Chapter 2 / 394

Ayushmaan Bhava | आयुष्मान भव:

Chapter 2

Ayushmaan Bhava | आयुष्मान भव: ·vivek

बदलते मौसम को देख कर कन्हैया इतनी बुरी तरह से डर गया, की एक पल के लिए तो वह अपनी काली धूप बत्ती को बुझाने के बारे में सोचने लगा, लेकिन फिर किसी तरह वह खुद को रोकने में कामयाब रहा। और उसने झुंझलाते हुए कहा

"जब भी मैं इस धूप बत्ती को जलाता हूं, ये मनहूस बिजलियां पता नहीं कहां से आ जाती हैं…. ऊपर से ये अमर साधु… ना जाने कहां सोया पड़ा है…. मेरे पूर्वजों से कह कर गया था, की धूप बत्ती जला देना…. और मैं आ जाऊंगा…. मैने पिछले तीन सालों में बारह बार यह धूप जलाई है….. और आज यह तेरहवीं बार है…. अभी तक तो उसका कोई नामों निशान नहीं दिख रहा हैं…. अलबत्ता ये बिजलियां जरूर मेरे ऊपर गिरने आ गईं हैं…. अरे आजा साधु बाबा… अब तो मैं पहाड़ पर भी चढ़ गया…. नहीं तो ये बिजलियां मेरा तंदूरी कन्हैया बना देंगी "!

दरअसल यह वाकई में एक अजीब इत्तेफाक था, की अतीत में कन्हैया ने बारह बार अपनी काली धूप बत्ती जलाई, और हर बार भयानक बिजलीयों की गड़गड़ाहट हुई लेकिन फिर भी कोई अमर साधु प्रकट नहीं हुआ। असल में हर बार वह इन भयानक बिजलियों से इतना डर जाता था, कि कुछ देर तक धूप बत्ती को जलाने के बाद वह उसे बुझा देता था। लेकिन आज कन्हैया ने सोच लिया था, की चाहे कुछ भी हो जाए, वह अपनी धूप बत्ती को नहीं बुझाएगा। वह डर के मारे काँपते हुए वहीं बैठा रहा और अमर साधु का इंतज़ार करने लगा। जैसे ही वह धूप बत्ती पूरी तरह से जल कर खत्म होने को हुई, तो कन्हैया बुरी तरह से चिढ़ गया और उसने चिल्लाते हुए कहा

"देखो अमर साधु…. ज्यादा नाटक मत करो और चुपचाप सामने आ जाओ…. तुमने मेरे पूर्वजों से वादा किया था…. अब वादा पूरा करने का टाइम आया है, तो तुम्हे नाटक सूझ रहा है…. देखो मैं आखिरी बार कह रहा हूं…. आ जाओ नहीं तो…. "!

कन्हैया ने इतना कहा ही था, की अचानक बिजलियों की गड़गड़ाहट के बीच एक आवाज़ गूंज उठी

"नहीं तो….. "?

इस आवाज़ को सुनते ही कन्हैया की घिग्गी बंध गई और उसकी आवाज़ उसके गले में ही घुट कर रह गई। फिर अचानक, दूर हवा में प्रकाश की एक लकीर दिखाई दी, जो तुरंत एक इंसानी आकृति में बदल गई। वह आकृति एक अधेड़ उम्र के आदमी की थी, जिसने हाथ से बने बेहतरीन महीन सिल्क के आलीशान कपड़े पहने हुए थे। उसके हाव भाव और चेहरे के तेज को देख लग रहा था की वह कोई बहुत ही पहुंची हुई हस्ती है। लेकिन वो कहीं से भी साधु जैसा तो बिलकुल नहीं दिख रहा था। साथ ही वह काफी थका हुआ और एक लंबी यात्रा से निढाल हुआ लग रहा था। उस अधेड़ उम्र के आदमी ने दूर से कन्हैया को देख कर कहा

"आखिरकार मुझे पता चल ही गया, की वो कौन मूर्ख है जो पिछले तीन सालों से हर समय इस धूप बत्ती को जलाता आ रहा है!"

