Chapter 3 / 394

Ayushmaan Bhava | आयुष्मान भव:

Chapter 3

Ayushmaan Bhava | आयुष्मान भव: ·vivek

उस पत्थर की इमारत के बाहर एक अजीब से चेहरे वाली महिला बैठी थी। जिसके चेहरे पर कोई भाव नहीं था। जैसे ही उसकी नज़र राजऋषि सुदर्शन पर पड़ी, वह अपने पैरों पर खड़ी हो गई और उसने अभिवादन के लिए हाथ जोड़ लिए। राजऋषि सुदर्शन ने कहा

"इस बच्चे को रसोई विभाग में भेज दो," ।

इतना कह कर राजऋषि सुदर्शन बिना कन्हैया पर कोई ध्यान दिए, फिर से प्रकाश की एक किरण में बदल गए, और वहां से दूर चले गए। जब अजीब चेहरे वाली महिला, बिंदु ने रसोई विभाग का नाम सुना, तो वह सदमे में आ गई। उसने तुरंत चौंकते हुए कन्हैया को ऊपर से नीचे तक देखा, फिर बिना कुछ कहे उसे एक बैग दिया, जिसमें रसोइयों की वर्दी और अन्य सामान थे। फिर वह औरत, कन्हैया को इमारत से दूर, एक रास्ते की ओर ले गई; साथ ही शंभाला के कुछ बुनियादी नियमों और रीति-रिवाजों को समझाने लगी। जिन पर कन्हैया ने कोई ध्यान नहीं दिया, वो तो बस इस नई दुनिया, नए शहर में आकर थोड़ा उत्साहित और थोड़ा घबराया हुआ था। इसीलिए वह अपने आस पास के इलाके को देख रहा था। जिस रास्ते पर वह चल रहे थे, वह रास्ता हरे चुने के पत्थर से पक्का किया गया था, और कई इमारतों और आंगनों से होकर गुजरा था। पौधों और फूलों की सुगंधित खुशबू हवा में भरी हुई थी, और पूरी जगह एक दिव्य स्वर्ग की तरह लग रही थी। जैसे ही कन्हैया ने चारों ओर देखा तो उसका दिल तेज़ी से धड़कने लगा और उसकी पिछली घबराहट कम होने लगी। उसने मन ही मन कहा

"मानना पड़ेगा, यह जगह वाकई में शानदार है….. और मेरे गाँव से तो हज़ार गुना ज्यादा बेहतर है…. यहां का तो नौकर भी, गांव के मुखिया जी से बेहतर जिंदगी जीता होगा…. अगर यहां नौकर बनकर भी मुझे अमर होने का मौका मिला, तो चलेगा…. जियो राजऋषि सुदर्शन, जियो… "!

थोड़ा और आगे बढ़ने के बाद कन्हैया की आँखें हैरानी से चौंडी होने लगी क्योंकि आसपास के नज़ारे और भी अधिक शानदार होते जा रहे थे। रास्ते में उसने कुछ खूबसूरत महिलाओं को भी देखा, जिससे उसका दिल तुरंत खुशी से झूम उठा। जल्द ही, कन्हैया बहुत ज्यादा उत्साहित हो गया। और ऐसा इसलिए था, क्योंकि कन्हैया ने उस जगह को देख लिया था जो उसे अपनी मंजिल लग रही थी; रास्ते के अंत में एक सात मंजिला इमारत थी, जो क्रिस्टल की तरह चमक रही थी। कन्हैया ने उत्साह से पूछा

"बड़ी बहन, क्या हम पहुंच गए,?"

बिंदु ने शांत भाव से उत्तर दिया

"हाँ… लगभग "!

इतना कहने के बाद उसने बगल में एक छोटे से रास्ते की ओर इशारा किया और कहा

"हमें उस तरफ जाना है…. "!

