लकी न्यू सिटी बैंक से अपना सुप्रीम कार्ड लेकर निकल गया था। असल में उसे क्लास जाने में देर हो रही थी। इसलिए वो बिना यासमिन को कुछ कहे या उसे सबक़ सिखाए वहाँ से निकल आया था। लकी दिल्ली यूनिवर्सिटी के ही एक कॉलेज में पढ़ता था। जैसे ही वो कॉलेज के अंदर दाखिल हुआ, उसका पैर एक कीचड़ से भरे गड्ढे में पड़ गया।
"ohh shit!" उसने अपने आप से कहा और अपने जूतों को पास की सड़क और साफ़ करने लगा। वो कॉलेज अड्मिनिस्ट्रेशन के दफ़्तर को देखकर कोस रहा था। कॉलेज की सड़कों पर इतने सारे गड्ढे हो गए थे, लेकिन वो लोग एक भी गड्ढा नहीं भरवा रहे थे। जब भी लकी इस चीज़ की कम्प्लेंट करने के लिए वहाँ जाता था। तो वो उसे ये कह देते की फंड नहीं है। उसने जैसे तैसे अपना जूता तो साफ़ कर लिया था, लेकिन वो अपनी पेंट पर लगे कीचड़ के दाग को साफ़ नहीं कर पाया था। वो बाथरूम की ओर जा पाता, इतने में क्लास की घंटी बज गई थी। वो भागते हुए क्लास में पहुँचा। उसने दरवाज़े के बाहर से ही देखा की प्रफ़ेसर कमलनाथ मिश्रा पोडीयम पर आ गए थे, और उन्होंने आज के लेक्चर की शुरुआत कर दी थी। जैसे ही उनकी नज़र बाहर खड़े लकी पर पड़ी, तो उनकी आँखें निराशा से भर आई। इधर लकी का सिर भी शर्म से झुक गया था और उसे अंदर ही अंदर बुरा लग रहा था। कॉलेज में जितने भी प्रफ़ेसर थे, उनमें से कमलनाथ जी को लकी सबसे ज़्यादा पसंद करता था। बाक़ी प्रफ़ेसर ये बात जानते थे की लकी पढ़ाई के साथ- साथ जॉब भी करता था, इसलिए उसका पढ़ाई में ध्यान नहीं था, इसलिए वो भी लकी के ऊपर ज़्यादा ध्यान नहीं देते थे। कुछ लोग तो पूरी क्लास के सामने उसका मज़ाक़ भी उड़ाते थे, लेकिन सिर्फ़ कमलनाथ जी ही ऐसे प्रोफ़ेसर थे, जो उसके साथ बराबरी का व्यवहार करते थे। लकी बिना कुछ कहे, वैसे ही अपना सिर नीचे झुकाए क्लास में दाखिल हो गया था। जैसे ही उसके पैर क्लास में पड़े, सभी लोग उसी की ओर देखने लगे।
"अबे.. ये फटीचर कबसे लेट आने लगा? सूरज पश्चिम से उग सकता है, लेकिन ये कभी लेट नहीं हो सकता, आज क्या हो गया इसे।" एक लड़के ने लकी को छिड़ाते हुए कहा।
"इसकी पेंट तो देखो यार! कितनी गंदी है! भाई क्लास में लड़कियाँ भी होती है, कम से कम कपड़े तो ढंग के पहन के आ यार!" दूसरे लड़के ने कहा और ये सुनकर उसके पास में बैठी लड़की उसके ऊपर हँस दी और बोली,
"अरे कहाँ से पहनकर आता, कपड़ों के लिए पैसे तो है नहीं इसके पास! एक ये कपड़ा है इसके पास, बहुत है इसके लिए!"