इतना कह कर वह आदमी पिछले कुछ सालों के अपने अनुभव के बारे में सोचने लगा और उसका मुंह कड़वाहट से भर गया। तीन साल पहले, उसने इस धूप बत्ती की जादुई खुशबू को महसूस किया था! धूप बत्ती की जादुई खुशबू को महसूस करते ही उसे तुरंत उस कर्ज़ की याद आ गई, जो उस पर नश्वर संसार में बाकी था। यह धूप बत्ती उसने सैकड़ों साल पहले एक परिवार को तब दी थी, जब वह अमर होने की साधना कर रहा था। और उस परिवार ने इस आदमी की काफ़ी मदद की थी। पहली बार जब वह आदमी धूप बत्ती की आभा को महसूस करते हुए बाहर निकला था, तो लगा था कि उसके लिए बाहर जाना और फिर तुरंत लौट कर आ जाना एक साधारण मामला होगा। लेकिन उसने कभी नहीं सोचा था, कि धूप बत्ती ढूंढने से पहले ही उसकी आभा अचानक गायब हो जाएगी और धूप बत्ती से उसका संपर्क टूट जाएगा। जिसकी वजह से अधेड़ उम्र के आदमी को बार बार अपना शहर और अपनी साधना छोड़ कर आना पड़ रहा था। हर बार वह धूप बत्ती तक पहुंच पाता उससे पहले ही उसकी आभा गायब हो जाति थी। और जैसे ही वह वापस अपने शहर लौट कर साधना करने बैठता, तो अचानक धूप बत्ती की आभा फिर से उसे बुलाने लगती थी। इस तरह आगे पीछे, आगे पीछे करते करते इस अधेड़ उम्र के आदमी की हालत खराब हो चुकी थी और वह भयानक गुस्से से भर चुका था। इसलिए इस बार वह पिछले कईं महीनो से अपने शहर नहीं गया, बल्कि मणिरंग पर्वत पर ही डेरा डाले बैठा रहा और इस धूप बत्ती की आभा का इंतज़ार करता रहा। आज जैसे ही कन्हैया ने धूप बत्ती जलाई, तो वह तुरंत उसके पास पहुंच गया। जैसे ही वह मणिरंग पर्वत पर उतरा तो उसकी नज़र कन्हैया पर पड़ी। उसने तुरंत अपना हाथ हिलाया जिससे तुरंत सुलगती हुई धूप बत्ती बुझ गई। और बिजलियों की गड़गड़ाहट भी बंद हो गई। दूसरी ओर कन्हैया ने सदमे में उस आदमी को देखा और मन ही मन कहा

"मैने तो अमर साधु को बुलाया था…. ये पता नहीं कौन है…. इसके कपड़ों से तो यह किसी नाटक मंडली का कलाकार लग रहा है…. "!

असल में कन्हैया अभी भी अनिश्चित था, कि वास्तव में क्या हो रहा है, इसलिए उसने अपना हाथ अपनी पीठ के पीछे सरकाया और एक कुल्हाड़ी पकड़ ली। फिर कन्हैया ने सावधानी से उस अधेड़ उम्र के आदमी से पूछा।

"क्या आप अमर साधु हैं?"

जब अधेड़ उम्र के उस साधक ने अपनी दिव्य दृष्टि से कन्हैया को अपनी पीठ पर टंगी कुल्हाड़ी पकड़ते देखा तो उसकी आंखें बिजली की तरह चमक उठीं। लेकिन फिर उसने कुल्हाड़ी को नजरअंदाज करते हुए कन्हैया से कहा

"तुम मुझे राजऋषि सुदर्शन कह सकते हो….. क्या तुम देवगढ़ के कश्यप वंश से हो ?"

उस अधेड़ उम्र के आदमी के मुंह से राजऋषि सुनते ही कन्हैया ने आंखें तरेरते हुए मन ही मन कहा

"वाह बेटा…. राजऋषि… मतलब राज भी करना है, और खुद को ऋषि भी कहलवाना है…. क्या मामू बनाते हैं, ना ये लोग…. "!

