"मुखिया जी, उस कन्हैया के बच्चे ने, मेरे सारे मुर्गों को मरवा दिया…. कहता है, ये मुर्गे सुबह सुबह उठ कर बांग देते हैं… जिससे उसकी नींद खराब होती है… "!
"और मेरी भैंसों के चारे में आग लगवा दी… कहता है, भैंसों के गोबर की वजह से बहुत मच्छर काटते हैं…. इसलिए चारे को जलवा कर धुआं कर रहा हूं… अब मै अपनी भैंसों को क्या खिलाऊं…. "!
"अरे ये सब तो कुछ भी नही है…. पिछले साल आप सबके सामने उसने मेरी बेटी की शादी अपने पालतू कुत्ते से यह कह कर करवा दी, की मेरी बेटी का पहला पति हादसे में मारा जाएगा…. फिर उसने सबसे कह दिया की जब तक उसका पालतू कुत्ता जिंदा है… तब तक कोई मेरी बेटी से शादी नही कर सकता…. अब वो कहता है, की उसका पालतू कुत्ता उसके बेटे जैसा है… इसलिए पिछले एक साल से हर रोज़ मेरी बेटी उसके घर की साफ़ सफ़ाई करती है, और उसका खाना बनाती है…. मानो जैसे उसकी नौकरानी हो…. "!
"मुखिया जी, आपको उस अफ़लातून कन्हैया का कुछ ना कुछ तो करना ही होगा…. पिछले तीन साल में उसने तीन सौ बार गांव वालों को परेशान किया है… आखिर ऐसा कब तक चलेगा… "?
हिमाचल की खूबसूरत वादियों और पहाड़ों के बीच बसा किन्नौर ज़िला का एक छोटा सा गांव देवगढ़ , जहां आज भी मॉडर्न टेक्नोलॉजी पूरी तरह से पहुंच नहीं पाई है। इस गांव में ना फ़ोन है ना टेलीविजन, क्योंकि यह भारत और चीन की सीमा से सटा भारत का आखिरी गांव है। और हिमालय की वादियों में बसे इस गांव तक पहुंचने में तीन दिन का समय लगता है। देश दुनिया की खबरों से दूर वैसे तो इस गांव में हमेशा शांति ही रहती है! लेकिन आज गांव में अशांति फैली हुई थी, और गांव के लोग चौपाल पर मुखिया जी के सामने अपनी शिकायतों का पुलिंदा खोल कर बैठे थे। भोले भाले गांव वाले, बिचारे अजीब दुविधा में थे! क्योंकि कन्हैया नाम का यह लड़का उनके गले की वो हड्डी बन गया था, जो ना तो निगलते बनती थी और ना ही उगलते। बहरहाल, सभी की शिकायते सुनने के बाद मुखिया जी ने कहा
"पता नहीं ऐसी ख़ुराफ़ातें उसके दिमाग में आती कहां से हैं…. आए दिन गांव में तूफ़ान मचाता रहता है…. आप लोग परेशान मत होइए….. बच्चा है धीरे धीरे सुधर जाएगा…. "!
यह सुन कर गांव वालों ने गुस्से में कहा
"नही मुखिया जी… हर बार आप यही कह कर टाल देते हैं… लेकिन इस बार आपको कुछ करना ही होगा….. आखिर आप उसे इस गांव से बाहर क्यों नहीं निकाल देते…. "!
गांव वालों की बातें सुन कर मुखिया जी ने कहा
"ये क्या कह रहे हैं आप लोग... हम कन्हैया को ऐसे ही गांव से बाहर नही निकाल सकते… आखिरकार कन्हैया इस गांव का बेटा है… और उसके पुरखों ने इस गांव को बसाया था… अगर इन बातों को नज़रंदाज़ भी कर दें, तो भी हमें यह तो सोचना ही होगा, की वो बिचारा अनाथ है…. तीन साल पहले उसके मां बाप गुज़र गए और तब से ही वो ऐसा हो गया है…. अब तो अगर वो खुद ही इस गांव से चला जाए, तो ही कुछ हो सकता है…. लेकिन समस्या ये है, की हम उसे इस गांव को छोड़ने के लिए मनाए कैसे…. "?
