बूढ़ा आदमी बोला, "अच्छा, चलो, हम रास्ते में चलते-चलते बात करेंगे!"
यह कहते हुए, उसके चेहरे पर मुस्कुराहट थी। फिर उसने दादी से कहा, "दादी माँ, इजाजत दें, मैं चलता हूँ। आपकी चाय बहुत अच्छी थी, इससे मेरे जख्मों को आराम मिला। मैं कभी-कभार आपसे मिलने आया करूंगा।"
बूढ़ी दादी बोली, "बेटा, जरूर। अगर इस बुढ़िया से कोई गलती हो गई हो, तो माफ़ कर देना।"
तभी मौके का फायदा उठाते हुए विद्युत बोला, "दादी, मैं इनको बाज़ार ले जा रहा हूँ। ये यहाँ नए हैं, इन्हें सामान खरीदना है।"
बूढ़ा आदमी हैरानी से विद्युत की चतुराई देख रहा था और मन ही मन मुस्कुरा रहा था। दादी ने कहा, "ठीक है, ध्यान रहे, इन्हें परेशान मत करना।"
बूढ़ा आदमी और विद्युत दोनों राज्य के बाजार के रास्ते पर चलने लगे। तभी विद्युत बोला, "क्या मैं आपसे कुछ पूछ सकता हूँ?"
बूढ़ा आदमी बोला, "हाँ-हाँ, क्यों नहीं! तुम एक योद्धा हो और तुमने मेरी जान बचाई है। तुम जो चाहो, पूछ सकते हो।"
विद्युत बोला, "आपका नाम क्या है? देखिए, मुझे बड़ा अजीब लग रहा है। मैं आपसे इतनी देर से बात कर रहा हूँ, पर मुझे आपका नाम तक नहीं पता।"
बूढ़ा आदमी मुस्कुराया और बोला, "मेरा नाम... मुझे योद्धाओं में 'टाइगर' कहा जाता है। मेरी रफ़्तार और शक्ति के सामने तुम्हारे राज्य के लीडर ऋतिक वेदा भी घुटने टेक देते थे।"
इस पर विद्युत बोला, "रहने दीजिए, मुझे मूर्ख मत बनाइए। मैं एक योद्धा हूँ। भले ही आपकी शक्ति मुझसे अधिक हो, पर आप लीडर ऋतिक वेदा से ज्यादा ताकतवर नहीं हो सकते।"
बूढ़ा आदमी बोला, "तुम जो चाहो, समझो।"
तभी विद्युत ने मुस्कुराते हुए कहा, "तो बूढ़े टाइगर... ये ठीक है?"
बूढ़ा आदमी चौंका और बोला, "बूढ़ा टाइगर! तुम मेरा मजाक नहीं उड़ा सकते। एक योद्धा को ये शोभा नहीं देता कि वो अपने से ऊंचे स्तर के योद्धा का मजाक उड़ाए।"
विद्युत बोला, "समझदार हो। अच्छा, तो मुझे माफ़ करना, श्रीमान टाइगर जी। ये बताइए, आपके माथे पर इतनी गहरी चोट कैसे लगी?"
विद्युत के मुंह से यह सवाल सुनकर टाइगर चौंक गया, उसकी आँखें छोटी हो गईं, और भौहें सिकुड़ने लगीं। तभी उसके शरीर से ऊर्जा का सैलाब निकलने लगा। यह देख विद्युत हड़बड़ा कर पीछे हट गया, "अरे, आप तो नाराज़ हो गए! मेरा मतलब वो नहीं था। शांत हो जाइए।"
श्रीमान टाइगर ने खुद को संभाला और कहा, "विद्युत, ये बहुत बड़ी कहानी है। अभी तुम्हें मुकाबले में भाग लेना है। देखो, हम पहुँच गए — ये रही तुम्हारी मंजिल, शक्ति महल!"
जैसे ही विद्युत ने द्वार देखा, वहाँ सैकड़ों योद्धा कतार में खड़े थे। इसे देख विद्युत हैरान हो गया और बोला, "इतने सारे योद्धा... मैं शक्ति महल में कैसे जाऊंगा?"