कन्हैया ने उस दिशा में देखा, जिस तरफ वह इशारा कर रही थी, वहां उसे बेतरतीब ढंग से बनी छप्पर वाली झोपड़ियों से घिरा, बजरी वाला एक कच्चा रास्ता दिखाई दिया! उन छप्पर वाली झोपड़ियों को देख कर ऐसा लग रहा था, कि वो किसी भी पल बिखर सकती हैं। साथ ही उस इलाके से एक अजीब सी महक भी आ रही थी। यह सब देख कर कन्हैया रोना चाहता था, लेकिन ऐन वक्त पर उसकी आंखों ने उसे धोखा दे दिया और उसके आँसू ही नहीं आये। खैर, अभी भी आशा की एक किरण पकड़े हुए, उसने बिंदु से पूछा।

"बड़ी बहन, आपने अभी गलत दिशा की ओर इशारा कर दिया…. मुझे लगता है शायद आप इस क्रिस्टल वाली इमारत की ओर इशारा करना चाहतीं थी"?

बिंदु ने एक बार फिर से कन्हैया को ऊपर से नीचे तक देखा, फिर वापस क्रिस्टल वाली सात मंजिला इमारत को देखा। फिर बिना किसी भाव के कहा

"नहीं… "!

जब कन्हैया ने उसकी प्रतिक्रिया सुनी, तो उसके मन का सारा उत्साह गायब हो गया और उसने मन ही मन कहा

"इस राजऋषि सुदर्शन को तो मैं छोडूंगा नहीं….. कमीने ने सपने दिखाए स्वर्ग के, और पटक दिया इस झुगी बस्ती में…. ये तो वही बात हुई की छोटी गंगा बोल कर गंदे नाले में डुबकी लगवा दी…. लगता है मेरे पूर्वजों ने इसके खाने में मिर्ची बहुत डाली होगी…. उसी का बदला ले रहा है, कमीना मुझ से…. कोई बात नहीं बेटा…. एक बार मैं अमर हो जाऊं, फिर तुझे भी देख लूंगा…. "!

मन ही मन इतना कहने के कुछ ही देर बाद कन्हैया की नज़र उस जर्जर रास्ते के अंत पर पड़ी, जहाँ उसने कई विशाल काली कड़ाहियों को इधर-उधर भागते हुए देखा। जिसे देख कर वह चौंक गया। लेकिन फिर उसे एहसास हुआ कि यह कड़ाहीयां वास्तव में कई अविश्वसनीय रूप से मोटे लोगों की पीठ से जुड़ी हुई थी। ये लोग इतने मोटे थे, कि ऐसा लग रहा था, मानो इन्हें दबाने से शुद्ध चर्बी बाहर निकल आएगी। उन सबमें एक आदमी तो बाकी सबसे भी ज्यादा मोटा था, इतना मोटा कि वह मांस के पहाड़ जैसा दिख रहा था। कन्हैया ने उस सबसे मोटे आदमी को देख कर मन ही मन कहा

"ओहो… इस बिचारे को देखो…. यह तो इतना मोटा हो चुका है की कभी भी फट पड़ेगा…. "!

बहरहाल, वह पूरा इलाका सैकड़ों बड़ी-बड़ी कड़ाइयों से भरा हुआ था, जिनके अंदर वहां मौजूद मोटे आदमी चावल उबाल रहे थे। जैसे ही उन सबने महसूस किया की वहां कोई आ गया है, तो उन्होंने पलट कर बिंदु को देखा। फिर सबसे मोटे आदमी ने, जो मांस के पहाड़ जैसा दिखता था, उसने अपनी करछुल उठाई और तेज़ी से आगे बढ़ गया। वह वाकई में इतना मोटा था की उसके चलते समय ज़मीन कांप रही थी, और उसकी चर्बी इस तरह उछल रही थी कि कन्हैया सदमे में आ गया। और तुरंत अपनी कुल्हाड़ी की तलाश में लग गया। लेकिन अफसोस उसकी कुल्हाड़ी तो पहले ही मणिरंग पर्वत पर गिर चुकी थी। कन्हैया इसके आगे कुछ सोच पाता, तब तक वह मांस के पहाड़ जैसा मोटा आदमी उसके करीब आ गया और उत्साह से चिल्लाया

"मेरी झोंपड़ी की छत पर आज सुबह से कोवे सुंदर गीत गा रहे थे… अब मुझे पता चला की क्यों…. "!