मुखिया जी की बात सुन कर गांव के एक नौजवान लड़के, गणेश ने कहा
"लो इतनी सी बात…. मुखिया जी, लगता है आप कन्हैया की ज़िन्दगी का मकसद भूल गए हैं…. बस उसका मकसद पूरा करने में उसकी मदद कर दीजिए, वो खुद ही गांव छोड़ कर चला जाएगा…. वैसे भी उस पर अमर होने का भूत सवार है… पिछले तीन साल से हर कुछ महीनो बाद अपनी धूप बत्ती जला कर बैठ जाता है…. कहता है धूप बत्ती की खुशबू से अमर साधु आएगा, और उसे अपने साथ लेकर जाएगा… "!
यह सुनते ही मुखिया जी ने बिगड़ते हुए कहा
"ये क्या उल्टी सीधे बातें कर रहे हो गणेश… अरे वो कन्हैया तो सिरफिरा है… आज के ज़माने में कोई अमर हो सकता है भला ? … किस्सों कहानियों में अच्छा लगता है… लेकिन सच में कोई अमर नही हो सकता "!
गणेश ने कहा
"अरे तो आपसे कौन कह रहा है, की आप उसे अमर बना दीजिए… आपको तो सिर्फ़ उसे इस गांव को छोड़ने पर मजबूर करना है…. वैसे, मेरे पास एक योजना है… बस आपको इसमें मेरा साथ देना होगा "!
इतना कह कर गणेश ने गांव वालों को एक ऐसी योजना बताई, जिसे सुन कर गांव वालों की आंखो में चमक आ गई। लेकिन मुखिया जी की आंखो मे उदासी नज़र आने लगी। अगले दिन सुबह के लगभग 7 बजे, गाँव के लोग अठारह उन्नीस साल के एक लड़के को विदा करने के लिए गाँव के बाहर इकट्ठा हुए। जिस लड़के को विदा किया जा रहा था, वह पतला और कमज़ोर लग रहा था, लेकिन उसका रंग स्वस्थ, गोरा और कुल मिलाकर आकर्षक था। और उसने एक साधारण हरे रंग का पहाड़ी लबादा पहना था, जिसे ज़ाहिर तौर पर इतनी बार धोया जा चुका था, कि वह लगभग घिस चुका था। लेकिन फिर भी उसके कपड़े पहनने के तरीके, चाल ढाल और उसकी आँखों की मासूमियत के कारण वह असाधारण रूप से तेज़-तर्रार लग रहा था। इस लड़के का नाम था, कन्हैया कश्यप !
गांव की सीमा पर खड़े कन्हैया ने पलट कर गांव वालों से कहा,
"गांव के सभी बुज़ुर्गों और मेरे दोस्तो, पिछले तीन सालों में, मैने इस गांव के लिए इतना कुछ किया है…. की अब मुझे यह गांव छोड़ने का मन ही नही कर रहा है…. वैसे मैं कोई एहसान नही जता रहा हूं…. आखिरकार आप सभी मेरे परिवार जैसे हैं… और परिवार के लिए मैं इतना तो कर ही सकता हूं…. लेकिन अब मुझे मेरी मंज़िल बुला रही है….. दरअसल मैं अमर साधना के बारे में जानने के लिए जा रहा हूं…. और पता नहीं वहां कितना समय लग जाए…. मैं जानता हूं, की इतने सालों से आप लोगों को रोज़ मेरा चेहरा देखने की आदत हो चुकी है… और आप मेरे बिना जी नही सकते…. लेकिन क्या करूं, जाना भी जरूरी है… !”
