Chapter 5 / 394

Ayushmaan Bhava | आयुष्मान भव:

Chapter 5

Ayushmaan Bhava | आयुष्मान भव: ·vivek

कन्हैया अपने कमरे में दुबका हुआ दरवाजे की दरार से बाहर का नज़ारा देख रहा था। कुछ देर बाद, रसोई विभाग का मुख्य द्वार कसकर बंद कर दिया गया। फिर वहां किसी कारण से हल्की धुंध छा गई, जिससे सभी मोटू भाई लोग पहले से भी अधिक रहस्यमई लगने लगे। कन्हैया ने देखा की मोटू भाई लोग अब एक विशेष फूस की झोपड़ी की ओर भाग रहे थे। तमाम धुंध के बावजूद कन्हैया, बड़े मोटू गब्बर के विशाल शरीर को स्पष्ट रूप से देख सकता था। यह पूरा नज़ारा बहुत अजीब था, इसलिए कन्हैया यह दिखावा करने की कोशिश में दरवाजे से दूर जाने लगा, कि उसने कुछ भी नहीं देखा है। लेकिन ठीक उसी पल बड़े मोटू गब्बर की आवाज गूंजी

"नौवें मोटू, मुझे पता है कि तुम देख रहे हो…. चलो जल्दी से बाहर निकलो….. !"

हालाँकि बड़ा मोटू गब्बर बहुत ज़ोर से नहीं बोला था। लेकिन उनकी आवाज़ तुरंत कन्हैया पर भारी पड़ गई। कन्हैया ने कुछ बार पलकें झपकाईं, फिर धीरे से दरवाज़ा खोल कर बाहर चला आया। और ऐसे मासूम से भाव अपने चेहरे पर ले आया, जिसे देख कर ऐसा लगने लगा की कन्हैया तो एक मक्खी को भी चोट पहुंचाने के काबिल नहीं है। जैसे ही वह मोटू भाइयों के समूह के पास पहुंचा, तो बड़े मोटू गब्बर ने उसे पकड़ लिया और खींचकर उनके बीच में खड़ा कर दिया। लगभग तुरंत ही, कन्हैया को कुछ अनोखी सुगंध का एहसास हुआ, कुछ ऐसा जिससे तुरंत उसके पूरे शरीर में गर्माहट फैल गई। उसने चारों ओर नजरें घुमाई और देखा कि उन सभी के चेहरों पर उत्साहपूर्ण भाव थे। किसी कारण से, वह भी उत्साहित महसूस कर रहा था। तभी उसने देखा कि बड़ा मोटू, गब्बर अपने हाथ में एक जादुई मशरूम पकड़े हुए खड़ा है। यह जादुई मशरूम एक छोटे बच्चे के आकार जितना बड़ा था, और क्रिस्टल की तरह पारदर्शी था। इस पर बस एक नज़र डालने की ज़रूरत थी, और कोई भी बता सकता था कि यह कोई सामान्य वस्तु नहीं है। बड़े मोटू गब्बर ने कन्हैया की ओर देखा, फिर मशरूम उसकी तरफ बढ़ाया और उत्साह से कहा,

"आओ, नौवें छोटे भाई इसे खाओ…. "।

कन्हैया ने जादुई मशरूम को देखते हुए कहा

"ही ही ही… उह… इसकी क्या जरूरत है, बड़े भाई… रहने दीजिए….. मैं वैसे ही ठीक हूं….. "। इतना कह कर उसने चारों ओर सभी मोटे बड़े भाइयों की ओर देखा, और झिझका। असल में उसने देखा की उसकी बात सुन कर बड़ा मोटू, गब्बर तुरंत चिढ़ गया और उसके चेहरे के भाव से, साफ पता चल रहा था की अगर कन्हैया ने मशरूम नहीं खाया, तो वो दोनों पक्का दुश्मन बन जाएंगे। सिर्फ वहीं नहीं, बल्कि दूसरा मोटू सांभा, तीसरा मोटू कालिया और बाकी सभी मोटू भाई भी कन्हैया की ओर देख रहे थे। यह देख कर कन्हैया के पसीने छूटने लगे और उसने मन ही मन कहा