राजऋषि सुदर्शन ने जब कन्हैया की ओर देखा तो कन्हैया उसे नाजुक और मासूम लगा। साथ ही उसे देख कर सुदर्शन को अपने सैकड़ों साल पुराने दोस्त और कन्हैया के पूर्वज की याद आ गई। इसके अलावा, कन्हैया की गुप्त आभा, सुदर्शन को काफी उपयुक्त लगी। इसलिए सुदर्शन का गुस्सा धीरे-धीरे कम होने लगा। वहीं कन्हैया ने सुदर्शन को देख कर कुछ बार पलकें झपकाईं। हालाँकि वह अभी भी थोड़ा डरा हुआ था, लेकिन फिर भी वह सीधा बैठ गया और उसने धीरे से कहा,

"जी हां मैं, देवगढ़ के कश्यप वंश से हूं…. और मेरा नाम कन्हैया है…. ।"

राजऋषि सुदर्शन ने शांत स्वर में कहा।

"ठीक है, मुझे यह बताओ की तुमने पिछले तीन सालों में इतनी बार यह धूप बत्ती क्यों जलाई ?"

जैसे ही कन्हैया ने सवाल सुना, उसका दिमाग घूम गया और उसने मन ही मन कहा

"अच्छा…. इसका मतलब इसे पता था, की मैं धूप बत्ती जला रहा हूं… लेकिन फिर भी यह जानबूझ कर नहीं आया…. लगता है, यह अपने वादे से मुकरना चाहता है…. धोखेबाज़ कहीं का…. हुंह… "!

हालांकि कन्हैया के मन में गुस्सा था, लेकिन फिर भी उसने एक अच्छा सा जवाब देने की कोशिश की और अंत में, उसके चेहरे पर एक उदासी भरी अभिव्यक्ति दिखाई दी, उसने पहाड़ के नीचे स्थित गाँव की ओर देखा और कहा

"आपका यह सेवक एक भावुक और नेक इंसान हैं…. मैं अपने साथी गांव वालों से बिछड़ना बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था….. जब भी मैंने धूप जलाई, मैं दुःख की भावनाओं से भर गया…. उन्हें पीछे छोड़ने का विचार मेरे लिए बहुत ही दर्दनाक था।''

यह सुन कर राजऋषि सुदर्शन, कन्हैया को सदमे में घूरने लगा। क्योंकि उसने कभी ऐसी संभावना पर विचार नहीं किया था, और इस तरह उसके दिल में गुस्सा और भी कम हो गया। लेकिन जब राजऋषि सुदर्शन ने अपनी दिव्य दृष्टि को गाँव की ओर भेजा, तो उसे ढोल और घंटियों की आवाज़ें सुनाई दी साथ ही उसने ग्रामीणों को यह बात करते हुए भी सुना कि वो लोग कन्हैया के जाने से कितने खुश हैं। तो राजऋषि सुदर्शन के चेहरे पर एक अजीब सा भाव उभर आया और उसे सिरदर्द महसूस होने लगा। फिर उसने पीछे मुड़कर कन्हैया को देखा, जो इस वक्त ऐसा लग रहा था मानो जैसे वह किसी मक्खी को भी चोट नहीं पहुँचाएगा। तभी अचानक उसे एहसास हुआ कि यह बच्चा ऊपर से जैसा दिख रहा है, अंदर से वैसा बिलकुल भी नहीं है। यह तो पूरी तरह से एक खलनायक है। यह महसूस होते ही राजऋषि सुदर्शन ने गड़गड़ाहट की तरह गूँजने वाली आवाज़ में पूछा

"मक्कारी मत करो…. मुझे सच बताओ!"

राजऋषि सुदर्शन की आवाज़ को सुन कर कन्हैया इतना भयभीत हो गया कि वह कांपने लगा। कन्हैया ने डरते हुए कहा

"अरे, आप मुझे दोष नहीं दे सकते…. पता नहीं यह कैसी घटिया धूप है… जब भी मैं इसे जलाता, हर जगह बिजलीयां चमकने लगती… कई मौकों पर तो मैं मरते मरते ही बचा…. आपको क्या पता, आपके चक्कर में मैने क्या क्या सहा है…. वास्तव में, इस तरह की बिजलीयों से तेरह बार बचना एक आम आदमी के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है…. !”

