Chapter 4 / 394

Ayushmaan Bhava | आयुष्मान भव:

Chapter 4

Ayushmaan Bhava | आयुष्मान भव: ·vivek

जब कन्हैया अपनी पसंद की कड़ाही लेकर बाहर आया, तो बड़े मोटू, गब्बर की नजर उस पर पड़ी और वह हाथ में करछुल लेकर तेजी से आगे बढ़ा। उसने अपना बड़ा पेट सहलाते हुए ईमानदारी से कन्हैया से पूछा।

"नौवें छोटे भाई, तुमने इस कड़ाही को क्यों चुना ?.... यह कड़ाही वहाँ वर्षों से है, और किसी ने कभी भी इसका उपयोग नहीं किया है… क्योंकि यह कछुए के खोल जैसी दिखती है, इसलिए लोग इसे अपनी पीठ पर नहीं रखना चाहते…. उम्म... क्या तुम इस कड़ाही को लेकर निश्चित हो, नौवें छोटे भाई?"

कन्हैया ने कड़ाही की ओर प्यार से देखते हुए दृढ़तापूर्वक कहा।

"मुझे यकीन है, बड़े भाई….. मेरे लिए यही कड़ाही सही है।"

हालांकि इसके बाद बड़े मोटू, गब्बर ने उसे कुछ देर और रोकने की कोशिश की, लेकिन जब उसे एहसास हुआ कि कन्हैया ने अपना मन बना लिया है। तो आख़िरकार, उसने उस पर अजीब नज़र डाली और कोशिश करना बंद कर दिया। फिर रहने के लिए रसोइयों की फूस की छत वाली झोपड़ियों में से एक कन्हैया को आवंटित करने के बाद, वह काम पर वापस चला गया। जल्द ही, शाम ढल गई थी। कन्हैया अपनी फूस की छत वाली झोपड़ी में बैठकर कछुए के आकार की कड़ाही का निरीक्षण कर रहा था। एक चीज़ जिसने कन्हैया का ध्यान खींचा, वह थे कड़ाही के पीछे बनी कुछ लाइनें जो इतनी धुंधली थीं, कि जब तक आप बारीकी से नहीं देखेंगे, आप उन्हें नहीं देख पाएंगे। उन डिजाइंस को देख कर कन्हैया तुरंत बता सकता था कि यह कोई साधारण कड़ाही नहीं है। सावधानी से उसे चूल्हे पर रखकर उसने छोटी झोपड़ी के अंदर चारों ओर देखा। यह बहुत साधारण जगह थी। चूल्हे के अलावा, इसमें एक बिस्तर, एक टेबल और दीवार पर एक साधारण तांबे का आइना लटका हुआ था। जैसे ही कन्हैया ने चारों ओर देखने के लिए अपना सिर घुमाया, उसके पीछे सामान्य सी दिखने वाली कड़ाही से अचानक बैंगनी रंग की रोशनी निकली! जिसे देख कर कन्हैया चौंक गया। लेकिन कुछ ही देर में वह बैंगनी रौशनी शांत हो गई। जहां तक कन्हैया का सवाल है, यह दिन उसके लिए सभी प्रकार की महत्वपूर्ण घटनाओं से भरा हुआ था। इन घंटनाओ को याद करते हुए कन्हैया ने कहा

"वाकई में क्या अजीब दिन था…. एक ही दिन में अपने गांव का राजा, यहां आकर नौकर बन गया… ये सब उस राज ऋषि सुदर्शन की वजह से हुआ है…. वो चाहता तो मुझे किसी अच्छे विभाग में भी लगा सकता था, लेकिन नहीं… उसे तो मुझसे नौकरों की तरह काम करवाना था…. कहीं मेरे पूर्वजों ने उससे अपने घर का झाड़ू पोछा तो नहीं करवाया था ? …. खैर छोड़ो…. सबसे बड़ी बात तो ये है, की आख़िरकार मैं अपने सपनों की भूमि, इन अमर लोगों की दुनिया में पहुँच गया हूं…. और जल्दी ही मैं खुद भी अमर हो जाऊंगा….. फिर उस राज ऋषि सुदर्शन को देखता हूं…. "!