फिर उसने चमकती आंखों से उस अजीब से चेहरे वाली महिला को देखा और कहा

"यह सब इसलिए हुआ, क्योंकि तुम आ रही थी…. क्या तुमने अपना मन बदल लिया है ? लगता है आखिरकार तुम्हें एहसास हो ही गया, की मैं कितना खूबसूरत और प्रतिभाशाली हूं…. मैं औपचारिक रूप से तुम्हे अपनी साथी बनाने के लिए इस शुभ दिन का फायदा उठाना चाहता हूं…. क्या तुम मेरे साथ खास आध्यात्मिक जड़ी बूटियों वाली चाय पीना चाहोगी ?

यह सब सुन कर बिंदु ने उस पहाड़ जैसे आदमी को नफरत और गुस्से दोनों से देखा और कहा,

"शक्ल देखी है अपनी….. कहां मैं स्वर्ग की अप्सरा सी कमसिन कलि और कहां तुम गुंडे जैसे दिखने वाले खलनायक… हुंह….. मैं यहां सिर्फ इस बच्चे को रसोइयों तक पहुंचाने के लिए ही यहां आई हूं….. अब मेरा काम पूरा हुआ…. संभालों इस नई भर्ती को….. हुंह…. "!

इतना कह कर बिंदु, मन ही मन उस मोटे आदमी को कोसते हुए वहां से चली गयी!

फिर वह मांस का पहाड़ अचानक कन्हैया के सामने आकर खड़ा हो गया। वह आदमी इतना विशाल था, कि कन्हैया ने खुद को उसकी छाया से पूरी तरह ढका हुआ पाया। कन्हैया ने उस मोटे आदमी के शरीर की हिलती हुई चर्बी को देखा, और अपना पसीना पोछने लगा। तभी मांस के पहाड़ ने बिंदु पर नाराजगी भरी नज़र डाली, जो बजरी वाले रास्ते पर वापस जा रही थी, फिर उसने कन्हैया की ओर देखा और कहा

"पता नहीं ये मुझे घास क्यों नहीं डालती…. तुम्हे क्या लगता है, वो मुझे पसंद करती है या नहीं…. "?

मांस के पहाड़ का सवाल सुन कर कन्हैया चौंक गया, और उसने हड़बड़ाहट में कहा

"ही ही ही… आप जैसे गबरू जवान को कौनसी लड़की पसंद नहीं करेगी….. लगता है शर्मा गई पगली… "!

कन्हैया का जवाब सुन कर मोटे आदमी के चेहरे पर मुस्कुराहट आ गई और उसने जोश भरी आवाज़ में कहा

"बड़े समझदार हो छोटे उस्ताद…… अरे भाई लोगों सुनो सब … देखो हमारे यहां नया दोस्त आया है…. "!

मांस के पहाड़ की बात सुन कर एक और मोटा आदमी वहां आया और उसने कहा

"लेकिन एक समस्या है…. हमारे यहां केवल एक ही जगह खाली है… और प्रेम चोपड़ा ने पहले ही उस जगह के लिए अर्जी लगा रखी…. इससे मामला थोड़ा पेचीदा हो गया है "!

कन्हैया को उस आदमी के विशाल फ्रेम को देखकर घबराहट महसूस हुई और वह अचानक से कुछ कदम पीछे हट गया। फिर उसने कहा

"बड़े भाई, प्रेम चोपड़ा को छोड़िए और मुझ से मिलिए…. मैं आपका विनम्र... एर, विनम्र सेवक कन्हैया... हूं।"

मांस के पहाड़ ने उसकी ओर देखा, और कहा

"कन्हैया? हम्म…। गोरी त्वचा, पतली काया और सुन्दर चेहरा…. तुम बहुत मासूम दिखते हो…. बढ़िया… बहुत बढ़िया…. तुम्हारा नाम वास्तव में मेरी पसंद पर ठीक बैठता है…. प्रेम चोपड़ा का पत्ता साफ… अब से तुम हमारे नए साथी हो…. रसोई विभाग में स्वागत है मेरे दोस्त…. "!