क्लास में बैठे सभी लोगों ने लकी के ऊपर फबतियाँ कसनी शुरू कर दी थी। हर कोई उसके बारे में कुछ ना कुछ कहे जा रहा था। ऐसा नहीं था की लकी ये साब आज ही सुन रहा था, इस तरह की फबतियों का सामना वो रोज़ करता था। रोज़ उसे ऐसी बातें सुनकर बुरा भी लगता था और आज भी उसने अपना सिर तो नीचे झुका ही रखा था, लेकिन आज उसके चहरे पर एक मुस्कान थी। इन लोगों को पता नहीं था की ये अन्लकी आज कितना लकी होकर आ रहा था। जैसे ही क्लास में बैठे बच्चों का शोर बढ़ने लगा, उधर से कमलनाथ जी ने चिल्लाते हुए कहा, "आपस में बात करना बंद करो! अगर तुम लोग इसी तरह बात करते रहोगे तो मैं आगे नहीं पढ़ाऊँगा!" सभी लोग शांत हो कर उनकी बात सुनने लगे। तब तक लकी भी अपनी कुर्सी पर जाकर बैठ गया था। कमलनाथ जी ने फिर से पढ़ाना शुरू किया और पढ़ाते- पढ़ाते ना जाने क्यूँ उनकी नज़र बार- बार लकी की ओर जा रही थी। लकी को समझ में नहीं आ रहा था की कमलनाथ जी ऐसा जान बूझकर कर रहे थे? उनकी आँखों को देखकर ऐसा लग रहा था की उनमें लकी के लिए ढेर सारा ग़ुस्सा भरा हुआ था। उसे ऐसा लग रहा था की शायद वो अपने प्रफ़ेसर की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहा था। थोड़ी ही देर में कमलनाथ जी की क्लास खत्म हो गई थी।
"आज की क्लास यहीं खत्म होती है। कल आप सबको क्या काम करके लाना है, वो मैने यहाँ लिख दिया है। कल मिलते है आप सब से।" कमलनाथ जी ने कहा और क्लास से बाहर चले गए। जैसे ही वो बाहर गए, पीछे वाले दरवाज़े से किसी की आवाज़ आई, "डिंपल!"
जैसे ही वो आवाज़ सबके कानों में पड़ी, सब लोग क्लास के पीछे वाले दरवाज़े की ओर देखने लगे। वहाँ और कोई नहीं बल्कि डिंपल का नया बोयफ़्रेंड राहुल खड़ा था। सब लोग राहुल को अच्छी तरह से जानते थे। राहुल ने दरवाज़े से झाँककर देखा तो वहाँ कोई नहीं था। वो धीरे- धीरे कमरे में दाखिल हुआ और सीधा डिंपल के पास चला गया। डिंपल खिड़की के पास बैठी हुई थी। जैसे ही राहुल उसके पास पहुँचा, डिंपल ने अपने हाथ उसकी गर्दन में किसी हार की तरह डाल दिए और वो उसकी बाहों में झूम उठी। उधर राहुल ने भी डिंपल को सबके सामने चूम लिया। ये नजारा देखते ही सबकी नज़रें लकी के ऊपर जा टिकी। सबको अभी तक तो यही पता था की डिंपल लकी की गर्लफ़्रेंड है। किसी को इस बात की खबर नहीं थी की उन दोनों का ब्रेकअप हो गया था। डिंपल को राहुल की बाहों में देखकर लकी के तन बदन में आग तो लग गई थी, लेकिन फिर भी वो शांत होकर वहीं बैठा हुआ था और उसने अपने ग़ुस्से पर क़ाबू कर लिया था।
"अरे भाई ये सब क्या हो रहा है?" उसके एक दोस्त ने आकर लकी से कहा।
"होने दे न यार जो हो रहा है!" लकी ने कहा। उसका इस बारे में किसी से बात करने का कोई मन नहीं कर रहा था।
"अरे भाई तुझे पता है! ये राहुल कितना चालू आदमी है! अभी तक इस कॉलेज की पाँच लड़कियों को फँसा चुका है और ये डिम्पल छठी है!" लकी के दोस्त प्रीतम ने उससे कहा। उसकी बात सुनते ही लकी ने प्रीतम को घूरकर देखा। प्रीतम को लगा की लकी को उसकी बात का बुरा लगा था लेकिन अगले ही पल वो उसे देख मुस्कुराया और बोला,
