कारागार प्रभारी बिरजू कल फटकार लगने के बाद कहीं नजर नहीं आया। कई अन्य लोग नील को जगाने और उस पर चमड़े का कवच डालने के बाद प्रशिक्षण स्थल में लाए। सुंदर नगर के शिष्य हमेशा की तरह प्रशिक्षण स्थल में सख्त प्रशिक्षण से गुजर रहे थे। वे अपने हाथों से पूरी ताकत से दीवार के के पास पत्थर मूर्तियों को पीट रहे थे। हर बार, जब वे पत्थर की मूर्ती पर प्रहार करते थे, तो एक विस्फोट की आवाज आती थीं, और पत्थर के कुछ टुकड़े हवा में बिखर जाते थे। वही अखाड़े के दूसरी तरफ खड़े प्रशिक्षण सहायक इस घटना को देखकर कड़वाहट महसूस कर रहे थे, जैसे कि उनके माता-पिता मर गए हों। यह वास्तव में, एक ऐसा जीवन जीना था जहाँ आप हर रोज पीटे जाएंगे, भला किस अर्थ का है? अक्सर, ऐसा होता था कि जब वे बिस्तर पर लेटते, तो घावों से ढके शरीर के साथ वे पूरी रात बिस्तर पर करवट बदलते रहते थे, लेकिन फिर भी उन्हें नींद नहीं आती थी। दुर्भाग्य से, उनके पास स्वतंत्रता नहीं थी, इसलिए उनके पास मार सहने के अलावा और कोई चारा नहीं था। तभी, प्रमुख आचार्य ने ऊंचे और सुरीले स्वर में चिल्लाया, "सावधान, प्रशिक्षण सहायक!"
सभी "प्रशिक्षण सहायक" अपने शरीर को सीधा रखते हुए एक व्यवस्थित पंक्ति में खड़े हो गए। "प्रशिक्षण सहायक" अच्छी तरह से जानते थे कि, मुख्य आचार्य का स्वभाव कैसा था। एक लापरवाह या छोटी सी गलती करने का मतलब था, कोड़े खाना। इसके अलावा, मुख्य आचार्य का चाबुक कोई साधारण चाबुक नहीं था। उससे चोट लगने के बाद शरीर से त्वचा का वो हिस्सा बाहर निकल जाता था। सभी शिष्यों ने अपना "प्रशिक्षण सहायक" चुना। नील को भी एक शक्तिशाली शिष्य द्वारा चुना गया था। इस शिष्य का नाम धीरज था। अन्य वंशज जिन्होंने धीरज को नील वायुपुत्र को चुनते हुए देखा, उन पर दया आ गई। वैसे तो धीरज की प्रतिभा औसत थी और वो अभी तक कोई कुण्डिलिनी चक्र भी जागृत नहीं कर पाया था। लेकिन, वो जबरदस्त शारीरिक शक्ति के साथ पैदा हुआ था। उसकी शक्ति मूलधार चक्र जागृत कर चुके योद्धा के बराबर थी। वो बहुत ही आक्रामक चरित्र का और थोड़ा हिंसक भी था। कई "प्रशिक्षण सहायक" को तो उसने पीट-पीट कर अपंग बना दिया था। धीरज ने अपने को हवा में मारकर, अपने शरीर को गर्म किया। उसने जब नील को देखा तो वो उत्साह भर गया। इन प्रशिक्षण सहायक को पीटने से उन्हें न केवल अपने शरीर को प्रशिक्षित करने में मदद मिलती थी, बल्कि अपना गुस्सा निकालने का मौका भी मिल जाता था। इसलिए, धीरज बेहद उत्साहित था। इससे भी बेहतर यह था कि आज उसका प्रशिक्षण सहायक सुन्दर नगर का पूर्व युवराज था। जब ये पूर्व युवराज, उससे रहम की भीख मांगेगा तो....... इसकी कल्पना ही उसे आनंदित करने के लिए पर्याप्त थी। धीरज को सामने देखकर नील की भौहें तन गईं। धीरज शारीरिक रूप से काफी मजबूत था। पिछली बार जब, उसने नील को पीटा था, तो उसे एक आंतरिक चोट लग गई थी, जिसे ठीक होने में आधा महीना लग गया था। हालांकि, तीन सालों तक मौत की कगार पर रहने के बाद, नील ने शांत रहना सीख लिया था। उसने जल्दी से खुद को शांत किया और अपने चमड़े के कवच की अच्छे से जांच की। तभी, धीरज उस पर झपट पड़ा। धीरज जिस युद्ध कला तकनीक का प्रशिक्षण लेता है, वो बहुत शक्तिशाली थी, जिसे ‘ऋषभ मुष्टिका’ कहा जाता है। चमड़े का कवच, केवल मुक्के की शक्ति को कम कर सकता है, पूरी तरह से ख़त्म नहीं कर सकता। इसलिए नील ने एक गहरी सांस ली और भारी मुक्के का सामना करने के लिए अपनी छाती को सख्त किया। बूम!