इतना कह कर उस मांस के पहाड़ ने कन्हैया के कंधे को थपथपाया, जिससे कन्हैया लगभग उड़कर किनारे जा गिरा। कन्हैया ने एक गहरी साँस ली और सोच समझ कर ऊपर देखा, और विनम्रता से पूछा

"उह, आपका नाम क्या है, बड़े भाई?"

यह सुन कर मांस का पहाड़ हसने लगा, जिससे चर्बी आगे-पीछे लहराने लगी फिर उसने कहा

"मैं बड़ा मोटू, गब्बर हूँ…. वह दूसरा मोटू, सांभा है, और वह तीसरा मोटू, कालिया है..."

जैसे ही कन्हैया ने इन अविश्वसनीय रूप से उत्तेजक नामों को सुना, उसने उनका मज़ाक उड़ाने की सारी योजना छोड़ दी। तभी बड़े मोटू, गब्बर ने कहा

"जहां तक तुम्हारी बात है, छोटे उस्ताद…. तो अब से, तुम नौवे मोटू, कन्हैया हों…. एर... एक सेकंड रुको, छोटे उस्ताद तुम बहुत दुबले-पतले हो यार…. अगर तुम इस तरह पतले दिखोगे… तो हम रसोइयों की नाक कट जाएगी… ख़ैर, मुझे लगता है कि फिलहाल यह मायने नहीं रखता…. चिंता मत करो…. कुछ समय के बाद तुम भी मोटे हो जाओगे…. तब हम तुम्हें नौवा मोटू, कन्हैया कहेंगे।''

जब कन्हैया ने अपना उपनाम नौवा मोटू कन्हैया सुना, तो वह मुस्कुराने लगा। फिर बड़े मोटू, गब्बर ने कहा

"ठीक है, अब जब तुम हमारे नौवें छोटे भाई बन गए हो…. तो अबसे तुम्हे बाहरी व्यक्ति के रूप में नहीं गिना जाएगा…. यहां रसोई विभाग में लंबे समय से अपनी पीठ पर कड़ाही ले जाने की परंपरा चली आ रही है…. हर रसोइया अपनी पीठ पर एक कड़ाही लेकर चलता है…. यहाँ मेरी पीठ पर यह कड़ाही देखो… "!

इतना कह कर उसने अपनी कड़ाही को थपथपाया और शेखी बघारते हुए कहा

"यह कड़ाहीयों का राजा है…. जो उच्चतम गुणवत्ता वाले लोहे से बना है, और इस पर धरती की शुद्ध अग्नि का जाल उकेरा गया है….. जब मैं, दिव्य चावल पकाने के लिए इस कड़ाही का इस्तेमाल करता हूं…. तो उसका स्वाद किसी भी अन्य कड़ाही में पकाए गए चावल की तुलना में कहीं बेहतर होता है…. वैसे ही तुम्हे भी अपनी पीठ पर ले जाने के लिए भी कड़ाही चुननी होगी….. तभी तुम वास्तव में प्रभावशाली दिखोगे…. "!

यह सुन कर कन्हैया ने बड़े मोटू, गब्बर की कड़ाही पर नज़र डाली और महसूस किया की रसोई में बाकी लोग भी इसी तरह अपनी पीठ पर कड़ाहीयां लादे हुए हैं। जो वाकई में काफी अजीब लग रहे थे। इसलिए कन्हैया ने धीरे से कहा

"बड़े भाई, क्या हम ये कड़ाई उठाने वाली चीज़ को छोड़ सकते हैं ?… मुझे अपने लिए किसी कड़ाही की जरूरत नहीं है…. "!

यह सुन कर बड़े मोटू, गब्बर ने कहा

"क्या तुम मेरे साथ मजाक कर रहे हो छोटे उस्ताद ? रसोई विभाग में अपने पास कड़ाही रखना एक महत्वपूर्ण परंपरा है….. बाद में जब भी तुम शहर में कहीं जाओगे, तो लोग तुम्हारी पीठ पर कड़ाई देखेंगे…. और तुरंत पहचान लेंगे कि तुम रसोई विभाग से हो…. एक बार जब उन्हें यह पता चल जाएगा, तो कोई भी तुम्हे चुनौती देने की हिम्मत नहीं करेगा…. तुम्हे नहीं पता छोटे उस्ताद…. लेकिन रसोई विभाग और रसोइयों की यहाँ बहुत चलती है…. "!

