उस मैसेज को पढ़ने के बाद, बरसात में भी उसका चेहरा सूरज की तरह खिल उठा था। लकी ने इस मेैसेज को पढ़कर ख़त्म किया ही था की उसके फ़ोन पर बारिश की बूँदें जमा होने लगी थी। लकी ने थोड़ी देर की ख़ुशी मनाने के बाद याद किया की वो सच में गरीब नहीं था। असल में उसके परिवार ने उसे एक परीक्षा में डाल रखा था, जिसका नाम था ग़रीबी अभ्यास परीक्षा। इस परीक्षा के तहत लकी को अग्रवाल ख़ानदान में उसके नाम की ज़मीन और जायदाद पर तब तक हक़ नहीं मिलने वाला था, जब तक की वो इस परीक्षा को पास नहीं कर लेता। अचानक से उसे याद आया की वो गरीब नहीं था बल्कि गरीब होने की परीक्षा दे रहा था। हालाँकि परीक्षा देते-देते उसे आठ साल हो गए थे इसलिए उसे ऐसा एहसास हो रहा था कि वो कभी परीक्षा को पास नहीं कर पाएगा और हमेशा हमेशा के लिए गरीब ही रह जाएगा।
"अच्छा हुआ चली गयी! अब मिलना कभी!" लकी ने होटल की तीसरी मंज़िल के ओर देखा और पानी के अंदर ही अपना पैर पटक दिया। वो डिम्पल को कोस रहा था। उसने अपनी मोटरसाइकिल उठाई और फिर से चमन मेडिकल स्टोर जाने के लिए मुड़ गया। अगले दिन जब लकी की आँख खुली तो वो सीधा उठा और तैयार हो कर शहर के सबसे बड़े बैंक, न्यू सिटी बैंक पहुंचा। न्यू सिटी बैंक ना सिर्फ़ शहर का सबसे बड़ा बैंक था बल्कि वो सबसे अमीर बैंक भी था। वहाँ पर शहर के सबसे अमीर लोगों के ही पैसे जमा किए जाते थे। लकी वहां पैसे को निकलवाने के लिए जा रहा था। न्यू सिटी बैंक साउथ दिल्ली में था और उसके दरवाज़े के बाहर महँगी से महँगी गाड़ियां खड़ी थीं।
"भाई अब इसमें से कौन सी गाड़ी लेगा?" लकी ने मन ही मन सोचा। उसे यक़ीन नहीं हो रहा था की कल तक वो एक मोटरसाइकिल तक नहीं ख़रीद पा रहा था और आज वो एक कार और वो भी इतनी महँगी कार ख़रीदने की सोच रहा था फिर उसने अपनी नज़र गाड़ी से हटाई और बैंक के अंदर जाने लगा। उसने देखा कि बाहर बहुत भीड़ थी और महँगे से महँगे कपड़े पहने हुए लोग बैंक के अंदर जा रहे थे।
"कहाँ दवाओं की बदबू और कहाँ ये ख़ुशबू!" उसने एक बहुत ही गहरी साँस के अंदर ज़्यादा से ज़्यादा ख़ुशबू को समेटने की कोशिश करते हुए अपने मन में सोचा। लेकिन अगले ही पल उसके मन में संकोच पैदा हो गया था। रातों रात लकी की क़िस्मत तो बदल गई थी लेकिन रातोंरात वो उसके कपड़े नहीं बदल पाया था। इतने बड़े बैंक में वो वही कपड़े पहनकर आ गया था जो वो अक्सर अपने काम पर पहनकर जाता था।
"पैसे लेते ही सबसे पहले नए कपड़े खरीदूँगा।" लकी ने अपने आप से कहा और फिर बैंक के अंदर दाखिल होने लगा। जैसे ही उसने दरवाज़े को धक्का दिया उसे आवाज़ आयी,"आउच!" लकी थोड़ा सा हड़बड़ी में दिखाई दे रहा था और इस जल्दबाज़ी के चक्कर में वो एक लम्बे बाल वाली लड़की से जा टकराया था, जो कि उसके बग़ल में ही चल रही थी।
"माफ़ करना मैं आपको देख नहीं पाया सॉरी।" लकी ने तुरंत उससे हाथ जोड़कर माफ़ी माँगते हुए कहा। उस लड़की ने इतने अच्छे कपड़े पहन रखे थे की उसे देखकर ही लग रहा था की वो किसी अमीर घराने की लड़की थी,इसलिए सॉरी बोलते वक़्त ना चाहते हुए भी लकी के हाथ उसके सामने जुड़ गए थे। लेकिन जब उस लड़की ने लकी के कपड़े और उसके हुलिये को देखा तो उसने अपनी नाक बोंह सिकोड़ ली। वो लगभग हर रोज़ इस बैंक में आया और ज़ाया करती थी। लेकिन उसने आजतक इस बैंक के अंदर लकी जैसे फटीचर आदमी को घुसते हुए नहीं देखा था। उसके बालों में से आँवले के तेल की गंध आ रही थी। उसने ग़ुस्से भरी नज़रों से लकी को देखा और बोली, "क्यूँ नहीं देख पाए? मैं क्या ट्रैन्स्पेरेंट हूँ? तुम्हें इतनी बड़ी लड़की दिखाई नहीं देती?"
