कहते हैं कि दिल्ली दिलबरों की है, दिलजलों की है कहते तो ये भी हैं कि दिल्ली दिल-फ़रेबों की भी है और लकी यानि की लक्ष्मण लाल अग्रवाल में ये सारे गुण मौजूद थे। लोग उसकी शक़्ल को देखकर ही कह देते थे कि दिल्ली से हो क्या? लकी वैसे दिखने में स्मार्ट और अट्रैक्टिव था पर जेब से खस्ता हाल होने कि वजह से रहता बेहद सिंपल तरीके से था। शर्ट का रंग उड़ा हुआ और पैंट से पैबंद जुड़ा हुआ। कहने को तो उसकी उमर के लड़के दिल्ली की सड़कों पर रात को मोटरबाइक दौड़ाते थे, लेकिन लकी उर्फ़ लक्ष्मण लाल अग्रवाल सिर्फ़ कमरे से कॉलेज, कॉलेज में पढ़ाई और गर्लफ्रेंड डिंपल के साथ थोड़ा वक़्त बिताना फिर कॉलेज से दुकान, दुकान से जब होम डिलीवरीआये तो वहां और फिर घर चला जाता था। हाँ कभी-कभी जब वो किसी लड़के को खाली सड़क पर मोटरबाइक दनदनाते हुए देखता तो कहता, "एक दिन! एक दिन अपना टाइम भी आएगा! जब मैं चश्मा लगाकर बैठूँगा और मेरे पीछे डिंपल को बैठाऊँगा! देखना, जब वो मेरी कमर में अपना हाथ कसेगी और मैं तेज़ी से मोटरसाइकिल को इंडिया गेट के आसपास दौड़ाऊँगा, तो सारे दिल्ली का दिल हम दोनों को देखकर जल जाएगा और दुकान में रखा हुआ बर्नोल भी काम नहीं आएगा।"
लकी ने कहा और अपने हाथ में बर्नोल की क्रीम को दबा दिया। जैसे ही उसने क्रीम को दबाया, उसमें से सारी क्रीम बाहर आ गयी।
"अबे गधे क्या कर रहा है! वो कोई स्पंज की गेंद है क्या, जो उसे दबा रहा है?" दुकान के मालिक ने उसे फटकारते हुए कहा और उसके माथे में एक चपत लगा दी।
"सॉरी! सॉरी सर जी सॉरी!" लकी ने अपना सिर बचाते हुए कहा। वो क़रोल बाग़ में स्थित एक छोटी सी मेडिकल स्टोर पर काम करता था। उसकी दुकान का नाम था चमन मेडिकल स्टोर और उसके ओनर का नाम था चमन लाल। लकी पिछले 5 सालों से इन्हीं की दुकान पर काम कर रहा था। यहाँ इस छोटी शॉप पर काम करना उसकी मज़बूरी थी। लाइफ में कंगाली की वजह से उसे कॉलेज में पढ़ाई पूरी करने के लिए पार्ट टाइम जॉब करना था, उसने कई अच्छी जगह, अच्छी तनख्वाह की नौकरी ढूंढ़ी पर नहीं मिली और वो इस मेडिकल पर ही अटक कर रह गया।
"गधे! अब इसके पैसे कौन तेरा बाप भरेगा? कटेगा! इसका पैसा भी तेरी तनख़्वाह से कटेगा और एम आर पी से डबल कटेगा!" चमन ने अपने दांतों को किचमिचाते हुए कहा। ग़ुस्से की वजह से उसकी नाक फूल गई थी और लकी की साँसे। उसने घबराते हुए owner से पूछा, "एम आर पी से डबल क्यूँ सर जी?"