इतना कह कर बड़े मोटू, गब्बर ने कन्हैया को आंख मारी। और तुरंत कन्हैया को छप्पर की छत वाली झोपड़ियों में से एक में ले गया, जिसके अंदर हजारों कड़ाहीयों के ढेर थे, जिनमें से अधिकांश धूल की परतों से ढकी हुई थीं। जाहिर है, काफी समय से यहां कोई नहीं आया था। उन्हें देख कर कन्हैया ने मन ही मन चिड़ते हुए कहा

"अजीब लोग हैं…. अपने घर के बर्तनों को पीठ पर कौन बांध कर चलता है…. अब इस भंगार में से अपने लिए क्या निकालूं…. ये कहां फसा दिया राजऋषि सुदर्शन…. "!

कन्हैया को खयालों के खोया देख कर बड़े मोटू, गब्बर ने उसके कंधे पर हाथ रखा और उन कड़ाहियों के ढेर की ओर इशारा करते हुए कहा

"क्या सोच रहे हो छोटे उस्ताद… आगे बढ़ो और अपने लिए एक कड़ाई चुन लो…. फिर नीचे आकर चावल की देखभाल में मदद करो…. अगर चावल जल गए, तो यहां के बाहरी संप्रदाय के लोग फिर से तमाशा बना देंगे….. "!

इतना कह कर बड़ा मोटू, गब्बर मुड़ा और अपने बाकी 7 मोटे साथियों के साथ शामिल होने के लिए वापस भागा, क्योंकि वो लोग अकेले ही लगभग सौ से ज्यादा खाना पकाने वाली कड़ाहीयों को संभाल रहे थे। उसके जाते ही निराशा में आह भरते हुए, कन्हैया ने कड़ाईयों की ओर देखा, और इस बात को लेकर परेशान हो गया कि कौनसी कड़ाई उठाए, तभी अचानक उसकी नजर कोने में पड़ी एक विशेष कड़ाई पर पड़ी, जो एक बड़े ढेर के नीचे दबी हुई थी। यह एक अनोखी कड़ाई थी जिसका आकार गोलाकार न होकर अंडाकार जैसा था, असल में यह पूरी तरह से अंडाकार जैसा भी नहीं लग रहा था, बल्कि कछुए के खोल जैसा दिख रहा था। साथ ही इसकी सतह पर कुछ हल्के निशान भी दिखाई दे रहे थे। उसे देखते ही कन्हैया की आंखे चमक उठीं, वह तेजी से आगे बढ़ा और कड़ाई को करीब से देखने के लिए नीचे बैठ गया। कड़ाई को बाहर खींचकर आगे जांचने के बाद उसकी आंखें संतुष्टि से चमकने लगीं। असल में कन्हैया बचपन से ही कछुओं का शौकीन था, क्योंकि वो लंबी उम्र का प्रतिनिधित्व करते है। वैसे भी कन्हैया हमेशा के लिए जीवित रहने के उद्देश्य से अमर साधना के बारे में जानने के लिए शंभाला आया था, और जैसे ही उसने कछुए की कड़ाई देखी तो उसे पता चला कि यह एक शुभ संकेत और एक अच्छा शगुन है। आखिर ऐसा क्या खास था, इस कड़ाई में और क्या वाकई में यह कन्हैया के लिए शुभ साबित होगी ?

आखिर अमर होने की चाह में यह कहा पहुंच गया था कन्हैया ?

क्या राजऋषि सुदर्शन ने वाकई में कन्हैया के साथ कोई धोखा किया था, या फिर ये उसकी परीक्षा थी ?

जानने के लिए सुनिए "Ayushman Bhava" का अगला एपिसोड, सिर्फ Pocket FM पर।

Chapter List: Previous

Chapter List: Next

Related Novels