इतना कहते कहते कन्हैया के चेहरे पर थोड़ा दर्द भरा भाव आ गया, मानो वह अपने साथी गांव वालों से बिछड़ना बर्दाश्त नही कर पा रहा हो। लेकिन इससे पहले की कन्हैया अपना फ़ैसला बदले, गांव वालों ने एक-दूसरे से नज़रें मिलाई, फुर्ती से कंधे उचकाए, और फिर उसे जाते हुए देख कर दुखी होने का नाटक करने लगे। फिर मुखिया जी भीड़ से बाहर निकले और बोले,
"कन्हैया, जबसे तुम्हारे मम्मी पापा ने इस दुनिया को छोड़ा है, तबसे तुमने हमारी नाक में दम…. "!
मुखिया जी ने इतना कहा ही था, की अचानक उन्हें महसूस हुआ की वह क्या कहने वाले थे, इसलिए उन्होंने तुरंत बात को संभालते हुए कहा
"मेरा मतलब है…. तबसे तुम हमारी आंखों के तारे बन गए हो… और तुमसे बिछड़ना हमारे लिए भी बहुत मुश्किल है… लेकिन जो काम तुम करने जा रहे हो, वो भी ज़रूरी है… "!
यह सुनते ही कन्हैया, जाते जाते पलट कर वापस आ गया और मुखिया जी के गले लग गया। लेकिन फिर जब बहुत देर तक कन्हैया ने मुखिया जी को नहीं छोड़ा, तो उन्होंने ज़बरदस्ती कन्हैया को खुद से अलग करते हुए कहा,
"देखो, अमर होना हर किसी की किस्मत में नहीं होता…. लेकिन तुम पर किस्मत मेहरबान हुई है… इसलिए तुम्हे इस मौके को किसी भी कीमत पर खोना नही है…. खैर, अब तुम्हारे जाने का समय हो गया है…. जल्दी से जाओ नही तो देर हो जाएगी"!
यह सुन कर मुखिया जी के पीछे पीछे किसी और ने भी कहा
“हां हां बिल्कुल सही बात है… याद रखना कन्हैया, एक बार इस गांव को छोड़ने के बाद, तुम्हे कभी यहां वापस नहीं आना है…. क्योंकि तुम्हारा रास्ता हमेशा आगे की ओर ही रहेगा, पीछे नहीं!”
यह सुन कर कन्हैया की आंखों में दृढ़ संकल्प की झलक नज़र आने लगी। फिर उसने मुखिया जी और अन्य गांव वालो की तरफ़ देख कर गंभीरता से अपना सिर हिलाया और गांव से दूर चला गया। जैसे-जैसे वह दूर जाता गया, गांव वाले उत्साहित दिखने लगे और उनके निराशा भरे भाव खुशी में बदल गए। वहीं मुखिया जी की आंखो से आँसू बहने लगे और उन्होंने नम आंखों से मन ही मन कहा
"मुझे माफ़ करना कन्हैया की अम्मा, मैने तुम्हे दिया वादा तोड़ दिया…. लेकिन इस गांव की भलाई के लिए मुझे यह करना ही पड़ा…. "!
बहरहाल, गांव वाले कन्हैया के जाने से इतने खुश हुए की पूरा गांव खुशी के नारों से गूंजने लगा। कुछ लोगों ने घंटे-घड़ियाल और ढोल भी निकाल लिये और उत्साहपूर्वक उन्हे पीटना शुरू कर दिया। साथ ही सबने कहना शुरू कर दिया
"आखिरकार, हमारे अच्छे दिन आ ही गए!"