"ताकि अगली बार से ऐसी कोई हरकत करने से पहले तू डबल बार सोचे!" चमन ने कहा और उसके हाथ से ट्यूब छीन ली। उसका जी तो चाह रहा था कि वो लकी की खोपड़ी पर और एक बार अपना हाथ साफ़ कर ले लेकिन उससे पहले ही दुकान का फ़ोन बजने लगा। फ़ोन की घंटी बजते ही लकी को वहाँ से निकलने का मौक़ा मिल गया और वो भागते हुए फ़ोन उठाने के लिए चला गया।
"हेलो जी क़रोल बाग़ के बेस्ट मेडिकल चमन मेडिकल से बोल रहा हूँ! बताइए क्या काम था?" ये लकी की पेटेंट लाइन थी। चाहे कहीं से भी फ़ोन आए लेकिन उसे फ़ोन पर बस यही बोलना था। जैसे ही इधर से लकी ने अपनी बात कही उधर से उसे जवाब आया।
"मैं ब्लूमिं नाइट्स होटल के कमरा नम्बर 303 से बात कर रहा हूँ। एक छोटा सा ऑर्डर है, नोट करो और जल्दी से होटल पर डिलिवर करवा दो।" वो एक लड़के की आवाज़ थी। उसकी आवाज़ में काफ़ी भारीपन और एक अजीब सी जल्दबाज़ी थी। जैसे ही लकी ने वो आवाज़ सुनी, पता नहीं क्यूँ लेकिन उसे वो आवाज़ जानी पहचानी सी लगी।
"जी बताइए सर आपका क्या ऑर्डर है?"
"हाँ तो लिखो, हार्डप्ले के दो पैकेट और एक पैकेट टिशू!" लकी जोकि अपना पेन लेकर तैयार खड़ा था हार्डप्ले का नाम सुनते ही झिझक गया था। असल में हार्डप्ले नाम का एक कंडोम आता था और इसलिए उसका नाम सुनते ही लकी शर्मा गया था। इतने साल से भी मेडिकल की दुकान पर काम करने के बाद भी उसे इन चीज़ों का नाम सुनने में शर्म आती थी।
"हेलो! भाई लिखा कि नहीं लिखा?" उस आदमी ने फिर से लकी से पूछा।
"जी! जी सर, लिख लिया सर लिख लिया ।" लकी ने खिसियाकर हँसते हुए कहा।
"लिख लिया तो फिर लेकर निकल!" उस लड़के ने कहा। उसकी आवाज़ सुनकर ही ना जाने क्यूँ ऐसा लग रहा था कि वो कोई बहुत बड़ा आदमी था।
"जी! जी सर, मैं निकल तो, लेकिन बाहर तो बारिश हो रही है।" लकी ने कहते हुए बाहर देखा, बाहर बहुत तेज बारिश हो रही थी। उनकी दुकान के सामने पानी भर गया था और तेज हवाओं की वजह से चमन मेडिकल स्टोर का बोर्ड भी गिर गया था। लकी को लग रहा था कि वो इतनी तेज बारिश में अभी एकदम से तो नहीं निकल पायेगा। इसलिए उसने उस लड़के को समझाते हुए कहा, "सर मैं आपका आर्डर ले तो आऊंगा पर थोड़ा टाइम लगेगा, बारिश थोड़ी थम जाये आप...।" इससे पहले वो कुछ आगे बोल पाता फ़ोन पर लड़का बोल पड़ा "तुम्हारे मालिक को पता है कि तुम मल्होत्रा जी के लड़के को मना कर रहे हो? बहस मत करो, बारिश हो रही है! इसलिए सारा सामान अच्छे से थैली में पैक करके लाना और लेट नहीं होना चाहिए, समझे।"
उस लड़के ने कहा और इससे पहले की लकी आगे कुछ कह पाता, उसने फ़ोन काट दिया था। उधर से लकी के दुकान का owner उसे घूरकर देखे जा रहा था। लकी के हाथ में पेन और पेपर देखकर ही वो समझ गया था की उसके पास कोई ऑर्डर आया था। आज वैसे भी इतनी बरसात होने की वजह से सुबह से इक्का दुक्का ग्राहक ही दुकान पर आए थे। ऐसे में उसकी दुकान का मालिक एक भी ऑर्डर को छोड़ना नहीं चाहता था। वो लकी को देख रहा था और लकी बारिश की ओर देख रहा था।