"कोई बात नहीं भाई! सबकी अपनी- अपनी लाइफ़ है।" ये कहकर लकी डिंपल की ओर देखने लगा, जोकि राहुल की बाहों में इतरा रही थी। वो जानती नहीं थी कि लकी चाहता तो यहीं खड़े- खड़े राहुल और उसके पिता को उनके कारोबार समेत ख़रीद सकता था। उधर जैसे ही रहल और डिंपल की नज़र भी लकी पर पड़ी तो वो जान बूझकर उसे छेड़ने के लिए उसके सामने से गुजरने लगे।
"अच्छा लकी सुनना ज़रा!" अचानक से डिंपल लकी के सामने रुकी। उसने अभी भी राहुल की कमर में अपना एक हाथ डाल रखा था। फिर उसने अपने दूसरे हाथ से अपना मोबाइल निकाला और उसका कवर खोलकर लकी के मुन्ह पर फेंक दिया और बोली,
"अब क्यूँकि मैं तुम्हारे साथ नहीं हूँ, इसलिए मुझे तुम्हारे इस कवर की भी ज़रूरत नहीं है, इसे तुम अपने पास रख सकते हो।" लकी ने उससे कुछ नहीं कहा और नीचे गिरा वो कवर अपनी टेबल पर रख लिया।
"बेबी इसने तुम्हें कवर गिफ़्ट किया! कवर कौन गिफ़्ट में देता है भाई!" राहुल ने उसके सामने ही डिंपल से कहा। राहुल लकी को नीचा दिखाने का एक भी मौक़ा अपने हाथ से जाने नहीं देना चाहता था। लकी अंदर ही अंदर मुस्कूरा रहा था। डिंपल ने राहुल की ओर देखा और बोली,
"बेबी बात ये है की जिसकी मोबाइल ख़रीदकर गिफ़्ट करने की औक़ात नहीं होगी, वो सिर्फ़ कवर ही गिफ़्ट कर सकता है!"
"कोई बात नहीं बेबी! मैं आज ही तुम्हें एक नया फ़ोन दिलाता हूँ! आजाओ चलते है कंनौट प्लेस और वहाँ से लाते है बेबी के लिए एक नया-नया फ़ोन!" राहुल ने कहा। लकी का मन तो यही कर रहा था की वो जोर से राहुल के ऊपर हँसे, लेकिन उसने अपनी हँसी को रोक लिया था।
"हाँ बेबी! पहले हम एक नया फ़ोन ख़रीदेंगे और फिर उस नए फ़ोन की पार्टी भी करेंगे! और उसके बाद आज..." डिंपल ने कहा और राहुल के चहरे पर उँगलियाँ फिराने लगी। राहुल भी और लकी भी उसके ईशारे को समझ गया था। लकी जानता था कि वो ये सब सिर्फ़ उसे चिढ़ाने के लिए कर रही थी। लेकिन लकी को खुद के लिए नहीं बल्कि उसी के लिए बुरा लग रहा था। वो मन ही मन यही सोच रहा था की अगर डिंपल थोड़ा सा, बस थोड़ा सा और इंतज़ार कर लेती तो आज लकी उसके लिए फ़ोन की पूरी दुकान ख़रीदकर रख देता।
"भाई! ये सब क्या हो रहा है! तेरे सामने ये सब हो रहा है और तू बस मुस्कुराए जा रहा है? ग़ुस्सा नहीं आ रहा तुझे?" प्रीतम ने पूछा।
"नहीं! जो हो रहा है, अच्छा ही हो रहा है! जो होता है वो भी अच्छे के लिए ही होता है! इसीलिए चिल्ल!" लकी ने कहा और फिर से राहुल और डिंपल की ओर देखने लगा। जब उन दोनों की नज़र लकी के मुस्कुराते हुए चेहरे पर पड़ी तो वो अंदर तक भभक गए। दोनों के दोनों ही ये सब सिर्फ़ और सिर्फ़ लकी को जलाने के लिए कर रहे थे, लेकिन वो तो ऐसा बैठा था जैसे उसका और डिंपल का कोई रिश्ता ही नहीं था। जब अपनी इन सब बातों का लकी के ऊपर कोई असर होता नहीं दिखाई दिया, तो डिंपल राहुल से बोली, "बेबी चलो यहाँ से!"