इससे पहले की बात आगे बढ़ती, उस लड़की ने देखा की इस बैंक की मैनेजर यासमिन पटेल उन दोनों की ओर बड़ी चली आ रही थी। उसने भी लकी को देखकर वैसी ही शक़्ल बनाई थी जैसी शक़्ल उस लम्बी लड़की ने बनाई थी।
"I'am so sorry miss ! आपको कहीं लगी तो नहीं?" यासमिन ने उस लड़की से पूछा और फिर घिन्न भरी नज़रों से लकी की ओर देखने लगी। लकी तमतमाती आँखों से उन दोनों को देखे जा रहा था। वो जानता था कि उसने इतनी जोर से भी दरवाज़ा नहीं खोला था की उसे चोट लग जाए लेकिन असल में उसे ये नहीं मालूम था की वो लोग उसे नहीं बल्कि उसके कपड़ों को देख रहे थे। यासमिन ने लकी को ऊपर से नीचे तक देखा और ना जाने क्यूँ उसके मन में शक़ पैदा हो गया।
"क्या आप मुझे बता सकते है की आप यहाँ पर किस काम से आए है?" यासमिन ने बड़ी मुश्किल से अपने चेहरे पर एक मुस्कान लाते हुए कहा। वो उसका हुलिया देखते ही समझ गई थी की वो यहाँ का कस्टमर नहीं था। लकी ने अपने आपको सम्भाला और कहा, "हाँ मैं वो अपना पैसा निकालने के लिए आया था।"
"पैसा निकलवाने के लिए आए हो?" यासमिन ने लकी की ही बात को दोहराते हुए कहा। वैसे तो वो लकी की बात पर ज़ोर से हँसना चाहती थी लेकिन उसने अपने आपको थोड़ा सा क़ाबू में कर लिया था। लकी की बात सुनकर उसे लग रहा था की वो कोई पागल था जो यहाँ ज़बरदस्ती घुसा चला आया था।
"हाँ तो क्या आपके पास कार्ड है?" यासमिन ने उससे आगे पूछा। न्यू सिटी बैंक का कार्ड हासिल करना एक बहुत ही मुश्किल भरा काम था। अगर किसी को भी उस बैंक का कार्ड लेना था तो सबसे पहले उस आदमी को अपने खाते में काम से काम पाँच लाख रुपए पहले से जमा करवाकर रखने पड़ते थे तब जाकर उसे कहीं कार्ड मिलता था। लेकिन लकी तो पहली ही बार यहाँ आ रहा था इसलिए उसके पास कार्ड होने की कोई सम्भावना नहीं थी। लकी जब यासमिन के सवाल का जवाब नहीं दे पाया तो यासमिन ने फिर से उससे पूछा, "मैं पूछ रही हूँ क्या आपके पास कार्ड है?" वो समझ गई थी की लकी पागल ही था जो कहीं से भागकर सीधा उनके बैंक में आ गया था।
"कार्ड, कार्ड नहीं मेरे पास!" लकी ने उसके सवाल का जवाब दिया और वो फिर से इधर उधर देखने लगा। जैसे ही उस लम्बे बालों लड़की ने लकी का जवाब सुना तो वो खिलखिलाकर हँस पड़ी। यासमिन को तो सिर्फ़ लग रहा था की वो पागल है, लेकिन वो लड़की तो अपने मन में मान ही चुकी थी ये लड़का कोई पागल ही है, जो कहीं झोपड़पट्टी से यहाँ आ गया है। इससे पहले की आगे कोई कुछ कह पाता उस लम्बे बालों वाली लड़की के पिता वहाँ आए और बोले, "चलो बेटी।" उनके हाथ में कुछ काग़ज़ात थे। लकी ने देखा की उन्होंने महँगा सा सूट पहन रखा था। उस लड़की ने यासमिन के दोनों हाथों को