"बारिश का बहाना नहीं चलेगा! जाना पड़ेगा!" चमन लाल ने कहा।
"मैं बहाना नहीं कर रहा सर, थोड़ी बारिश धीमी हो जाए तो मैं चला जाऊंगा अभी आप खुद ही देखिये कितनी तेज बारिश है। वो पता नहीं कोई मिस्टर मल्होत्रा का बेटा है कुछ ज्यादा ही जल्दी में था सर जी, मैं साइकल से तो पहुँच भी नहीं पाऊँगा इतनी जल्दी!" लकी ने उनकी ओर देखते हुए कहा।
"क्या कहा, मिस्टर मल्होत्रा का बेटा? तू मेरी दूकान बंद करवाएगा क्या? अभी के अभी निकल उनका आर्डर लेके। वो हमारे बहुत पुराने कस्टमर हैं।" चमन ने कहा।
"पर" लकी ने कहा ही था की चमन बोला।
"पर वर कुछ नहीं, तू मेरी मोटरसाइकिल ले जा!" उन्होंने गुस्से में कहा।
"अरे सर जी, 200 के ऑर्डर में मुश्किल से 40 रुपए बचेंगे इससे तीन गुना का तो पेट्रोल ही लग जाएगा और अगर गाड़ी रास्ते में बंद हो गई तो और ख़र्चा!"
लकी ने समझाते हुए कहा। वो जानता था कि उसका मालिक इन सब बातों पर ध्यान नहीं देने वाला था। चमन लाल बोला, "कोई बात नहीं! तू जा! चाहे जो हो जाए, ग्राहक नाराज़ नहीं होना चाहिए और वो तो मल्होत्रा जी का बेटा है।" चमन लाल ने मोटरसाइकिल की चाबी लकी की ओर उछालते हुए कहा। लकी ने चाबी पकड़ी, उसे देख कर उसके अंदर मिक्स फीलिंग्स आयीं, एक तो वो खुश हुआ कि बड़े दिनों बाद बाइक चलाने को मिलेगी, पर वहीं दूसरी तरफ दुख इसलिए हुआ कि बाइक मिली भी तो ऐसी तेज बारिश में अगर ख़राब हो गई तो इसकी चपत भी उसके सर ही पड़ेगी। वो मुँह लटकाकर रेनकोट और हेलमेट पहनते हुए वहाँ से निकल गया। बाहर आके बाइक को देख के लकी ने मन में सोचा "चलो ठीक है, जो होगा देखा जायेगा, कम से कम बाइक चलाने को तो मिल रही है।"
दरअसल लकी इतने साल काम करने के बाद भी अपने लिए एक मोटरसाइकल भी नहीं ख़रीद पाया था। लकी की तनख़्वाह ही इतनी भर थी कि सिर्फ़ उसके कमरे का किराया, उसकी साइकल में डालने वाली हवा का खर्चा, बिजलीपानी का बिल और डिंपल के साथ महीने में एकदो बार बाहर खाने का खर्चा ही निकल पाता था। उसे डिंपल की कही बात अक़्सर याद आती थी।
"लकी! अगर अगले दो महीने में बाइक नहीं ख़रीदी ना तो मैं तेरे से ब्रेकअप कर लूँगी देखना।"
असल में डिंपल को लकी के साथ बाइक पर घूमने की बड़ी तमन्ना थी। लकी की इस उजाड़ ज़िंदगी में वही तो एक थी, जिसके लिए ज़िंदा रहने को उसका जी चाहता था। जब भी वो उससे बाइक की बात करती तो लकी डिंपल की इस बात को हँसकर टाल देता था। वो अपने मन में इस बात को अच्छे से जानता था कि डिंपल उससे बहुत प्यार करती थी और वो उसे कभी छोड़कर नहीं जा सकती थी। वो दोनों एक दूसरे में ऐसे घुलेमिले थे, जैसे बादल