कन्हैया अभी भी गाँव के काफ़ी करीब था, और वास्तव में घंटियों और ड्रमों की आवाज़ सुन सकता था। लेकिन कन्हैया रुका नही, उसने अपना गला साफ़ किया और अपनी राह पर आगे बढ़ गया। ख़ुशी की धीमी आवाज़ के साथ, वह हिमालय के मणिरंग पर्वत की ओर बढ़ने लगा। हालांकि मणिरंग पर्वत बहुत ऊँचा पर्वत नही था, लेकिन यह घने जंगलों से भरा था। इसीलिए, इसके बावजूद कि सुबह हो चुकी थी, पेड़ों के नीचे अंधेरा और शांति थी। जंगल से गुज़रते हुए कन्हैया ने खुद से ही कहा
"गणेश ने मुझे बताया था, कि कल शाम को जब वह लकड़ियां लेने इस जंगल में आया था…. तब उसने मणिरंग पर्वत पर एक अमर साधु को देखा था, जो उससे मेरा पता पूछ रहा था… हो ना हो यह वही अमर साधु हैं, जिनके बारे में मम्मी ने मुझे बताया था… लेकिन उसे गणेश से मेरे बारे में पूछने की क्या जरूरत थी… यहां तक तो आ ही गया था… थोड़ा और नीचे आकर देख लेता तो क्या उसकी चप्पल घिस जाति… आलसी कहीं का…. ज़बरदस्ती मुझ से पहाड़ चढ़ने की मेहनत करवा रहा है…. "!
कन्हैया ने इतना कहा ही था, की अचानक उसे पास की झाड़ियों से सरसराहट की आवाज़ सुनाई दी। जिसकी वजह से कन्हैया घबरा गया, और उसने कांपती हुई आवाज़ में पूछा,
“कौन है? कौन है वहाँ ?!"
इतना कह कर उसने तुरंत अपने बैग में से चार कुल्हाड़ियाँ और छह छूरियाँ निकालीं, लेकिन इससे उसे ज़्यादा सुरक्षित महसूस नहीं हुआ, इसलिए उसने अपने पहाड़ी लबादे के भीतर से एक काली धूप बत्ती भी निकाली, फिर वह कांपते हुए चिल्लाया।
“बाहर आने के बारे में सोचो भी मत! मेरे पास कुल्हाड़ियाँ और छूरियाँ हैं…. और यह जो काली धूप बत्ती है, वह स्वर्ग से बिजलीयां बुला सकती हैं…. अगर तुमने अपना चेहरा दिखाने का साहस किया… तो सोच लेना, तुम पक्का मारे जाओगे…. "!
इतना कह कर वह मुड़ा और सरपट दौड़ता हुआ पहाड़ी रास्ते की ओर भाग निकला। लेकिन उसकी इस भागदौड़ में उसकी कुल्हाड़ियाँ और छूरियाँ ज़मीन पर गिरने लगीं, जिसकी वजह से खड़खड़ाहट की आवाज़ें हुई, और शायद जो कुछ भी झाड़ियों में सरसराहट कर रहा था, वह वास्तव में उससे डर गया और बाहर नहीं निकला। दूसरी ओर कन्हैया अपने माथे से पसीना पोंछते हुए तेज़ी से पहाड़ की ओर बढ़ने लगा। इस समय तक, उसका चेहरा पीला पड़ चुका था, और वह लगभग पहाड़ पर चढ़ने के इस पागल विचार को छोड़ने पर विचार कर रहा था, लेकिन फिर उसने उस काली धूप बत्ती के बारे में सोचा, जो उसके मम्मी पापा ने मरने से पहले उसे सौंपी थी। यह कन्हैया के पूर्वजों की निशानी थी, जो पीढ़ी दर पीढ़ी होते हुए कन्हैया के पास पहुंची थी। कन्हैया के मम्मी पापा ने उसे बताया था, की सैकड़ों साल पहले कन्हैया के पूर्वजों ने एक अमर साधु की काफ़ी सेवा की थी, और जाने से पहले उस अमर साधु ने यह काली धूप बत्ती उन्हें तोहफे में दी थी। साथ ही कश्यप वंश के एक सदस्य को अपने शिष्य के रूप में स्वीकार करने का वादा भी किया था। उसने जाते हुए कहा था, की केवल इस धूप बत्ती को जलाने भर से वह उनके पास आ जायेगा। हालांकि कन्हैया ने वास्तव में पिछले कुछ वर्षों में दस से भी अधिक बार यह धूप बत्ती जलाई, लेकिन फिर भी, कोई भी अमर साधु कभी नहीं आया। इसलिए धीरे धीरे कन्हैया को इस बात पर शक होने लगा था, की अमर साधु के बारे में जो कहानी उसके मम्मी पापा ने उसे सुनाई थी, वह सिर्फ एक कहानी ही थी या सच!