"मैने अपने सबसे बुरे सपने में भी ऐसी कल्पना नहीं की थी…. की जीवन में ऐसा कुछ भी देखना पड़ेगा…. जहां अगर मैने एक अनमोल जादुई मशरूम का टुकड़ा नहीं खाया…. तो लोग गुस्से से भड़क उठेंगे…. ये को तो मुझे ऐसे देख रहें हैं, मानो जैसे मैं किसी भुने हुए मुर्गे की टांग हूं… जिस पर सभी टूट पड़ेंगे…. अब मैं क्या करूं…. पता नहीं इस जादुई मशरूम में क्या है…. खाऊंगा तो पता नहीं क्या होगा…. लेकिन अगर नहीं कहूंगा तो जरूर पता चल रहा है, की क्या होगा….. "!

कन्हैया का दिल जोरों से धड़क रहा था, लेकिन फिर उसने अपने दांत पीस लिए और जादुई मशरूम स्वीकार कर लिया। आख़िरकार, उसने अपना मुँह खोला और एक बड़ा टुकड़ा खा लिया। मशरूम तुरंत उसके मुंह में घुल गया, जिससे उसके शरीर में एक अद्भुत अनुभूति होने लगी, जो कुछ समय पहले उसने केवल इसे सूंघने के दौरान अनुभव किया था, उससे कई गुना अधिक तीव्र। और लगभग तुरंत ही, उसका चेहरा चमकदार लाल हो गया। जब बड़े मोटू गब्बर ने कन्हैया को मशरूम खाते हुए देखा तो काफी खुश लगने लगा, फिर उसने कहा

"बहुत बढ़िया छोटे उस्ताद… राज ऋषि सूरज ने मांग की थी…. कि हम इस सौ साल पुराने जादुई मशरूम को खाने में इस्तेमाल करें…. लेकिन रसोई विभाग का नियम है…. खाने में कोई भी नई चीज़ इस्तेमाल करने से पहले रसोइए उसे खाकर देखते हैं….. इसलिए हम सब एक साथ इसे खाएंगे…. "!

इसके बाद जब बड़े मोटू गब्बर ने अपना मुंह खोला और मशरूम का एक टुकड़ा खाया तो वह बेहद संतुष्ट दिख रहा था। फिर उसने मशरूम को लाइन में अगले मोटू भाई को दे दिया, और जल्द ही, वो सभी मशरूम के छोटे छोटे टुकड़ों को चबाने लगे। अब जब वो सभी एक साथ मशरूप चबा रहे थे, तो मोटू भाइयों का पूरा समूह कन्हैया को देखकर काफी खुश हो रहा था, क्योंकि आज वह आधिकारिक रूप से उनका भाई बन गया था। यह देख कर कन्हैया भी मुस्कुराने लगा और उसे पहली बार एहसास हुआ, की शायद इन सबके साथ जुड़ना उसके लिए काफी फायदेमंद होने वाला है। कन्हैया ने कहा

"बड़े भाई, वह जादुई मशरूम बहुत स्वादिष्ट था…. मुझे ऐसा लग रहा है….. मानो जैसे मेरे पूरे शरीर में अजीब सी ऊर्जा भर गई है!"

इतना कह कर उसने अपने होंठ चाटे और अधीरता से बड़े मोटू गब्बर की ओर देखा। जवाब में, बड़े मोटू गब्बर की आंखें चमकने लगीं, और हस्ते हुए उसने शानदार ढंग से एक जादुई फूल निकाला; जिसे उसने कन्हैया को सौंप दिया, और कहा

"अब तुम्हे पता चला छोटे भाई, की हमारा रसोई विभाग कितना अद्भुत हैं ? ये लो ये जादुई फूल खा लो… और तब तक खाओ जब तक तुम्हारा पेट ना भर जाए…. ही ही ही… "!