चमड़े के कवच ने हमले की शक्ति को काफी कम करने के बावजूद, उस हमले से नील के सीने में किसी भारी हथौड़े से ठोके जाने अहसास हुआ। नील ने तेजी से सांस लेना शुरू कर दिया। जिससे नुकसान को कम किया जा सके। ये तकनीक उन रहस्यों में से एक थी, जिसे नील ने पिछले तीन वर्षों से प्रशिक्षण सहायक बने रहने के दौरान सीखा था!
दुर्भाग्य से, धीरज का मुक्का बहुत शक्तिशाली था, इसलिए इस प्रयास के बाद भी नील को गहरी चोट आई। नील ने एक असहाय मुस्कान प्रकट की और फिर पीछे की ओर गिर गया। जमीन पर गिरते ही नील को चक्कर आने लगा। उसने सोचा कि इस मुक्के की शक्ति इतनी भयानक है कि उसे गंभीर आंतरिक चोट लग सकती है, लेकिन फिर उसे कुछ अजीब लगा, अब उसे रत्ती भर भी दर्द महसूस नहीं हो रहा था। दर्द महसूस करने के बजाय, उसने अपने सीने में एक अनोखी गर्म धारा को भी महसूस किया। जैसे ही गर्म धारा की ऊर्जा फैली, उसके शरीर ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। उसने महसूस किया जैसे उसका शरीर एक भूखा भेड़िया था, जो तेजी से गर्म धारा को निगल रहा था। गर्म धारा फिर उसके अंगों में फैल गई, जिससे उसका पूरा शरीर गर्म हो गया। उसे कोई दर्द महसूस नहीं हो रहा था। इसके विपरीत, उसे एक अत्यंत सुखदायक अनुभूति हुई।
"क्या चल रहा है?" नील अवाक रह गया, "क्या ये गर्म धाराएं, मेरे शरीर को साफ कर रही हैं?"
हालांकि नील वायुपुत्र को एक गुलाम बना दिया गया था, लेकिन वो कभी सुंदर नगर का युवराज था, इसलिए उसके पास इस बदलाव को समझने के लिए पर्याप्त ज्ञान था। ऐसी दवा मिलना दुर्लभ है जो किसी के शरीर को शुद्ध कर सके। सुन्दर नगर की दिव्य स्वर्गीय गोली जैसी अद्भुत औषधि ही व्यक्ति के शरीर को साफ कर सकती है, लेकिन दिव्य स्वर्गीय गोली जैसे दवा बेहद दुर्लभ और कीमती थी। उसके शरीर को साफ करने वाली गर्म धारा बिना किसी कारण के प्रकट हुई। नील वायुपुत्र कुछ देर तक जमीन पर पड़े-पड़े ही इस पर विचार करता रहा। लेकिन जल्द ही उसे कल रात की घटना याद आ गई।
"अपने शरीर को हथियार की तरह प्रयोग करो..."
उसे याद आया कि किस तरह लोहार हथियार को पीट-पीट कर मजबूत और संतुलित बनाता है जैसे कल उसे बार-बार पवित्र श्वेत अग्नि में तपाकर मजबूत बनाया गया था।
"क्या "शरीर को हथियार बनाने" का मतलब पिटाई करना हो सकता है?"
उसने भी महसूस किया कि अब उसका शरीर नश्वर स्तर के हथियार जैसा ही था। शीर्ष श्रेणी के हथियार को पूरी तरह से संतुलित होना चाहिए, क्या ये विचार सही नहीं है?
"इस तरह से पीटे जाने पर और भी गर्म धारा बनेगी, जो मेरे शरीर को शुद्ध करने में मदद करेगी! इस तरह से पिटना तो दिव्य स्वर्गीय गोली खाने के बराबर है!"
नील का दिल उत्साह से कांपने लगा।
अपने विचार का परीक्षण करने के लिए नील वापस उठ गया। इस बार भी उसे कोई चोट नहीं लगी, इसलिए वो फिर से धीरज के मुक्के खाने लगा, लेकिन साथ ही उसने ऐसा अभिनय किया जैसे उसे बहुत ज्यादा दर्द हो रहा हो। नील बार-बार चोट के कारण गिरता, और फिर जल्दी से खड़ा होने की कोशिश करने लगता। धीरज ने अपने चेहरे पर एक अजीब सा भाव प्रकट किया, जब उसने नील को बार-बार उठते देखा। उसने तो सोचा था कि इतनी मार खाकर नील अपंग हो जाएगा। लेकिन नील, मार खाने के बाद खड़े होने में कामयाब हो जाता था, इससे धीरज को बड़ी शर्मिंदगी महसूस हुई।
"तुम मार खाने में बहुत अच्छे हो! लेकिन अब मेरा अगला मुक्का खाकर दिखाओ!"