असल में खुश होने के साथ साथ फिलहाल, कन्हैया अभी भी थोड़ा असमंजस में था। क्योंकि उसे ये नहीं पता था की अब यहां से आगे क्या। बहरहाल, थोड़ा समय बीतने के बाद, उसने एक गहरी साँस ली और उसकी आँखें उत्सुकता से चमकने लगीं। उसने वह थैला निकाला जो उस अजीब चेहरे वाली महिला ने उसे दिया था। बैग के अंदर एक औषधीय गोली, एक लकड़ी की तलवार, कुछ धूप, एक नौकर की वर्दी और एक कमांड पदक था। अंत में, वहाँ एक बाँस की किताब थी, जिसके ऊपर कई छोटे-छोटे अक्षर लिखे हुए थे।

"दिव्य ऊर्जा नियंत्रण कला और उसके नियम"!

कन्हैया ने जब उन अक्षरों को पढ़ा तो उसकी आँखें खुशी से चमकने लगी। असल में कन्हैया यहाँ सिर्फ यहीं सीखने के लिए आया था, कि हमेशा के लिए अमर कैसे हुआ जाता है, और उस लक्ष्य को प्राप्त करने की चाबी अभी उसके हाथ में थी। एक गहरी साँस लेने के बाद कन्हैया ने वह किताब खोली और कुछ पल बाद, उसकी आँखें उत्साह से चमक उठीं। बांस की किताब में तीन चित्र थे, और साथ में कुछ जानकारियां थीं, जिसमें बताया गया था कि अमर साधना को, दिव्य ऊर्जा नियंत्रण कला और दिव्य ऊर्जा स्थापना के दो चरणों में कैसे बांटा गया है। जहां तक दिव्य ऊर्जा नियंत्रण कला की बात है, तो इसे दस स्तरों में बांटा गया था। और हर एक स्तर पर पहुंचने पर साधक को अलग अलग शक्तियां मिलती थीं। लेकिन दुर्भाग्य से, इस किताब में दिव्य ऊर्जा नियंत्रण कला के केवल तीसरे स्तर तक का ही जिक्र किया गया था। इसके बाद के स्तरों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। बहरहाल, कन्हैया ने अपना दिमाग साफ़ किया और अपनी सांस को नियंत्रित करना शुरू कर दिया। फिर उसने अपनी आँखें बंद कर लीं और बांस की किताब में बनी पहली तस्वीर की योग मुद्रा का अभ्यास करने लगा। लेकिन जैसे ही कन्हैया ने उस योग मुद्रा में तीन बार सांस ली तो उसे भयानक दर्द महसूस हुआ और उसने ज़ोर से चिल्ला कर हार मान ली। असल में साँस लेने की इस तकनीक का इस्तेमाल करने में उसे अपनी नानी दादी याद आ गई, और उसने खुद से ही कहा

"ये तो बहुत मुश्किल है भाई…. मेरी तो तीन सांस में ही हवा टाइट हो गई…. वैसे इस तस्वीर के नीचे जो लिखा है, उसके हिसाब से….. जब आप इस तरह की साधना का अभ्यास करते हैं….. तो आपको अपने अंदर से बहती हुई दिव्य ऊर्जा की एक धारा महसूस होनी चाहिए…. लेकिन मुझे तो केवल एक ही चीज़ महसूस हुई…. और वह था बेतहाशा दर्द…. "!

इतना कह कर कन्हैया निराश होने लगा। लेकिन हमेशा जीवित रहने की खातिर, उसने अपने दाँत पीस लिए और फिर से कोशिश करने लगा। आधी रात होने तक उसने इस प्रक्रिया को बार-बार दोहराया। लेकिन इस पूरे समय के दौरान, कन्हैया को एक बार भी अपने शरीर में किसी भी प्रकार की दिव्य ऊर्जा का एहसास नहीं हुआ। उसके पास इसे जानने का कोई तरीका नहीं था, लेकिन कन्हैया को इतना तो समझ आ ही गया था, की अगर कोई असाधारण प्रतिभा वाला इंसान भी इस दिव्य ऊर्जा नियंत्रण कला के पहले स्तर को विकसित करने की कोशिश करेगा, तो उसे सफल होने के लिए कम से कम एक महीने की जरूरत होगी!