श्रीमान टाइगर बोले, "यही तो मुझे देखना है। तुम भीतर कैसे जाते हो? तुम योद्धा हो न, तो साबित करो अंदर जाकर।"
विद्युत ने देखा कि दरवाजे पर एक स्तर के योद्धा खड़े थे, जो वीर बन चुके थे और लोगों को एक-एक कर अंदर भेज रहे थे। तभी किसी ने विद्युत को धक्का दिया और साइड में कर दिया। ये काले कपड़े पहने पंद्रह लोगों का समूह था। विद्युत से रहा नहीं गया और वह बोला, "अंधा है क्या? धक्का क्यों दिया?"
उस लड़के ने मुड़कर हँसते हुए कहा, "अरे, ये तो विद्युत है, इस राज्य का सबसे ताकतवर योद्धा!"
उस लड़के का नाम था तेजस, राज्य के ताकतवर दल के लीडर विराट का घमंडी बेटा। वह शक्ति स्थल में शक्ति परीक्षण के लिए आया था ताकि मुकाबला जीतकर देवताओं से अपना पहला अस्त्र प्राप्त कर सके और रक्षक ऋतिक वेदा से नई तकनीक इनाम में प्राप्त कर सके। तेजस बोला, "माफ करना, महान विद्युत, मैंने आपको देखा नहीं।"
फिर वह हँसते हुए बोला, "भिखारी कहीं के! तू इस मुकाबले के लायक ही नहीं है। अभी तक अपना पहला चक्र जागरूक किया नहीं और मुकाबले में भाग लेने आ गया!"
विद्युत बोला, "अच्छा, किसने कहा कि मुकाबले में भाग लेने के लिए अपना पहला चक्र जागृत करना जरूरी है? ये तो तुझ जैसे कमजोर लोगों का काम है। तभी तो तू पिछले साल मुकाबले के पहले भाग में ही बाहर हो गया।"
वहाँ खड़े लोग विद्युत की बात सुनकर हँसने लगे। यह देखकर तेजस का गुस्सा बढ़ गया, उसने अपने सैनिकों से कहा, "मुंह क्या देख रहे हो मेरा? हाथ-पैर तोड़ दो इसके! मैं भी देखता हूँ, कैसे हिस्सा लेता है मुकाबले में!"
तभी एक योद्धा, जो काले कपड़े में था, छलांग लगाकर विद्युत के सामने आ गया। अब लोगों का ध्यान शक्ति स्थल के महल से हटकर मुकाबले की तरफ हो गया। लोग कहने लगे, "वो देखो, वहाँ लड़ाई होने वाली है!"
तभी एक लड़के ने कहा, "ये तो तेजस है, लीडर विराट का बेटा। ये लड़का तो गया, अब इसके हाथ-पैर टूटेंगे।"
दूसरा लड़का बोला, "जो भी हो, इस बहाने मुकाबले को देखने का मजा तो मिलेगा।"
उधर, श्रीमान टाइगर भी देख रहे थे और बोले, "विद्युत, क्या तुम्हें मदद चाहिए?"
विद्युत ने उत्तर दिया, "नहीं, इसे मैं खुद संभाल लूंगा।"
श्रीमान टाइगर मन ही मन बोले, "ये लड़का बहादुर है और लोगों का ध्यान आकर्षित भी कर लेता है। चलो, देखता हूँ, इसे क्या-क्या आता है। इसके शरीर पर जो निशान हैं, वे मामूली नहीं हैं।"
तभी वह योद्धा विद्युत पर अपनी शक्ति से प्रहार करने लगा। विद्युत ने अपने पैरों को इतनी तेजी से पटका कि वह योद्धा दस-बारह फीट दूर जाकर गिरा। नाराज़ होकर उस योद्धा ने अपनी कमर से तलवार निकाली। उसकी तलवार पर हल्की सी रोशनी थी। जैसे ही उसने तलवार से हमला किया, एक छोटा सा धमाका हुआ। यह धमाका वहीं हुआ था जहाँ पर विद्युत खड़ा था। वैसे तो धमाका छोटा था, पर किसी को घायल करने के लिए काफी था। इससे वहाँ धूल उड़ने लगी। वह योद्धा हँसते हुए बोला, "यह तो बहुत कमजोर था। एक ही हमले में ढेर हो गया।" और अपने साथी की तरफ देखकर हँसने लगा। तो आगे क्या होगा इस कहानी में? ये तेजस क्या किरदार निभाएगा? कितनी शक्ति है इसके पास? क्या हुआ विद्युत को? क्या वो ये मुकाबला हारेगा और ज़ख्मी हो जाएगा?