में बरसात घुल जाती थी। लकी को डिंपल बहुत पसंद थी और वो उसके लिए दुनिया जहां की ख़ुशियाँ ख़रीदकर ला देना चाहता था। वो चाहता था कि एक दिन वो डिंपल को प्लेन में बैठाए लेकिन उसके ये सब ख़्वाब इस कम तनख्वाह की नौकरी की वजह से तो कभी पूरे नहीं होने वाले थे। पर आज उसके पास मौक़ा था। वो डिंपल को अपने साथ इस बारिश में राजपथ घुमाना चाहता था। वो उसे दिल्ली दिखाना चाहता था। चमन लाल को देने के लिए उसने पहले से बहाना सोच रखा था। बस जल्दी से वो ये डिलेवरी देकर सीधे डिंपल के PG पर ही जाने वाला था। उसने होटल ब्लूमिं नाइट्स के बाहर मोटरबाइक पार्क की और सीधा होटल के अंदर चला गया। लकी ने रिसेप्शन पर पहुंच कर नमस्ते करते हुए रिसेप्शनिस्ट को बोला, "जी मैं चमन मेडिकल स्टोर से आया हूँ, रूम नम्बर 303 का ऑर्डर था।"
रिसेप्शन पर खड़ा आदमी उसके हाथ में काली थैली को देखकर ही समझ गया था कि उसमें क्या था और वो मंदमंद मुस्कुराते हुए बोला, "थर्ड फ़्लोर पर है। लिफ़्ट से चले जाओ। रैनकोट यहीं उतार देना।" जैसा उस आदमी ने कहा, लकी ने वैसा ही किया और लिफ़्ट में चढ़ने के कुछ ही देर के बाद वो तीसरे माले पर पहुँच गया था। वो रूम नम्बर 303 के बाहर पहुंचा और उसने डोरबेल बजाई। जैसे ही दरवाज़ा खुला, लकी ने थैली आगे बढ़ाते हुए कहा, "नमस्ते मैं चमन मेडिकल स्टोर से लकी, ये आपका..।"
इससे पहले की लकी आगे कुछ कह पता, उसकी आँखें फटी की फटी रह गई थीं। उसने अपने सामने जो देखा उसके बाद उसे ऐसा लगा की बंद छत के नीचे भी उसके ऊपर आसमान से आकर एक ज़ोरदार बिजली गिर गई थी। उसके सामने एक लड़की खड़ी थी। वो लड़की और कोई नहीं बल्कि उसकी गर्लफ्रेंड डिंपल ही थी। उसने एक पर्पल कलर का नाईट गाउन पहना हुआ था। उसके काले घने बाल गीले थे और उसने उन्हें अपने कंधों पर फैला रखा था। उसकी ख़ुशबू से ही ये चीज़ साफ़ पता चल रही थी की वो अभी अभी नहाकर आयी थी।
"डिम्पल! डिंपल त तुम यहाँ क्या कर रही हो?" लकी को अपनी आँखों पर विश्वास ही नहीं हो रहा था। उसने दो बार अपनी पलकें झपकाकर देखा लेकिन दोनों बार उसे अपने सामने डिंपल ही नज़र आयी।
"तुम यहाँ क्या मेरा पीछा करते हुए आए हो लकी?" डिंपल ने उल्टा उसी के ऊपर पलटवार करते हुए कहा। लकी को देखकर उसके दिल की धड़कन भी तेज हो गई थी। उसे उम्मीद नहीं थी कि लकी यहाँ आ जाएगा। उसने ना तो सुबह से उसे फ़ोन किया था और ना ही उसके मेसेज का कोई जवाब दिया था। वो अपने मन में सोचकर बैठी थी कि वो अगले दिन खुद ही उससे मिलकर बोल देगी कि उसकी तबियत ख़राब थी।
"डिंपल बेबी क्या हो गया? किससे बात कर रही हो?" अचानक से एक गबरू जवान सा लड़का दरवाज़े के पास आकर खड़ा हो गया था। उसने बनियान और चड्ढा पहन रखी थी लकी उसे पहचान गया था।