खैर, कन्हैया को अपने शरीर में बहुत दर्द हो रहा था, इसलिए आखिरकार वह उठा और अपना चेहरा धोने के लिए बाहर जाने लगा। तभी अचानक, उसने बाहर हंगामा सुना तो उसने अपना सिर खिड़की से बाहर निकाला और तुरंत उसकी नज़र रसोइ विभाग के मुख्य दरवाजे पर खड़े एक पीले चेहरे वाले लड़के पर पड़ी। वह लड़का गुस्से में लग रहा था, और उसने चिल्लाते हुए कहा

"प्रेम नाम है मेरा, प्रेम चोपड़ा….. कौन है वो कमबख्त जिसने यहां मेरी जगह ले ली….. देखो तुम जो कोई भी हो, अभी यहां से भाग जाओ… नहीं तो…. "!

इतना कहते वह पीले चेहरे वाला लड़का, जिसका नाम प्रेम चोपड़ा था, वह अचानक से रुक गया। क्योंकि कन्हैया के खिड़की से बाहर अपना सिर बाहर निकालने की हरकत ने, उसका ध्यान आकर्षित कर लिया था। कन्हैया को देखते ही प्रेम चोपड़ा गुस्से में चिल्लाया,

"तो, तुम वही हो जिसने मेरी जगह ले ली!" ?

हालांकि कन्हैया तुरंत अपना सिर वापस से खिड़की के अंदर ले जाना चाहता था, लेकिन अब बहुत देर हो चुकी थी। इसलिए उसने तुरंत अपने चेहरे पर एक मासूम भाव चिपकाया और कहा,

"नहीं नहीं मेरे दोस्त, वो मैं नहीं था….. मैं कहां तुम जैसे शूरवीर की जगह ले सकता हूं….. अच्छा अब रात बहुत हो चुकी है, तुम सो जाओ हां…. मैं भी सोने जा रहा हूं…. अगर वो लड़का मुझे दिखा, तो मैं तुम्हे बता दूंगा…. ठीक है… नमस्ते…. "!

इतना कह कर कन्हैया तुरंत खिड़की बंद करने लगा, लेकिन तभी अचानक से प्रेम चोपड़ा ने कहा

"झूठे कहीं के…. तुम बहुत दुबले पतले और छोटे हो…. रसोई विभाग में बाकी सब हट्टे कट्टे और खाते पीते घर के लोग हैं…. जाहिर तौर पर तुम ही वो नौसिखिए हो… "!

इतना कहते कहते प्रेम चोपड़ा ने अपने हाथों की मुट्ठियों को कस कर बंद कर लिया और कन्हैया को गुस्से से घूरने लगा। वह इतना ज्यादा गुस्से में था, कि ऐसा लग रहा था मानो जैसे वह किसी भी पल कन्हैया को कच्चा चबा जाएगा। प्रेम चोपड़ा की आंखों में अपने लिए गुस्से की आग को देख कर कन्हैया खुद को काफी असहाय महसूस करने लगा, उसने खिड़की से झांकते हुए कहा

"देखिए प्रेम चोपड़ा जी, इंसान को ज्यादा गुस्सा नहीं करना चाहिए…. दिल का दौरा पड़ सकता है…. मुझे पता है, आपके साथ जो कुछ भी हुआ उसके बाद आपका गुस्सा होना लाज़मी है…. लेकिन इसका वास्तव में मुझसे कोई लेना-देना नहीं है…. मैं नहीं जानता वो कमीना कौन है, जिसने आपकी जगह ले ली है…. इसलिए मुझे माफ कीजिए "!

यह सुन कर प्रेम चोपड़ा का गुस्सा और भड़क गया, क्योंकि वो जनता था की कन्हैया झूठ बोल रहा है। इसलिए उसने गरजते हुए कहा

"मुझे किसी की परवाह नहीं है…. मैं जानता हूं की वो तुम ही हो…. इसलिए अब से तीन दिन बाद शहर के दक्षिणी ढलान पर…. तुम और मैं…. जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ने वाले हैं….. अगर तुम जीत गए, तो मैं यहां दोबारा कभी नहीं आऊंगा…. और अगर तुम हार गए, तो मुझे अपनी जगह वापस मिल जाएगी…. "!