कन्हैया ने मुस्कुराते हुए वह जादुई फूल ले लिया, और जैसे ही उसने एक बड़ा टुकड़ा खाया, तो उसकी आँखें चमकने लगीं! इसके बाद, बड़े मोटू गब्बर ने कुछ प्राकृतिक कीमती सामग्रीयां निकाली, जो सोने की तरह चमक रही थी, और उससे एक सुगंधित खुशबू निकल रही थी। अब कन्हैया को बड़े मोटू गब्बर से किसी प्रोत्साहन की जरूरत नहीं थी। उसने तुरंत एक टुकड़ा खाया और उसे सीधे निगल लिया। उस जादुई सामग्री के तीखे स्वाद ने कन्हैया को एक अद्भुत एहसास से भर दिया। उसके बाद, बड़े मोटू गब्बर ने एक अविश्वसनीय रूप से मीठा लाल फल निकाला, इसी तरह और भी चीज़ें बाहर आईं जैसे की जादुई मशरूम, जादुई जड़ी बूटियां, जादुई फल और अन्य कीमती वस्तुएँ। कन्हैया ने अन्य मोटू भाइयों की तरह उन सभी को खाया, और खाते खाते उसने इतना खा लिया कि जल्द ही उसका सिर घूमने लगा। धीरे धीरे वह खुद को लगभग नशे में महसूस करने लगा। उसका शरीर गर्म होकर इस हद तक जलने लगा कि उसके सिर के ऊपर से सफेद भाप उठने लगी। और देखते ही देखते वह खुद को एक गेंद की तरह मोटा महसूस करने लगा। जितना ज्यादा उसने खाया, उतने ही ज्यादा प्यार और अपनेपन से बड़ा मोटू गब्बर और अन्य मोटू भाई उसकी ओर देखने लगे। अंत में, उन सबने एक साथ अपने पेट को थपथपाया और दिल खोलकर हँसे, अब वो सभी वास्तव में अपराध में भागीदार की तरह लग रहे थे। कन्हैया ने भी अपने हाथ और पैर फैलाए और वह भी दूसरों के साथ हँसने लगा। इसके बाद बड़े मोटू गब्बर ने कन्हैया को समझते हुए कहा

"तुम्हे पता नहीं है छोटे भाई, लेकिन बाकी के जितने भी नौकरों वाले विभाग हैं…. वो अपने यहां के किसी भी नौकर को प्रशासन विभाग में भेजने के लिए खून तक कर देंगे…. लेकिन हम रसोइए…. हम यह सुनिश्चित करने के लिए मरने मारने पर उतारू हो जाते हैं…. हमें यहां से कहीं ना भेजा जाए…. वैसे भी वहां कौन जाना चाहता है…. प्रशासन विभाग के बारे में इतना अच्छा है ही क्या…. हुह…. यहां रह कर हम अपनी मर्जी से काम करते हैं…. अपने हिसाब से रहते हैं…. और जी भर के खाते हैं…. आखिरकार इंसान की जिंदगी का मकसद होता ही क्या है…. खाओ पियो और ऐश करो….. हम सब यहां रसोई विभाग में रह कर वही तो करते हैं…. ही ही ही… "!

यह कह कर बड़े मोटू गब्बर को इस पर बहुत गर्व महसूस हुआ। फिर जैसे ही उसने बोलना समाप्त किया, तो उसने एक जादुई पौधे की जड़ निकाल ली! उस जड़ में अनगिनत धुंधले दिखाई देने वाले उम्र के छल्ले थे, और वह कई छोटी छोटी जड़ों से ढकी हुई थी। जाहिर था, की यह जादुई पौधे की जड़ बहुत पुरानी थी। बड़े मोटू गब्बर ने जड़ों के गुच्छे से एक जड़ तोड़ ली और उसे अपने मुँह में डाल लिया। फिर उसने जड़ को चबाया, निगला और लंबी सी डकार मार कर जड़ का गुच्छा कन्हैया को सौंपते हुए धीमी आवाज़ में कहा

"नौवें छोटे भाई, आज मैं तुम्हे एक राज़ की बात बताता हूं….. दरअसल हमारी साधना के आधार इतने मजबूत हैं….. कि अगर हम चाहते, तो बहुत पहले ही प्रशासन विभाग के सदस्य बन सकते थे…. लेकिन, हम सब अपनी साधना के असली स्तर को छिपाना पसंद करते हैं….. अब तुम ही बताओ….प्रशासन विभाग में ऐसे कितने सदस्य हैं…. जिन्हें इस तरह के सौ साल पुराने जादुई पौधे की जड़ का टुकड़ा खाने को मिलता है ?...... जानते हो, यह जड़ इतनी शक्तिशाली है…. की इसे पाने के लिए बड़े बड़े योद्धा, किसी का खून तक कर देंगे….. लेकिन हमें देखो, हम यहां बैठ कर इस जड़ का मज़ा मुफ्त के उठा रहें हैं…… अरे क्या हुआ छोटे भाई…. तुम और क्यों नहीं खा रहे हो ?”