पकड़ा और बोली, "यासमिन देखो, अगर इस तरह के सड़कछाप लोग तुम्हारे बैंक में ऐसे ही घुसे चले आने लगे और बाक़ी के कस्टमर्ज़ को परेशान करने लगे तो इससे तुम्हारे बैंक की इमेज और उसके शेयर को काफ़ी नुक़सान होगा। एक मैनेजर होने के नाते तुम्हें इन सब चीजों का ध्यान रखना चाहिए। मुझे उम्मीद है की आगे से ऐसा कुछ नहीं होगा।" उस लड़की ने कहा और अपने पिता के साथ बैंक के बाहर निकल गई।
"अपना ध्यान रखना कोयल मैडम!" मैनेजर ने उसे उसकी गाड़ी तक छोड़ते हुए कहा। आज तो वो बालबाल बच गई थी। कोयल और उसके पिता इस बैंक के सबसे पुराने और सबसे वफ़ादार कस्टमर थे। अगर आज यासमिन उन्हें नाराज़ कर देती और वो उसके बैंक से अपना खाता बंद करवा देते तो शायद यासमिन की नौकरी तक जा सकती थी और ये सब हो रहा था उस पागल लकी की वजह से।
"इसे जल्द से जल्द यहाँ से भगाना पड़ेगा।" यासमिन ने अपने आप से कहा और फिर से बैंक के अंदर आने लगी। यासमिन उसे अपने बैंक से बाहर निकालने के तरीक़े के बारे में सोच तो रही थी मगर जैसे ही वो बैंक में दाखिल हुई, उसने देखा कि लकी वहाँ था ही नहीं।
"अरे! अब ये कहाँ चला गया?" उसने अपने आप से पूछा। वो इधर उधर देखने लगी, लेकिन लकी वहाँ भी नहीं था। यासमिन को अच्छे से पता था की वो उसके सामने तो बाहर भी नहीं निकला था, इसका मतलब वो था तो बैंक के अंदर ही था लेकिन यासमिन उसे ढूँढ नहीं पा रही थी। कुछ देर तक बैंक के सारे कोनों को देख लेने के बाद यासमिन को लगा की शायद लकी यहाँ बहुत ही असहज महसूस कर रहा होगा और जब वो कोयल को दरवाज़े पर छोड़ने के लिए आई थी तब उसके पीछे पीछे वो भी निकल गया होगा।
"चलो! जान बची!" यासमिन ने अपने आप से कहा और आपने केबिन में आकर बैठ गई। जैसे ही उसने आज के दिन की पहली फ़ाइल उठाई उसे किसी की एक झलक दिखी। ये और कोई नहीं बल्कि लकी ही था।
"अरे! ये कहाँ छुपा हुआ था?" यासमिन ने अपने आप से कहा और तुरंत फ़ाइल को टेबल पर रखकर वो ऑफ़िस से बाहर आ गई। उसने देखा कि लकी बैंक के V.I.P लौंज के बाहर खड़ा था और उसके खम्भे की आड़ की वजह से वो यासमिन की नज़र से बाहर हो गया था। अब यासमिन को वो मिल तो गया था लेकिन उसके लिए उससे भी बड़ी एक और मुसीबत खड़ी हो गई थी। लकी जिस कमरे के बाहर अभी खड़ा था, उस कमरे के अंदर शहर के सभी रईस लोगों का उठना बैठना था। बैंक के सिलसिले में या किसी और काम के सिलसिले में वो सभी लोग यहीं आकर बात किया करते थे। उस कमरे के अंदर जो लोग बैठे थे उन सबके करोड़ों रुपए इस वक़्त बैंक में जमा थे। अब अगर ऐसे में लकी वहाँ घुस जाता तो वो सब लोग मिलकर यासमिन की गर्दन पर चढ़ जाते।