इतना कह कर प्रेम चोपड़ा ने अपना हाथ अपने लबादे में डाला और एक खून का नोटिस निकाला, जिसे उसने कन्हैया की खिड़की की चौखट पर फेंक दिया। नोटिस पर "मौत" शब्द को अलग अलग तरीके से कईं बार लिखा गया था, और सभी शब्द खून से लिखे गए थे। लेकिन क्योंकि नोटिस फोल्ड किया हुआ था। इसलिए कन्हैया उसे पढ़ नहीं पाया। कन्हैया ने उत्सुकता से उस नोटिस को उठाया और खोल कर देखने लगा, लेकिन जैसे ही उसने "मौत" शब्द देखा, तो वह प्रेम चोपड़ा के हत्या के इरादे को नज़रअंदाज नहीं कर पाया। उसके हाथ पैर ठंडे पड़ गए और उसका शरीर बुरी तरह से कांपने लगा। फिर उसे याद आया कि प्रेम चोपड़ा ने अभी-अभी जिंदगी और मौत की लड़ाई का जिक्र किया था, इसलिए वह हांफने लगा। लेकिन फिर उसने खुद को किसी तरह शांत करते हुए कहा

"अरे क्या बड़े भाई, यह कोई इतनी बड़ी बात नहीं है….. आपको मौत शब्द को इतने अलग अलग तरीकों से लिखने की क्या जरूरत थी….. मुझे तो एक बार में ही समझ आ गया…. वैसे इसे लिखने के लिए आपको अपने खून का इस्तेमाल क्यों करना पड़ा ?.... क्या आपको चोट नहीं लगी, दर्द नहीं हुआ ?”

कन्हैया की बातें सुन कर प्रेम चोपड़ा थोड़ा हैरान हो गया और उसने मन ही मन कहा

"मैं इसे जिंदगी और मौत की लड़ाई का नोटिस पकड़ा रहा हूं…. और यह मेरी चोट और दर्द के बारे में पूछ रहा है…. अजीब लड़का है… "!

मन ही मन इतना कहने के बाद प्रेम चोपड़ा ने अपने दाँत पीसते हुए कन्हैया कहा

"रसोइया बनने के लिए अगर मुझे थोड़ा खून भी बहाना पड़े, तो कोई बड़ी बात नहीं….. हम्फ! मैं पिछले कईं सालों से कंजूसी से जीवन जी रहा हूँ…. मैंने पिछले सात सालों से ऊर्जा पत्थर जमा किए…. तब जाकर मैं रसोई विभाग में जगह पाने के लिए शहर के भर्ती विभाग के अधिकारी को रिश्वत देने की रकम जुटा पाया…. सात साल….. सुन रहे हो…. और तुमने एक झटके में मेरी जगह ले ली…. हुंह… अब से तीन दिन बाद तुम्हारी मौत होगी, तभी ये दुश्मनी सुलझेगी…..

प्रेम चोपड़ा की बातें सुनने के बाद कन्हैया ने अपने अंगूठे और पहली उंगली के बीच खून के नोटिस को धीरे से उठाया और फिर उसे खिड़की से बाहर फेंकते हुए कहा।

"नहीं…. मुझे अफसोस है, की मैं तुम्हारी यह चुनौती स्वीकार नहीं कर सकता…. क्योंकि अगले तीन चार दिन मुझे बहुत काम है….. एक काम करो, तुम ना 5 साल बाद आना….. ठीक है, तब देखेंगे…… "!

यह सुनते ही प्रेम चोपड़ा गुस्से से आग बबूला हो गया, और उसने कहा

"ठहर कमीने, तेरी तो मैं…. "!

लेकिन इसके आगे वो कुछ कह पाता, उससे पहले ही अचानक उसे ज़मीन हिलती हुई महसूस हुई और उसे एहसास हुआ, कि उसके बगल में एक विशालकाय आदमी खड़ा है। यह कहना कठिन था कि बड़ा मोटू, गब्बर कितनी देर से वहाँ खड़ा था, लेकिन वह एक तरफ खड़ा था, और प्रेम चोपड़ा को बेरुखी से माप रहा था। फिर उसने कन्हैया की ओर देख कर प्यार से कहा

"नौवें मोटू…. आज तुम दूसरे भाई लोगों के साथ बर्तनों की सफाई के काम पर हो… जाओ उनकी मदद करो… "!