असल में अब तक कन्हैया का पेट इतना भर गया था, कि वह सीधे देख भी नहीं पा रहा था। उसने कहा

"बड़े भाई, मेरा पेट भर गया है... मैं वास्तव में दूसरा निवाला नहीं खा सकता…. "!

लेकिन इससे पहले कि वह बोलना समाप्त कर पाता, बड़े मोटू गब्बर ने एक जड़ उखाड़ी और उसके मुँह में भर दी। फिर उसने कहा

"अरे खाओ खाओ नौवें छोटे भाई….. तुम बहुत दुबले-पतले हो….. इतने दुबले-पतले कि इस शहर की लड़कियाँ तुम्हें पसंद ही नहीं करेंगी….. इस शहर में लड़कियां हम जैसे हट्टे कट्टे और खाते पीते लड़कों को पसंद करती हैं….. चलो, खाओ… "!

इतना कह कर बड़े मोटू गब्बर, ने एक लंबी डकार निकाली। फिर उसने खाली कटोरों का ढेर उठाया, साथ ही पास की फूस की झोपड़ी के दोनों ओर लटके दो कपड़े के झंडों की ओर इशारा किया, जिन पर लिखा था।

"मैं प्रशासन विभाग की सीढ़ी पर संघर्ष करने के बजाय…. रसोई विभाग में भूखा मरना पसंद करूंगा।"

कन्हैया अब तक पूरी तरह से नशे में हो गया था, उसने स्क्रॉल पर नज़र डाली और लड़खड़ाती हुई ज़बान में कहा,

"हाँ, निश्चित रूप से! हम सब यहाँ भूख से मरना चाहते हैं…. उह... हाँ, भूख से मर जाओ….. ही ही ही…. "!

इतना कह कर, कन्हैया ने अपने पेट पर हाथ घुमाया और बड़े मोटू की तरह जोर से डकार ली। यह सुनकर बड़ा मोटू गब्बर और अन्य सभी हंसने लगे। फिर बड़े मोटू गब्बर ने कहा

"आज एक महान दिन है…. नौवें छोटे भाई, मुझे तुम्हें एक जरूरी बात बतानी है…. हमारे यहां रसोई विभाग में काम करने के कुछ निश्चित तरीके हैं…. और उनमें महारत हासिल करने के लिए, तुम्हे कुछ निश्चित विधियों को याद रखना होगा…. ध्यान देना…. "!

इसके बाद बड़े मोटू गब्बर ने कन्हैया को रसोई विभाग में बनने वाले खास जादुई पकवानो के बारे में बताना शुरू किया, और कुछ खास तरीके से जादुई फलों और सब्जियों को काटने छीलने के तरीके समझाए। साथ ही उसने कन्हैया को कुछ रहस्यमई गुप्त विधियां भी बताई। अंत में उसने कहा

"रसोई विभाग की इन गुप्त विधियां और तकनीकों को पिछली पीढ़ियों द्वारा बर्सो की मेहनत और तकलीफों के बाद इकट्ठा किया गया था…. अगर तुम इन सिद्धांतों का पालन करते हुए भोजन बनाओगे और खाओगे…. तो तुम्हारे सुरक्षित रहने और हमेशा जीवित रहने की पूरी संभावना है…. ठीक है, चलो अब आज रात के जश्न को यही खत्म करते हैं…. ठीक है…. तुम जाओ और सो जाओ….. बाकी सब काम पर लग जाओ…. प्रशासन विभाग के सदस्य अभी भी अपने खाने का इंतजार कर रहे होंगें….. "!