"रुको! जहां हो वहीं खड़े रहो!" यासमिन जोर से और साथ ही ग़ुस्से से चिल्लाई। बाक़ी के लोग जो वहाँ खड़े थे वो यासमिन की ये चीख सुनकर डर गए थे। कुछ लोगों को उसके इतने ज़ोर से आवाज़ करने की वजह से ग़ुस्सा भी आ गया था और यासमिन सबसे मुस्कुराते हुए माफ़ी माँगकर आगे बढ़ती जा रही थी। वो लकी को किसी भी तरह से उस कमरे में जाने से रोकना चाहती थी लेकिन उससे पहले ही वो उस कमरे के अंदर दाखिल हो चुका था।
"अरे यार ये आदमी है या गधा!" यासमिन ने अपना ही सिर पिटते हुए कहा और वो भी उस कमरे के दरवाज़े की ओर बढ़ने लगी। उसने उस कमरे का दरवाज़ा खोलने की कोशिश की लेकिन वो अंदर से लॉक हो गया था।
"बाप रे! ये कैसा आदमी है, बिना पर्मिशन के अंदर घुसा तो घुसा लेकिन दरवाज़ा भी अंदर से बंद कर लिया! अब!" यासमिन की साँस फूलती जा रही थी। उसे बहुत डर लग रहा था। उसका जी ये सोच सोचकर ही घबरा रहा था की ना जाने अंदर लकी और उस रिलेशन मैनेजर के बीच में क्या हो रहा होगा। इधर जैसे ही लकी कमरे में दाखिल हुआ वहाँ का कस्टमर रिलेशन मैनेजर जो कि सोफ़े पर फैला हुआ था वो उसे देखते ही अचानक सीधा बैठ गया था।
"हेलो सर, कैसे है आप?" उसके मुँह से बिना लकी को देखे यही शब्द निकले। उसे याद था की इस कमरे में कुछ ख़ास लोग ही आते थे और जो भी आते थे यासमिन उनके आने की खबर उसे पहले ही दे देती थी लेकिन इस वक़्त जो आदमी उसके सामने खड़ा था, उसे देखते ही वो भी अपनी जगह पर जम गया था। ना तो वो कहीं से भी V.I.P लग रहा था और ना ही वो उसका कोई रिश्तेदार था।
"कौन हो भाई तुम? क्या चाहिए तुम्हें?" उस मैनेजर ने उस 20 साल के जवान लड़के को देखते हुए कहा।
"मैं यहाँ अपना पैसा लेने के लिए आया हूँ।" लकी ने सीधा मुद्दे की बात को मैनेजर के सामने रखते हुए कहा।
"तुम्हारे पास हमारा सुप्रीम कार्ड है?" मैनेजर ने उसे ऊपर से नीचे तक देखा और पूछा।
"नहीं.. नहीं मेरे पास कोई कार्ड नहीं है।" लकी ने कहा।
"तो फिर हम तुम्हें कोई पैसा नहीं दे सकते। चलो अभी दरवाज़ा खोलो और सीधा बाहर निकलो।" मैनेजर ने कहा और सोफ़े पर से उठ गया।
"नहीं! मैं अपना पैसा लिए बिना नहीं जाऊँगा।" लकी भी ज़िद पर अड़ गया।
"अरे बोला ना बिना कार्ड वाले को पैसा नहीं मिलता है और वो भी पैसा होगा तब तो मिलेगा ना।" मैनेजर ने उसके क़रीब आते हुए कहा।
"अरे पैसा है तभी तो निकालने आया हूँ सर।" लकी ने कहा।