"बेबी नहीं बेबी, हबी! आज से तुम मुझे बोलोगी हबी और मैं तुम्हें बोलूँगा मेरी प्यारी वाइफ़ी!" राहुल ने कहा और लकी के सामने ही डिंपल को चूम लिया। ये देखते ही लकी थोड़ा सा जल भून तो गया था और इसका जवाब भी वो राहुल को देना चाहता था, इसलिए उसने कहा, "डिंपल ये सब क्यूँ कर रही हो तुम? क्या दिखाना चाहती हो इस सबसे?" लकी को डिंपल का ऐसा रूप देखकर उसी के लिए बुरा लग रहा था। राहुल की किसी बात का तो लकी के ऊपर कोई असर हुआ नहीं, लेकिन लकी की इस बात का राहुल को ज़रूर बुरा लग गया था। उसने ग़ुस्से से अपनी नाक फुलाते हुए कहा, "ओए फटीचर! ज़्यादा बकवास करने की ज़रूरत नहीं है! आज के बाद अगर तूने मेरी डिंपल के बार में कुछ कहा या उसकी तरफ आँख उठाकर भी देखा ना, तो मैं राजपथ पर तेरी परेड करवा दूँगा!"
"रहने दे भाई! उसकी ज़रूरत नहीं पड़ेगी! मैं ख़राब चीज़ ना तो देखता हूँ और ना ही उसके बारे में बात करता हूँ!" लकी ने कहा और फिर से प्रीतम की ओर देखकर हँसने लगा। जिस तरह से लकी आज राहुल के मुँह पर जवाब पर जवाब फेंककर मार रहा था, प्रीतम को विश्वास ही नहीं हो रहा था की ये वही लकी है, जो उसका दोस्त हुआ करता था। उधर राहुल उसका जवाब सुनकर ग़ुस्से से लबरेज़ हो गया था। वो लकी को सबक़ सीखाने के लिए अपना घूँसा तानकर उसकी दिशा में बढ़ ही रहा था की इतने में पीछे से एक लड़की की आवाज़ आई,
"डिंपल!" सब लोगों ने फिर से उस आवाज़ की ओर देखा। वहाँ पर एक थोड़े छोटे क़द की लड़की खड़ी थी और वो ग़ुस्से से डिंपल की ओर देख रही थी। उसकी आँखों पर चश्मा था और उसके बाल खुले हुए थे।
"अब तू हद से आगे बढ़ती जा रही है डिंपल! लकी जैसे लड़के को छोड़कर तू इस एक नम्बर के लफंगे लड़के के साथ लगी पड़ी है! तुझे तो कॉलेज के किसी गड्ढे में जाकर डूब मरना चाहिए!"