लेकिन आज आख़िरकार, उसने मणिरंग पर्वत पर चढ़ने का संकल्प लिया। क्योंकि एक तो वह धूप बत्ती को इतनी बार जला चुका था, की वह लगभग ख़त्म होने की कगार पर थी, और साथ ही गणेश ने उसे बताया था की एक अमर साधु उसे ढूंढ रहा है। इसलिए कन्हैया ने एक आखिरी उम्मीद के साथ कोशिश करने के बारे में सोचा। पहाड़ पर चढ़ते हुए कन्हैया ने खुद से ही कहा
"लगता है, वह अमर साधु इस पहाड़ पर किसी बर्फ़ की गुफ़ा में रहता है…. इसीलिए इतने सालों में धूप बत्ती की खुशबू उस तक नहीं पहुंची होगी…. लेकिन ये साधु पागल है क्या…. जब ऐसी बर्फ़ीली गुफ़ाओं में ही जिंदगी बितानी है…. तो फिर अमर होने का क्या फ़ायदा?…. बेवकूफ़ कहीं का….. खैर मुझे क्या, मुझे तो सिर्फ़ अमर होने से मतलब है…. ऊपर जाने के बाद मैं इस बचिकुची धूप बत्ती को जलाऊंगा…. ताकि उस अमर साधु के लिए धूप बत्ती की खुशबू को महसूस करना आसान हो जाएगा…. "!
इतना कहते कहते कन्हैया पहाड़ पर पहुंच गया। शुक्र है, पहाड़ बहुत ऊँचा नही था, और उसे शिखर तक पहुँचने में अधिक समय नही लगा, जहाँ वह हाँपते हुए रुक गया। उसने नीचे गाँव को देखा और उसके चेहरे पर एक इमोशनल भाव उभर आया। फिर उसकी नज़र उंगली के नाखून के आकार की काली धूप बत्ती के टुकड़े पर पड़ी। उस टुकड़े को देख कर साफ़ पता चल रहा था, की यह स्पष्ट रूप से कई बार जलाया गया है, और लगभग पूरी तरह से इस्तेमाल कर लिया गया है। बहरहाल, धूप बत्ती को देखते हुए कन्हैया ने कहा
"मम्मी, पापा… मुझे आशीर्वाद दीजिए…. मुझे कोशिश करते हुए तीन साल हो गए हैं… इस बार तो इस धूप बत्ती को अपना काम करना ही पड़ेगा!"
इसके बाद कन्हैया ने एक गहरी साँस ली, और फिर ध्यान से धूप बत्ती जला दी। जैसे ही उस धूप बत्ती की खुशबू हवा में फैली, तो अचानक तेज़ तूफ़ानी हवाएं चलने लगी और पलक झपकते ही आसमान में काले बादल छा गए। साथ ही भयानक बिजलीयां कड़कने लगी। इस पूरे नज़ारे को देख कर कन्हैया डर से कांपने लगा, और सोचने लगा कि कहीं बिजली गिरने से उसकी मौत ना हो जाए। क्या वाकई में उस धूप बत्ती की खुशबू से कोई अमर साधु वहां आने वाला था ?
अगर धूप बत्ती की कहानी झूठी थी, तो अचानक मौसम क्यों बदल गया ?
आखिर मुखिया जी ने कन्हैया की अम्मा से कौनसा वादा किया था, और कन्हैया के जाने से वो दुखी क्यों थे ?
क्या मणिरंग पहाड़ पर कन्हैया को कोई अमर साधु मिलेगा ?
जानने के लिए सुनिए "Ayushmaan Bhava" का अगला एपिसोड, सिर्फ Pocket FM पर।