"देख फ़ालतू की बहस मत कर सुबह सुबह, वरना मैं सिक्यरिटी को बुला लूँगा तो वो लोग मार मारकर बाहर निकालेंगे।" लकी ये सुनकर घबरा गया था। मैनेजर के चहरे का ग़ुस्सा उसे साफ़ नज़र आ रहा था लेकिन ऐसा भी नहीं था की वो झूठ बोल रहा हो। भले ही उसके पास कार्ड नहीं था लेकिन इसका मतलब ये नहीं था कि वो AGRAWAL ख़ानदान का लड़का नहीं था। जैसे जैसे मैनेजर उसकी ओर बढ़ता जा रहा था लकी का डर भी बढ़ता जा रहा था। मैनेजर को लग रहा था की वो कोई सनकी था और वो उसे धक्के मारकर बाहर निकालने के लिए आगे बढ़ ही रहा था की अचानक घबराए हुए लकी के दिमाग़ में के आइडिया आया, "फ़िंगर्प्रिंट!" उसने अपना अंगूठा उस मैनेजर के सामने उठाते हुए कहा।
"फ़िंगर्प्रिंट! कौनसा फिंगर्प्रिन्ट?" मैनेजर ने चौंकते हुए पूछा।
"अरे.. अरे आपने कहा ना आपको कार्ड चाहिए, पर मेरे पास कार्ड नहीं है फ़िंगर्प्रिंट है और मुझे मालूम है कि आपके यहाँ फ़िंगर्प्रिंट से भी पैसा निकलते है " ये कहते ही लकी ने एक राहत की साँस ली थी। लेकिन मैनेजर को ये समझ में नहीं आ रहा था कि आख़िर लकी को फ़िंगर्प्रिंट की जानकारी मिली कैसे!
"तुम फ़िंगर्प्रिंट use करना चाहते हो?" मैनेजर ने लकी को घूरते हुए पूछा। लकी की शक़्ल और उसका हुलिया मैनेजर के लिए उसकी बातों से मेल नहीं खा रहे थे।
"हाँ मैं फ़िंगर्प्रिंट use करना चाहता हूँ सर!" लकी ने सीना चौड़ा करते हुए कहा। उसे इस तरह देख तो मैनेजर और भी confuse हो गया था। मैनेजर ने सोचा की उसे एक चांस देना चाहिए, इसलिए उसने लकी को फ़िंगर्प्रिंट इस्तेमाल करने की इजाज़त दे दी थी। वो अपनी टेबल के पास गया और उसके दराज में फ़िंगर्प्रिंट वाली मशीन ढूँढने लगा। दो तीन ड्रोवर्स में झांकने के बाद आख़िरकार उसे वो मशीन मिल गई थी।
"चुपचाप यहाँ पर अंगूठा लगाओ।" मैनेजर ने मशीन को आगे बढ़ाते हुए लकी से कहा। लकी ने अपनी फटी हुई पैंट के पिछले हिस्से अपना अंगूठा पोंछा और फिर उस मशीन पर लगा दिया। दो सेकंड के बाद मशीन में से एक आवाज़ आने लगी। उसके अंदर एक लाल बत्ती जल रही थी और वो जोर जोर बीप कर रही थी।
"तुम्हारा फ़िंगर्प्रिंट मैच नहीं कर रहा है, मैंने पहले ही बोला था तुम्हारा कोई खाता नहीं है इसस बैंक मेंं!" मैनेजर ने लकी को ऐसे देखा जैसे वो कोई बड़ा अपराधी था। मैनेजर उसकी पैंट की ओर देखने लगा। उसे लग रहा था कि लकी ने अपनी जेब में कोई हथियार छुपा रखा था और वो मैनेजर को बेवक़ूफ़ बना रहा था। इससे पहले की लकी अपनी जेब से कोई बंदूक़ या बम निकालता, मैनेजर ने अपना फ़ोन निकाला और पुलिस का नम्बर लगाने लगा। लकी ने उसकी स्क्रीन पर देख लिया था की वो 100 नम्बर पर फ़ोन लगा रहा था। लकी बुरी तरह से घबरा गया था। वो बहुत ही उत्साह और जोश में अंदर तो चला आया था लेकिन उसे मालूम नहीं था कि वो इतनी बड़ी मुसीबत में फँसने वाला है। अब आगे क्या होने वाला था, क्या लकी उसे पुलिस को बुलाने से रोक पाएगा?
कहीं उसे कोई Fake Message तो नहीं आया था?
लकी कैसे इस मुसीबत से बाहर निकलेगा?