यह सुन कर राजऋषि सुदर्शन ने चुपचाप कन्हैया को देखा और कहा

"अगर तुम इतने ही डरे हुए थे, तो तुमने इस धूप बत्ती को इतनी बार जलाया ही क्यों ?"

कन्हैया ने तुरंत गुस्से से कहा

"क्योंकि मुझे मरने से डर लगता है… क्या अमर साधना का मतलब हमेशा जीवित रहने में सक्षम होना नहीं होता ?..... मैं हमेशा के लिए जीना चाहता हूँ… इसलिए आपको बुला रहा था…. ताकि आप आएं और मुझे अमर साधना सिखाएं…. लेकिन आप पता नहीं कहां घूम फिर रहे थे…. अगर आप पहली बार में ही आ जाते, तो मुझे इतनी बार इस धूप बत्ती को जलाना ही क्यों पड़ता…. "?

यह सुन कर राजऋषि सुदर्शन एक बार फिर से अवाक रह गए। लेकिन, उन्हें हमेशा के लिए जीवित रहने के प्रति बच्चे का आकर्षण अच्छा लगा, और उन्हें एहसास हुआ कि कुछ कठिन प्रशिक्षण के बाद कन्हैया का व्यक्तित्व थोड़ा बदल सकता है। एक पल के विचार के बाद, राजऋषि सुदर्शन ने अपनी आस्तीन लहराई, जिससे कन्हैया प्रकाश की एक किरण से पूरी तरह से घिर गया। फिर राजऋषि सुदर्शन ने कहा

"अगर ऐसी बात है…. तो ठीक है, मेरे साथ आओ.. "!

अपने चारों ओर रौशनी का घेरा देख कर कन्हैया ने पूछा

"हम कहाँ जा रहे हैं?"

लेकिन इससे पहले की कन्हैया कुछ समझ पाता, अचानक उसे एहसास हुआ कि वो हवा में उड़ रहा है। उसने तुरंत नीचे देखा और कहा

"हे भगवान, हम तो हवा में बहुत ऊपर आ चुके हैं…. नहीं हम उड़ रहें हैं… अरे उड़ने से पहले बता तो देते… क्या मुसीबत है…. "!

इतना कह कर कन्हैया ने अपने हाथ में पकड़ी हुई कुल्हाड़ी नीचे गिरा दी और तुरंत राजऋषि सुदर्शन का पैर पकड़ लिया। फिर कन्हैया ने तेज़ आवाज़ में पूछा

"आखिर हम जा कहां रहे हैं…. "?

जब राजऋषि सुदर्शन ने कन्हैया को अपना पैर पकड़ते हुए नीचे देखा। तो थोड़ा असहज महसूस करते हुए, कहा

"अमर साधकों के शहर… शंभाला… "!

शंभाला का नाम सुनते ही कन्हैया चौंक गया। क्योंकि उसने पहले भी किस्सों और कहानियों में इस जगह के बारे में सुन रखा था। प्राचीन कहानियों के हिसाब से शंभाला, हिमालय की वादियों के बीच छिपा हुआ वो शहर है, जहां रहने वाले सभी लोग अमर हैं!