"साले राहुल के बच्चे! तेरी हिम्मत कैसे हुई मेरी डिंपल को हाथ लगाने की?" लकी ने जैसे ही राहुल को देखा, उसके तन बदन में मानो आग लग गई थी। वो उसे इस वक्त इतना बुरा मारना चाहता था, इतना बुरा पीटना चाहता था जिसकी कोई हद नहीं थी। लकी जिस कॉलेज में पढ़ता था, राहुल और डिंपल भी उसी में पढ़ते थे, और वो कॉलेज राहुल के फादर का ही था। डिंपल ने राहुल के पिता की एक कम्पनी में जॉब पकड़ ली थी और राहुल उस पर बहुत लाइन मारता था। लकी ने एक दो बार डिंपल को उससे दूर रहने के लिए भी कहा था लेकिन डिंपल ने उसे ये कहकर टाल दिया था कि वो सिर्फ़ अच्छे दोस्त थे। आज भी इससे पहले कि वो आगे बढ़ता, डिंपल उन दोनों के बीच में आ गई थी।
"रुक जाओ!" डिंपल ने गुस्से में कहा और लकी के सीने पर हाथ रखकर उसे रोक दिया। लकी लम्बी-लम्बी साँसें ले रहा था और कुछ ही साँसों के बाद उसका ग़ुस्सा शांत हो गया था। अब डिंपल के पास भी छुपाने के लिए कुछ नहीं रह गया था, इसलिए उसने लकी से कहा, "लकी! आज से तुम्हारा मेरा ब्रेकअप!"
"ब्रेकअप!" लकी के पैरों के नीचे से ज़मीन खिसक गई थी। उसकी ऑंखें नम हो गई लकी को उसकी बातों पर विश्वास ही नहीं हो रहा था। उसने डिंपल की ओर देखा और बोला, "डिंपल हम पिछले एक साल से एक दूसरे के साथ हैं और तुम हो कि मुझसे ब्रेकअप करना चाहती हो! अरे मैं तो तुम्हारे लिए नयी बाइक भी लेने वाला था!"
"चल रहने दे! आज याद आ रही है तुझे बाइक की! अरे तेरे पास मुझे बाहर घुमाने के, खिलाने पिलाने के पैसे तो हैं नहीं, तू कहाँ से लेगा बाइक और अगर ले भी लेगा, तो उसमें पेट्रोल कहाँ से डलवाएगा! तेरी 8000 रुपए महीने की नौकरी से ये सब नहीं होने वाला है समझे! लोग हँसते हैं मेरे ऊपर जब मैं सरोजिनी में तेरे साथ घूमती हूँ! मैं ऐसी लाइफ़ नहीं जीना चाहती लकी! मैं तेरी तरह गरीब नहीं रहना चाहती! तूने मुझे फँसाया था, उल्लू बनाया तूने मुझे! इसलिए मैंने राहुल से मैचअप कर लिया है! आज से यही है मेरा बोयफ़्रेंड!" डिंपल ने ग़ुस्से में कहा।
"अच्छा! तो बेबी यही है तुम्हारा वो बेकार सा एक्स बॉयफ्रेंड?" राहुल ने पूछा और डिंपल के बग़ल में आकर खड़ा हो गया। फिर उसने लकी के हाथ से थैली उठाई और उसमें से हार्डप्ले का पैकेट निकालकर उसे चिढ़ाने के लिए उसे हवा में लहराने लगा।
"बाप रे! इससे बदकिस्मत इंसान इस दुनिया में और कौन होगा!" राहुल ने उसकी टांग खींचते हुए कहा। लकी के पास उसकी बात का कोई जवाब नहीं था। उसने ग़ुस्से से डिंपल को देखा और अपनी हाथों की मुट्ठी भींच ली, फिर वहाँ से निकल गया।