ऐसा कहते ही धीरज ने सीधे नील को एक और मुक्का मारा। उस मुक्के की शक्ति से नील फिर से उड़ गया, और दो मीटर दूर जमीन पर लुढ़क गया, जैसे कि वो रेत का बोरा हो। फिर भी वो बहुत अच्छा महसूस कर रहा था। पिछली बार जब उसे मुक्का मारा गया था, तब एक गर्म धारा उसके शरीर में फ़ैल गई थी, वो इस बार फिर से दिखाई दी। एक गर्म धारा छोटे सांप की तरह, उसके अंगों में घुस गया, और फिर उसके उसके मूलाधार चक्र से होते हुए, उसके अंगों को साफ और मजबूत करने लगी।
"ये अद्भुत अहसास है।"
नील ने महसूस किया जैसे वो गर्म गुनगुने पानी से स्नान कर रहा था। उसके पूरे शरीर में एक सुखदायक ऊर्जा महसूस हो रही थी। जितनी ऊर्जा उसके शरीर में आगे बढ़ी, उसे उतना ही हल्का महसूस हुआ।
"मरो!"
बूम!
"देखते हैं कि तुम कबतक मेरे मुक्के को झेल सकते हो!”
धीरज किसी पागल की तरह नील को पीट रहा था। बूम!
लेकिन उन मुक्को से मिल रही ऊर्जा ने, नील के शरीर की पवित्रता को और बढ़ा दिया। धीरज, मूल रूप से, नील के लिए कड़ी मेहनत करने वाला एक लोहार था, जो नील को गुस्सा दिलाने के लिए अपने मुक्के का उपयोग कर रहा था। लेकिन अफ़सोस, नील तो उल्टा इससे और भी खुश हुआ। धीरज उसे काफी देर पीटने के बाद आखिरकार रुक ही गया और नील को देखते हुए हांफने लगा। इस घटना से वो पूरी तरह से चौंक गया, क्योंकि उसने सुना था कि नील, मार खाने में बहुत अच्छा है। लेकिन उसने कभी नहीं सोचा था कि नील इतना दृढ़ होगा, और इतने मुक्के खाने के बाद भी वापस उठने में सक्षम होगा। धीरज को इस बात का अंदाजा नहीं था कि भले ही नील का शरीर इस समय कमजोर लग रहा था, जैसे कि वो बुरी तरह से घायल है, लेकिन वो सब नील का नाटक था। वास्तव में, नील शक्ति से भरा हुआ महसूस कर रहा था और गर्म धारा द्वारा शरीर को साफ करने की अद्भुत भावना का आनंद ले रहा था। जिस भी "प्रशिक्षण सहायक" ने ये दृश्य देखा, उसने सोचा कि नील एक मूर्ख है। उन्होंने सोचा कि अगर वो नहीं उठ पा रहा था, तो उसके लिए यही अच्छा होगा कि वो उठने की कोशिश ही न करे। कम से कम इस तरह, उसे वापस भेजा जा सकता था और एक दिन आराम करने का मौका मिल सकता था। इस तरह से मार खाने के लिए बार-बार उठना, मूर्खता से ज्यादा कुछ नहीं था। उन्होंने सोचा, "इतने समय तक प्रशिक्षण सहायक रहने के बाद, क्या उसे मार खाने की लत लग गई है?"
आखिरी बार गिरने के बाद नील नहीं उठा। वास्तव में, वो रुकना नहीं चाहता था, क्योंकि इस पिटाई से उसके शरीर के अशुद्धियों की सफाई हो रही थी! लेकिन, अगर वो इस तरह से बार-बार उठता रहेगा तो बाकी लोग उस पर शक कर सकते हैं। ऐसे में, उसने फैसला किया कि अगली पिटाई के लिए वो कल तक इंतजार करेगा। धीरज ने देखा कि नील अब उठने में कामयाब नहीं हो पा रहा है, तो उसने राहत की सांस ली। यदि वो फिर से उठ जाता, तो धीरज को बड़ी शर्मिंदगी उठानी पड़ती। शाम के वक्त, नील लंगड़ाते हुए वापस तहखाने में चला गया। लेकिन जब सुंदर नगर के नौकरों ने तहखाने का दरवाजा बंद कर दिया, तो वो मुस्कुराया और तुरंत अपनी सामान्य अवस्था में आ गया। तभी नील को कुछ याद आया, जिससे वो हैरान रह गया। “ऐसा कैसे हो सकता है?”
तो क्या होगा आगे? क्या हो रहा है नील के साथ और उसके शरीर में किस तरह के बदलाव आये है? क्या ये नील के लिए मददगार साबित होगा या फिर नुकसानदेह? जानने के लिए आगे के Chapters पढ़े.......