कहते हैं भारत, तिब्बत और चीन तीनो देशों की सीमाओं के इर्द गिर्द कहीं गुप्त स्थान पर एक नदी बहती है, जिसका नाम है देव नदी। और देव नदी की निचली शाखा पर स्थित है शंभाला, जिसका इतिहास अनगिनत वर्ष पुराना है। देव नदी के ऊपर आठ विशाल बादलों को छूने वाले पहाड़ हैं। उनमें से चार पहाड़ नदी के उत्तरी तट पर स्थित है, जबकि तीन दक्षिणी तट पर। आश्चर्यजनक रूप से, उन सभी में से सबसे भव्य पर्वत, नदी के ठीक बीच से ही ऊपर उठा हुआ है। उस पर्वत का पूरा ऊपरी भाग शानदार सफेद बर्फ की चादर से ढका हुआ है, और इतना ऊँचा उठा हुआ है, की पर्वत की चोटी तक दिखाई नहीं देती। कहते है शंभाला के लोगों ने इस पहाड़ को बीच से खोखला कर दिया है, जिससे देव नदी का पानी सीधे इसके अंदर से बहने लगा, और पहाड़ अपने आप में कुछ हद तक एक पुल जैसा दिखने लगा। जिसका इस्तेमाल शंभाला के लोग उत्तरी घाट से दक्षिणी घाट जाने के लिए करते हैं। और वर्तमान में प्रकाश की एक किरण शंभाला के दक्षिणी तट के पास तेजी से बढ़ रही थी। यह प्रकाश की किरण कोई और नहीं बल्कि राजऋषि सुदर्शन और कन्हैया थे। जैसे ही वो दोनो तीसरे पहाड़ की चोटी के नीचे नौकरों के क्वार्टर तक पहुंचे, तो राजऋषि सुदर्शन ने कन्हैया को डर से चिल्लाते हुए सुना और वो अजीब तरीके से कन्हैया को घूरने लगे। असल में कन्हैया इस उड़ान से बहुत डर गया था। वो मणिरंग पर्वत से शंभाला के बीच अनगिनत पहाड़ों को पार कर चुके थे, और पूरे समय कन्हैया को ऐसा महसूस हो रहा था, जैसे वह राजऋषि सुदर्शन के पैरों पर अपनी पकड़ खो रहा है। आख़िरकार, सब कुछ धुंधला हो गया और कन्हैया को लगने लगा की वह बेहोश हो चुका है। लेकिन कुछ ही देर में फिर से सबकुछ स्पष्ट हो गया, और कन्हैया को एहसास हुआ, कि वो एक इमारत के ठीक बाहर उतर चुके हैं। जब कन्हैया ठीक से खड़ा हुआ तो उसे महसूस हुआ कि उसके पैर अभी भी काँप रहे है, उसने कुछ देर गहरी सांसें ली, फिर अपने आपको संभाला और अपने चारों ओर घूम कर उस जगह का जायजा लेने लगा। कन्हैया इस वक्त एक ऐसी दुनिया देख रहा था, जो उस दुनिया से बिलकुल अलग थी जो वह गाँव में देखा करता था। खैर, अंत में कन्हैया ने उस इमारत को देखा जिसके सामने वह खड़ा था। उस इमारत के सामने एक विशाल पत्थर था, जिस पर हिंदी भाषा में कुछ अक्षर लिखे थे।

"कर्मचारी मामलों का विभाग"।

उस पत्थर पर लिखे शब्दों को पढ़ कर कन्हैया का दिमाग चकराने लगा और उसने चौंकते हुए मन ही मन कहा

"ये राजऋषि मुझे कहां ले आया ?..... मैं तो यह सोच कर यहां आया था, की वो मुझे अमर साधना के बारे में सिखाएगा…. लेकिन ये तो मुझे अपना नौकर बनाने वाला है…. ये कहां फस गया रे कन्हैया…. लगता है आज मैंने मुखिया जी की वो कहावत सच कर दी, जिसमे वो कहते थे…. चौबे जी चले थे, छब्बे जी बनने और दुबे जी बन कर रह गए…. "!

आखिर ये कहा आ गया था कन्हैया, क्या वाकई में यह अमर साधकों का शहर शंभाला था ?

कहीं वाकई में राजऋषि सुदर्शन, कन्हैया को अपना नौकर तो नहीं बनने वाले थे ?

आखिर अब इस मुसीबत से कैसे निकलेगा कन्हैया ?

जानने के लिए सुनिए "Ayushman Bhava" का अगला एपिसोड, सिर्फ Pocket FM पर।

Chapter List: Previous

Chapter List: Next

Related Novels