"अबे पैसे तो ले जा! सब कुछ फ़्री ही दे जाएगा क्या!" राहुल ने ज़ोर से ठहाका लगाते हुए कहा, लेकिन लकी बिना उसकी बात सुने ही निकल गया उसके दिमाग़ में डिंपल के कहे शब्द गूँज रहे थे। उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि डिंपल उसके साथ ऐसा भी कुछ कर सकती थी। जिस इंसान के लिए वो इतना कुछ करना चाह रहा था, उसे उसकी कोई क़दर ही नहीं थी। लकी इतना हताश हो गया था कि बूरी तरह से रोने लगा था। इस बार वो लिफ़्ट से नहीं बल्कि सीढ़ियों से नीचे उतरा और एकएक सीढ़ी उतरने के साथ उसके आंसू आँखों से छलकते जा रहे थे। जब उसकी आवाज़ सुनकर कुछ लोग अपने कमरे से बाहर आए तो लकी ने तुरंत अपने आँसू पोंछे और तेजी वहाँ से भाग गया। उसे ज़िंदगी में पहली बार प्यार हुआ था और पैसों की कमी की वजह से ना सिर्फ़ उसका प्यार बल्कि उसकी पूरी ज़िंदगी बर्बाद हो गई थी। जैसे ही लकी बाहर आया तो उसने देखा की बाहर अंधेरा हो गया था। आसमान में तेज बिजली कड़की और बारिश जो थोड़ी थमी थी एकाएक फिर झमाझम बरसने लगी। ये देख लकी के थमे हुए आंसू एक बार फिर छलक गए। उसका दिल बूरी तरह टूट चुका था लेकिन उसे इस बात की ख़ुशी भी हो रही थी की आख़िर आज उसे डिंपल का असली चेहरा नज़र आ गया था। वो तो उसके साथ घर बसाने की सोच रहा था लेकिन अच्छा हुआ कि उसने पहले ही उसका घर बर्बाद होने से बचा लिया। लकी को दुख तो बहुत हो रहा था पर उसे ये भी लग रहा था कि आगे चलकर यही दुख उसे ख़ुशी देने वाला था। लेकिन और एक चीज़ थी जो लकी को परेशान कर रही थी वो थी उसकी माली हालत उसकी जेब इतनी तंग थी कि उसे फटी हुई जेब की पेंट पहनकर घूमना पड़ता था। कभी कभी तो लकी सिर्फ़ रोटी खाकर दिन काट देता था। वो कब से कोशिश कर रहा था कि कोई अच्छा काम पकड़ सके लेकिन उसे कहीं कोई काम देने को राजी नहीं था। उसने टूटे हुए दिल को दिलासा देते हुए मन में सोचा कि डिंपल पर होने वाले खर्चे बच जाने से शायद उसके हालात कुछ सुधर जाएँगे पर फिर भी वो रातों रात रईस तो नहीं हो जाने वाला था। उसने ऊपर आसमान की ओर देखा और जोर से चिल्लाया, "अगर इतना ही unlucky बनाना था, तो फिर नाम लकी क्यूँ रखा भगवान!"
वो जितनी ज़ोर से चिल्ला सकता था उतनी ज़ोर से चिल्लाया। उसकी आवाज़ से आसपास खड़े लोग एक बार को डर गए थे। लकी ऊपर ही देख रहा था और उसके आंसू बारिश के पानी के साथ मिल गए थे। जैसे ही वो फूटकर रोने को था तभी उसके फ़ोन पर एक मैसेज आया। जैसे ही लकी ने अपना फ़ोन निकालकर उस मेसेज को पढ़ना शुरू किया तो उसकी आँखें चमक गई। अचानक से उसके आंसू हँसी में बदल गए और वो ज़ोर ज़ोर से वहीं सड़क पर नाचने लगा। उस मैसेज में लिखा था, "परिवार की रिसर्च और परिवार के निर्णय के हिसाब से, अग्रवाल परिवार का वारिस, लक्ष्मण लाल अग्रवाल उर्फ़ लकी ने ग़रीबी अभ्यास की परीक्षा को पास कर लिया है और आज से ही वो उस ज़मीन और उस जायदाद का मालिक हो जाएगा जो परिवार ने उसके नाम कर रखा था।"
ये कैसा मैसेज था? आख़िर कौन था लकी? क्या थी उसकी असलियत? और वो कैसे रातों रात ही अनलकी से हो गया था, इतना लकी?