"साक्षी" ये तू क्या कह रही है! ज़ुबान सम्भाल अपनी!" डिंपल ने कहा। राहुल के बारे में बुराई नहीं, बल्कि लकी के बारे में अच्छी बात सुन लेने की वजह से डिंपल का मन ख़राब हो गया था। जब डिंपल लकी के साथ थी तो उसकी साक्षी से भी अच्छी दोस्ती थी। साक्षी एक बहुत ही सुलझी हुई लड़की थी। जब भी डिंपल और लकी के बीच में किसी बात को लेकर झगड़ा होता था, तो डिंपल उसे सुलझाने के लिए अक़्सर साक्षी की ही मदद लेती थी।
"मैं जो कह रही हूँ, सही कह रही हूँ! तुझे सिरियसली शर्म आनी चाहिए डिंपल! मैने कभी नहीं सोचा था कि तू ऐसी लड़की निकलेगी! लकी जैसा बंदा ना तुझे कहीं नहीं मिलेगा।" साक्षी ने कहा और एक कदम आगे आ गयी। इधर लकी ने देखा कि साक्षी की बात सुनते ही राहुल के कान खड़े हो गए थे, लेकिन वो सच बोल रही थी, इसलिए राहुल कुछ नहीं कर सकता था। साक्षी लकी के पास आकर खड़ी हुई और बोली, "तू इतना जल्दी कैसे भूल गई की लकी तेरे लिए हर टफ़ टाइम में खड़ा रहता था, जब भी तू बीमार होती थी और तेरी खड़े होने की भी हालत नहीं होती थी, तो बेचारा तेरे लिए खाना बनाता था, तेरे कपड़े धोता था, और तो और तेरे लिए दवाई तक लेकर आता था! तुझे याद नहीं है जब हम सब हिमाचल घूमने के लिए गए थे, और तेरे पैर में मोच आ गई थी तो ये बेचारा अपनी नौकरी छोड़कर भागा- भागा रात में हमारे पास आ गया था! इतना प्यार किया इसने तुझसे और तू इसे छोड़कर जा रही है!" साक्षी ने कहा। अपने लिए साक्षी के मुँह से इतना सब सुन लेने के बाद लकी ने अपनी गर्दन नीचे झुका ली थी। उसे डिंपल के साथ बिताए वो सारे लम्हे याद आ रहे थे। वो डिंपल के ऊपर जान छिड़कता था। उसका बस चलता तो वो डिंपल को अपनी हथेलियों पर लेकर घूमता। भले ही उस वक्त उसके पास पैसा नहीं था, लेकिन वो फिर भी डिंपल की छोटी से छोटी डिमांड को पूरा करने के लिए अपनी जान लगा देता था। जो कवर डिंपल ने उसके मुँह पर फेंका था, उस कवर को ख़रीदने के लिए लकी ने तीन दिन तक ओवरटाइम किया था। लकी को जैसे ही ये सब याद आया, उसकी पलकों की कोरें भीग गई थी। इधर साक्षी की बात पूरी नहीं हुई थी, उसने आगे कहा, "अरे ये लकी, अपनी छोटी सी सैलरी में से भी रोज़ तेरे गोल-गप्पों के लिए पैसे निकाल लेता था। तुझे नहीं पता है, मुझे पता है की आज भी एक बाइक ख़रीदने के लिए बंदा पैसे जोड़ रहा है। रोज़ दाल और रोटी खा रहा है, सिर्फ़ इसलिए ताकि तुझे बाइक पर घुमा सके और तू ऐसे आदमी को नीचा दिखाने की कोशिश कर रही है?"
ये सब सुनकर डिंपल का चेहरा बुझ गया था। उसे भी साक्षी की कही सब बातें उसके दिल पर लग तो रही थी, लेकिन इस वक़्त वो राहुल के साथ थी। उसका हाथ राहुल की कमर में था और वो चाहकर भी राहुल के ख़िलाफ़ ना तो कुछ बोल सकती थी और ना ही कुछ सुन सकती थी। इसलिए उसने अपने बचाव में कहा, "हाँ तो ये तो इसका प्रॉब्लम है ना! मैने इससे पहले ही कहा था कि ये मेरा प्यार अफ़ॉर्ड नहीं कर पाएगा, तो फिर ये मेरे साथ इतना आगे बढ़ा? आज अगर मैं चीज़ सैंड्विच खा सकती हूँ, तो फिर मैं बिना घी की रोटी क्यूँ खाऊँ?"
लकी उसकी सब बात सुन रहा था और इससे पहले की वो उसे कुछ जवाब देता, अचानक ही उसका फ़ोन बज उठा। उसने मोबाइल निकालकर देखा तो पाया कि किसी अंजान नम्बर से फ़ोन आ रहा था। लकी बीच में ही फ़ोन उठाने के लिए निकल गया।
"देखा! कितनी बदतमीज़ी से उठकर चला गया! चलो हबी!" डिंपल ने राहुल के हाथ को कसकर पकड़ा और निकल गयी। इधर फ़ोन पर लकी कुछ बोलता की उससे पहले ही….