इतना कह कर बड़ा मोटू, गब्बर पलटा और उसने प्रेम चोपड़ा की ओर देख कर कड़क आवाज़ में कहा

"जहाँ तक तुम्हारी बात है, तो इस तरह हंगामा खड़ा करना बंद करो….. और चुपचाप अपनी तशरीफ का टोकरा लेकर यहां से दफा हो जाओ…. "!

इतना कहते कहते उसने अपनी करछुल को धमकी भरे ढंग से हवा में घुमाया, जिससे हवा का एक झोंका आया। और प्रेम चोपड़ा कई कदम पीछे हट गया। यह देख कर प्रेम चोपड़ा का चेहरा उतर गया। हालांकि वह बहस जारी रखना चाहता था, लेकिन बड़े मोटू, गब्बर के चेहरे पर गुस्सा देखकर उसने कन्हैया पर जहरीली नजर डाली और फिर वहां से चला गया। जैसे ही कन्हैया ने इसके बारे में सोचा, तो उसने मन ही मन कहा

"इस प्रेम चोपड़ा नाम के खलनायक का कुछ तो करना पड़ेगा…. क्योंकि जिस तरह से वो मुझे देख कर यहां से निकला है…. उसके हिसाब से, वो कभी भी फिर से सामने आ जाएगा…. और मुझे मारने की कोशिश करेगा…. इसलिए, इस हालत में सबसे अच्छी बात यही होगी कि रसोई विभाग में ही रहा जाए….. प्रेम चोपड़ा दोबारा यहां आकर परेशानी पैदा करने की हिम्मत नहीं करेगा…. "!

इसके बाद दिन बीतते गए और कन्हैया को धीरे-धीरे दिन के दौरान रसोई में काम करने और रात में दिव्य ऊर्जा नियंत्रण कला की साधना करने की आदत हो गई। हालाँकि, कन्हैया की साधना के परिणाम काफी धीमे थे। लेकिन आख़िरकार वह उस बिंदु पर पहुंच गया जहां वह चार सांसों तक सहन कर सकता था, लेकिन इससे अधिक नहीं, जिसकी वजह से कन्हैया बहुत निराश रहने लगा। एक विशेष रात को अपनी साधना के बीच में, उसने अचानक अपने मोटे बड़े भाइयों के बीच एक बड़ा हंगामा सुना।

"अरे सभी दरवाजें बंद करो… मैने कहा दरवाज़े बंद करो! जल्दी करो….. दूसरे मोटू सांभा, जाओ पीछे वाला दरवाज़ा भी बंद कर दो….. तीसरे मोटू कालिया, जाओ और देखो कि क्या कोई हमारी जासूसी कर रहा है ?.... जल्दी जाओ….. "!

यह सब सुन कर कन्हैया ने सदमे में पलकें झपकाईं। और अपनी पिछली गलती से सबक लेते हुए, वह खिड़की से बच गया, बल्कि इस बार वह दरवाजे की दरार से झाँकने लगा। उसने देखा कि आँगन के चारों ओर रसोई विभाग के मोटू भाइयों का एक झुंड इतनी तेजी से घूम रहा है। की उन्हें देख कर कन्हैया को ऐसा लगा कि वो सभी लगभग हवा में उड़ रहे है। यह देख कर कन्हैया की सांसे थम गई और उसे अपनी मौत दिखाई देने लगीं। आखिर क्या हुआ था रसोई विभाग में, और सभी मोटू भाई इधर उधर क्यों भाग रहे थे ?

क्या प्रेम चोपड़ा ने फिर से हमला कर दिया था ?

आखिर इस नई मुसीबत से कैसे निपटेगा कन्हैया, और कैसे बनेगा वो अमर ?

जानने के लिए सुनिए "Ayushman Bhava" का अगला एपिसोड, सिर्फ Pocket FM पर।

Chapter List: Previous

Chapter List: Next

Related Novels