुझे ग्रिल करेंगी!" रोशनी ने कहा।

"हाँ अब अगर ऐसा है तो प्रीतम जी, गर्वित जी और लकी जी, आप अपने अपने कपड़े बदलो! प्रीतम तू लकी को कुछ बढ़िया सा दे देना! और प्लीज़ सब लोग जल्दी तैयार हो जाओ, हम लोग बाहर इंतज़ार कर रहे है।" अमित ने कहा और रोशनी का हाथ थामकर वो बाहर आ गया। इधर प्रीतम ने कमरे का दरवाज़ा बंद कर लिया था। अमित और रोशनी कमरे के बाहर खड़े थे। जहां अमित बारबार कमरे के दरवाज़े की ओर देखे जा रहा था, वहीं रोशनी अपने हाथ बांधे और मुँह फुलाए बरामदे के उस पार देखे जा रही थी। जब अमित की नज़र रोशनी पर पड़ी तो वो समझ गया कि कोई तो बात थी। जिस तरह से वो हाथ बंध के खड़ी थी उससे साफ़ समझ में आ रहा था की रोशनी को किसी बात पर ग़ुस्सा आ रहा था।

"क्या हुआ बेबी, कुछ हुआ है क्या?" अमित ने पूछा।

"नहीं कुछ नहीं यार बस ऐसे ही।" रोशनी ने कहा और अपना चेहरा दूसरी ओर घुमा लिया।

"बोलो ना बेबी क्या हुआ? मेरी कोई बात बुरी लगी गई क्या आपको?" अमित ने फिर से पूछा। रोशनी ने एक बार के लिए उसे देखा और फिर एक गहरी साँस लेते हुए बोली, "तुम्हें ऐसा नहीं लगता की तुम्हारे-तुम्हारे ये जो रूममेट्स है ये बहुत ही ऐव्रिज से है? मतलब तुम ख़ुद देखो ना, ना गर्वित की शक़्ल अच्छी है, ना प्रीतम की पर्सनालिटी में कोई अपील है और चलो लकी फिर भी थोड़ा बहुत अच्छा लगता है, लेकिन वो जिस तरह से रहता है और जिस तरह के कपड़े पहनता है, उससे साफ़ दिखता है की उसकी जेब टाइट है। अब ऐसे लोगों को मैं अपनी रूममेट्स के सामने कैसे ले जाऊँगी तुम ही बताओ?" अमित को उसकी बात सुनकर मन ही मन काफ़ी अजीब लगा।

"अरे हम सिर्फ़ खाना खाने ही तो जा रहे है। हम कोई ब्लाइंड डेट थोड़ी सेट कर रहे है, इनके और तुम्हारी रूममेट के बीच में, तो फिर तुम इतना परेशान क्यूँ हो रही हो?"

"तुम्हें ऐसा लग रहा है कि मेरी रूममेट बाहर इतना दूर, इतनी धूप में सिर्फ़ और सिर्फ़ खाना खाने के लिए आ रही है! अमित तुम सच में डंब हो! अरे भले ही उन्होंने मेरे फ़ेस पर ये ना कहा हो कि वो ऐसा कुछ सोच रही है, फिर भी मैं जानती हूँ कि वो वहाँ सिर्फ़ तुम्हारे रूममेट से मिलने के लिए आ रही है। क्या पता किसी को कोई पसंद आ जाए तो? मैने उन्हें तुम्हारी फ़ोटो दिखाई थी। तुम्हें देखते ही सबकी ज़ुबान ऐसे लप-लप होने लगी थी और उन्हें लगा की तुम्हारे रूममेट भी तुम्हारे जैसे ही होंगे, इसलिए वो सब मुझे उन सबको भी खाने पर लाने के लिए कह रही थी।" रोशनी ने चिढ़ते हुए कहा।

"हाँ बेबी सॉरी मुझसे गलती हो गई ! मैने तुम्हें बताया ही नहीं की मेरे सारे रूममेट बायआलॉजी सेक्शन से है।" अमित ने कहा। असल में वो था सपोर्ट कोटा से, लेकिन वहाँ पर जगह नहीं थी इसलिए उसे लकी की डोर्मेटोरी में शिफ़्ट कर दिया गया था।

"अब इसमें मैं क्या करूँ! तुम ये सब मुझे अब बता रहे हो! एक काम करती हूँ, मैं लंच कैन्सल कर देती हूँ! बोल दूँगी अमित का ट्रेनिंग सेशन शुरू हो गया है।" रोशनी ने फिर से चिड़ते हुए कहा।

"अरे नहीं यार नहीं! प्लीज़ ऐसा मत करो!" अमित ने उसके आगे हाथ जोड़ते हुए कहा। अगर ऐसा हो जाता तो प्रीतम और गर्वित उसकी नाक में दम कर देते। वो दिखता पहलवान सा था लेकिन उसे इन दोनों से बहुत डर लगता था।

"तो फिर ठीक है! अब वहाँ इनके साथ जो कुछ भी हो, उसके लिए तुम मुझे ब्लेम मत करना प्लीज!" रोशनी ने कहा और इससे पहले अमित उससे आगे कुछ कह पाता, रोशनी का फ़ोन बज उठा था।

"हेलो! हाँ कोयल! अच्छा तुम लोग पहुँच गए? हाँ-हाँ इतनी भी जल्दी क्या है, जब तुम मिलोगी तो खुद ही देख लेना। अच्छा तुम्हारे सिर में चोट-अच्छा अच्छा ठीक है, हम बस आ रहे है।" रोशनी ने कहा और फ़ोन रख दिया। ये कोयल वही थी जो आज सुबह ही लकी से बैंक में टकराई थी। वो रोशनी की बहुत अच्छी दोस्त थी और इन सब में सबसे अमीर। इतने में गर्वित, प्रीतम और लकी कमरे से बाहर आ गए थे। इधर तीन सुंदर सी बन ठन के आयी हुई लड़कियाँ एक टेबल पर पहले से ही बैठी हुई थी। उनकी शक़्ल सूरत और कपड़े देखकर ही ये पता चल रहा था की वो पैसे वाले घरों से थी। उनमें से एक लड़की का चेहरा छोटा और गोल सा था। उसकी आँखें बड़ी बड़ी और चमकीली सी थी और उन तीनों में सबसे सुंदर वही थी।

"कोयल! तुम्हारे सिर पर कुछ लाल सा लगा हुआ है! कहीं कोई चोट-वोट लगी थी क्या?" एक लड़की ने कोयल से पूछा। कोयल ने तुरंत अपना फ़ोन निकाला और अपने सिर पर लगी चोट को देखने लगी फिर उसने कहा,"अरे यार! आज सुबह जब मैं अपने पापा के साथ न्यू सिटी बैंक गई हुई थी, तो वहाँ पर एक गधे से टकरा गई! इतना बेवक़ूफ़ आदमी मैं अपनी ज़िंदगी में नहीं देखा। मन तो कर रहा था उसका मुँह नोच लूँ!" कोयल ने कहा। अब इधर कोयल लकी को कोस रही थी, जबकि दोनों इस बात से अंजान थे की फिर से उनका सामना होने वाला था। आख़िर क्या धमाका होगा जब कोयल और लकी फिर से एक दूसरे के सामने आएँगे?

क्या वो लकी की इन्सल्ट करेगी वो भी उसके दोस्तों के सामने? या फिर लकी उससे इस बार जवाब देगा ?

Chapter List: Previous

Chapter List: Next

Related Novels