इतना कह कर बड़े मोटू गब्बर ने खाली कटोरे को चावल से भरना शुरू कर दिया। वहीं दूसरी ओर कन्हैया का सिर घूम रहा था, लेकिन फिर भी कन्हैया उन बातों के बारे में सोचने बंद नहीं कर सका, जो बड़े मोटू गब्बर ने उसे अभी अभी बताई थीं। उसने बड़े मोटू गब्बर और अन्य लोगों को चावल के कटोरे भरते हुए देखा, फिर एक लंबी डकार ली, और खुद कटोरे की जांच करने के लिए नीचे बैठ गया। कुछ ही पलों में अचानक से कन्हैया के मुँह पर मुस्कान आ गई, और उसने कहा

"बड़े भाइयों, ये कटोरे बहुत अच्छे हैं।"

यह सुन कर बड़े मोटू गब्बर और अन्य मोटू भाई लोगों ने अजीब भावों से कन्हैया की ओर देखा। कन्हैया ने हँसते हुए आगे कहा,

"देखने में ये कटोरे बहुत बड़े नहीं दिखते…. लेकिन वास्तव में हम इनमे बहुत सारा खाना भरते हैं…. क्यों ना हम इसका उल्टा करना शुरू कर दें…. मेरा मतलब है, की कटोरे दिखने में बड़े लगने चाहिए….. लेकिन इनमे खाना कम आना चाहिए…. हम इन कटोरों के निचले हिस्से को... मोटा बना सकते हैं…. जिससे ये दिखने में बड़े लगेंगे…. लेकिन अंदर से हम इनके पैंदे की गहराई कम कर सकते हैं…. इससे इनमे खाना कम आएगा….. और हमारा विभाग खाने की बचत कर पाएगा…. बाद में वो खाना हमारे ही काम आ सकता है!"

कन्हैया की बात सुन कर बड़ा मोटू गब्बर, सदमे में उसे घूरने लगा। मानो जैसे कि अभी-अभी उसे बिजली का झटका लगा हो। फिर उसकी चर्बी कांपने लगी और उसकी आँखें फड़कने लगीं। बाकी मोटू भाई लोग भी हांफने लगे और उनके मोटे शरीर भी कांपने लगे।.

फिर अचानक से बड़े मोटू गब्बर ने अपने पेट पर ज़ोर से हाथ मारा, जिसकी वजह से एक ज़ोरदार थप्पड़ की आवाज़ आई। फिर वह जोर से हंसा और बोला

"हां हां हां! क्या बात है छोटे उस्ताद… क्या विचार है…. वाह…. तुम्हारा यह विचार वाकई में अपनाने लायक है…. इससे हम ढेर सारा खाना अपने लिए बचा पाएंगे…. रसोई विभाग में आने वाली सभी पीढ़ियों को इससे लाभ होगा…. नौवें छोटे भाई, मैंने कभी नहीं सोचा था…. कि तुम जैसा आकर्षक व्यक्ति वास्तव में इतना चालाक होगा….. हा हा हा! तुम्हारा तो जन्म ही रसोई विभाग का हिस्सा बनने के लिए हुआ है…. अब तो चाहे दुनिया इधर से उधर हो जाए…. कोई तुम्हे रसोई विभाग से नहीं निकाल सकता…. हा हा हा… "!

लेकिन तभी अचानक से कन्हैया को काले खून की उल्टियां होने लगी और वो चक्कर खाकर जमीन पर गिर गया। आखिर क्या हुआ कन्हैया को ? और उसे काले खून की उल्टियां क्यों हुई ?

क्या बड़े मोटू गब्बर ने जो जादुई चीजें कन्हैया को खाने के लिए दी, वो कन्हैया की मौत का कारण बन जाएंगी?

आखिर राज ऋषि सुदर्शन ने कन्हैया को रसोई विभाग में क्यों लगाया, क्या अमर होने से पहले ही कन्हैया की मौत हो जाएगी ?

आखिर प्रेम चोपड़ा का क्या होगा, क्या वो वापस आकर कन्हैया से बदला नहीं लेगा ?

जानने के लिए सुनिए "Ayushman Bhava" का अगला एपिसोड, सिर्फ Pocket FM पर।

Chapter List: Previous

Chapter List: Next

Related Novels